Sunday, August 2, 2015

तेरे जैसा यार कहाँ, कहाँ ऐसा याराना!



कुछ लोगों के लिए TVS कंपनी का नाम है, पर मेरे लिए ये हमारी दोस्ती की पहचान है। कुछ लोगों के लिए दोस्ती स्कूल-कॉलेज तक का साथ है, पर मेरे लिए ये उम्र भर का जश्न है। कुछ लोगों के लिए दोस्ती चंद लम्हों में शुरू और खत्म होने वाली है, पर मेरे लिए चंद लम्हें में भी हज़ारों पल जी लेने जैसी है। ऐसा नहीं है की मेरी दोस्ती परफेक्ट है, पर मेरी दोस्ती को परफेक्शन चाहिए भी कहाँ, उसे तो सिर्फ अच्छे दोस्त चाहिए थे। सिर्फ अच्छे दोस्त। परफेक्शन तो खुद-ब-खुद आ जाती है। और मुझे ऐसे ही दोस्त मिले, जिनसे मिलकर जाना की याराना सिर्फ फिल्मों में नहीं होता, क्योंकि 'तेरे जैसा यार' इस जहाँ में भी होता है। तो आज मेरी कलम उन दोस्तों के नाम चलेगी जिसकी दोस्ती को मैंने तो खुदा माना है। 
बचपन की गलियों से स्कूल के बरामदे तक, दोस्ती का पहला सिलसिला वहीँ से शुरू हो जाता है। जब हम अपना नाम भी तोतला के बोलते है, तब से हम कुछ नाम को अपना दोस्त बना लेते है। क्रिकेट कार्ड जमा करने और मैदान में चौके-छक्के मारने से दोस्ती पक्की होती है, और स्कूल बदलते वो दोस्त भी पीछे छूट जाते हैं। पर सालों बाद अविनाश या शाहिद जब फ़ोन कर गालियां देता है, तो पुरानी दोस्ती का ताज़ा एहसास होता है। हालाँकि मनीष जैसे दोस्त उसे कभी पुराना भी नहीं होने देते। स्कूल की अंतिम क्लासेज में दोस्ती का चैप्टर भी पढ़ लेते हैं, और आशीष जैसा दोस्त हमेशा के लिए किताब के पन्नों में समा जाता है।
पर जैसे चाय के लिए टोस्ट होता है, वैसा वाला फ्रेंड कॉलेज में मिलता है। क्योंकि यहाँ बने हर 'अच्छे' दोस्त लाइफटाइम वैलिडिटी के साथ ज़िन्दगी में आते है। सभी स्कूल वालों से टच में रहना नहीं होता, सभी प्रोफेशनल वालों से पर्सनल नहीं हुआ जाता। इसलिए कॉलेज के टाइम की दोस्ती सच्चे दोस्त की पहचान भी करा जाती है। ज़िन्दगी भर का साथ निभा जाती है। ऐसा ही एक नाम TVS भी है। TVS यानी Tausif-Vineet-Sourabh.
कोई नहीं सोच सकता है की कॉलेज के पहले दिन, पहले मिनट में जो तीन लोग एक दूसरे से नाम पूछे वो 9 सालों बाद भी इतने अच्छे दोस्त हो सकते है। पर ऐसा होता है, जब आप दोस्ती की कीमत जानते हो। हम कभी-कभी बात करने वाले वो दोस्त है, जो घड़ी-घड़ी एक-दूसरे को याद करते रहते है। और सोचते रहते हैं की तेरे जैसा यार कहाँ, कहाँ ऐसा याराना!
मैं मानता हूँ कि ज़िन्दगी ही एक याराना है, इसीलिए यहाँ दोस्त मिलते रहते है। और दोस्ती का फ़साना एयरटेल की धुन की तरह होता है, Hi buddy.... bye buddy, Joke buddy poke buddy, Gaana buddy shaana buddy, Kutte ...... kamine Everybody... sab buddy A to Z… Kyonki har ek friend zaroori hota hai…
रूठना-मनाना -लड़ना-झगड़ना और फिर भी friend forever रहना ऐसी दोस्ती भी देखी है Nutz के साथ। राग-दोस्ती सीखा है देवेशी के साथ। शिल्पा, मिश्रा, योगी, सुरुचि, संयुक्ता सबसे दोस्ती का कोई न कोई मतलब समझा है। कॉलेज के बाद ऑफिस के चिल्लम-चिल्ली में भी वेद सर-रियाज़ जैसे लोग सीनियर कलीग नहीं दोस्त बन गए।
पर अगर दोस्ती ज़िन्दगी का एक तोहफा है तो उस दोस्ती का भी सबसे बड़ा तोहफा या इनाम मुझे मिला है। जिस वक़्त लोग दोस्ती भी तोल-मोल के करते हैं, उस दौर में एक दोस्त के रूप में मुझे ज़िन्दगी भर का साथ मिला है। आत्रेयी से शादी को 2 साल हुए हो, पर उससे दोस्ती का रिश्ता 9 साल पुराना है, और ये रिश्ता ताउम्र का है। इसीलिए हम आज भी पति-पत्नी से पहले एक दूसरे के सबसे अच्छे दोस्त हैं। यही इस रिश्ते की ख़ूबसूरती है। मेरी दोस्ती को सात जन्म के साथ में बदलने के फैसले में आत्रेयी का विश्वास मुझे भी यकीन दिलाता हैं की मैं अच्छा दोस्त हूँ।
अगर किसी ने कहा है की जन्म से मरने के बीच इस जहाँ में सिर्फ दोस्ती ही एक रिश्ता है, जिसे हम अपने लिए खुद चुनते हैं तो बिल्कुल सही है। बाकी रिश्ते तो ऊपर वाला तय कर देता है, पर दोस्त हम खुद बनाते है, इसीलिए दोस्ती खास होती है। हर कोई दोस्त नहीं होता, पर जो होता है, वो सबसे खास रहता है। और मेरी ज़िन्दगी में बहुत तो नहीं पर ऐसे कुछ खास लोग तो ज़रूर हैं, जिनके कारण मैं गर्व करता हूँ की दोस्त हो तो मेरे दोस्तों के जैसे, वरना न हो !!!
जाते-जाते मेरे सभी दोस्तों को दोस्ती का ये एक दिन नहीं, पूरी ज़िन्दगी मुबारक हो।




4 comments: