Sunday, August 23, 2015

भारत की कूटनीतिक जीत या एक ऐतिहासिक भूल ?



पाकिस्तान बातचीत से भाग गया या फिर भारत ने कूटनीतिक तौर पर वो माहौल बना दिया जिससे पाकिस्तान को भागना पड़ा, वजह कुछ भी रही हो पर परिणाम रहा की भारत-पाकिस्तान के बीच सुरक्षा सलाहकार स्तर की वार्ता रद्द हो गयी। और दोनों मुल्कों के रिश्तों में डायलाग से पहले क्लाइमेक्स आ गया। भारत उफ़ा के संयुक्त मसौदे के तहत सिर्फ आतंकवाद को एजेंडा रखना चाहता था, और पाकिस्तान कश्मीर के साथ अलगाववादियों को अपने एजेंडे से हटाने को तैयार नहीं था। पाकिस्तान रॉ के खिलाफ डोसिएर दिखा रहा था, सुषमा स्वराज जिन्दा सबूत के साथ तैयार थी, दावूद के पाकिस्तान में होने के पुख्ता सबूत के साथ पड़ोसियों को पानी-पानी करने को बेताब थी। यही कारन था की मोदी सरकार की कूटनीति का सामना करने की बजाए पाकिस्तान को बातचीत से परहेज़ करना ज़्यादा पसंद आया। कूटनीतिक मंच पर पाकिस्तान फिर पस्त हो गया, पर शायद भारत भी जीत जाता अगर उसकी नीति कूटनीति की जगह कार्रवाई होती। शायद भारत ने एक बड़ा मौका खो दिया ! दुनिया की नज़रों में पाकिस्तान को गुनहगार साबित करने के लिए शायद एक ऐतिहासिक भूल कर दी।
1993 बम धमाके का सबसे बड़ा आरोपी और भारत के साथ दुनिया में मोस्ट वांटेड दावूद इब्राहिम पाकिस्तान में है, उसे पाकिस्तानी सरकार के साथ वहां की आर्मी का संरक्षण प्राप्त है… ये बात पिछले दो दशक से भारत चीख-चीख कर बता रहा है, और हर मंच पर पाकिस्तान इन आरोपों को सिरे से खारिज करता रहा है। पर 22 सालों में पहली बार भारतीय ख़ुफ़िया एजेंसी और भारतीय सरकार के पास दावूद के पाकिस्तान में होने के सबसे पुख्ता सबूत थे। पाकिस्तान में दावूद के ठिकाने और उसकी ठाट और पाकिस्तानी संरक्षण के सभी प्रमाण थे। फिर भारत की सरकार ने आखिर उन सबूतों का इस्तेमाल सिर्फ कूटनीतिक फतह के लिए क्यों किया ? क्यों वार्ता से पहले पाक पर दबाव बनाने के लिए वो सबूत मीडिया के जरिये लीक हुए ? क्यों नहीं भारत ने दावूद के साथ वही किया जो अमेरिका ने ओसामा के साथ किया था ? क्यों नहीं अमेरिका के एबटाबाद की कार्रवाई को हमने कराची में दोहरा दिया ? अगर अमेरिका आतंकवाद के खात्मे के लिए दुनिया की परवाह किये बगैर दूसरे देश में घुस कर कार्रवाई कर सकता है, तो उसी देश में भारत कार्रवाई करने की क्यों नहीं सोच पाया ?

मैं भी उन लोगों में से हूँ, जो मानता हूँ की भारत इस वक़्त युद्ध नहीं चाहता, और उसे युद्ध के मैदान में जाने की आशंकाओं को खत्म करना चाहिए। पर इसका ये मतलब भी नहीं की हमारा सबसे बड़ा दुश्मन हमारे पड़ोस में बैठा रहे और हम उसका पता देख कर दुनिया में ढिंढोरा पीटते रहे, या नापाक मंसूबों को बर्दाश्त करते रहे। ये बर्दाश्त करने की हद ही है की दावूद के बाद अफजल, अजमल, हाफिज और नावेद आते गए। पर आगे कोई भारत को आँख दिखाने की ज़ुर्रत भी न कर सके, इसके लिए ऐसी कार्रवाई की दरकार है, जो मौका हमारे हाथ में आकर चला गया। दावूद को पाकिस्तान में ही घुसकर अंडरकवर मिशन के तहत मारने के बारे में भारत ने क्यों नहीं सोचा। भारत को क्या इस बात का डर था की ये पाकिस्तान के आंतरिक मामले में दखलंदाज़ी होता। अगर ऐसा है तो अमेरिका ने ओसामा के वक़्त ऐसा नहीं सोचा था। या फिर भारत को डर था की ऐसी कार्रवाई के बाद दुनिया भारत के बारे में क्या प्रतिक्रिया देगा, कहीं परमाणु परिक्षण के बाद प्रतिबंधों वाली स्तिथि तो पैदा नहीं हो जाएगी। पर अमेरिका ने जब पाकिस्तान में घुसकर ओसामा का खात्मा किया था तो उसपर अंगुली उठने के बजाए उसकी ताकत में ही इज़ाफ़ा हुआ था, और पाकिस्तान ही बेपर्दा हुआ था। यहीं नहीं दुनिया भर में अपनी पोलिसिंग और सैन्य ताकत के लिए चर्चित इसराइल की खासियत और उसकी ताकत भी इसी वज़ह से है की वो अपने दुश्मन का खत्म करने के लिए सरहद नहीं देखता। फिर भारत सरकार को किस बात की चिंता थी। पुख्ता प्रमाण था, जो किसी भी कार्रवाई को सही साबित कर देता, वो सक्षम सेना है जो किसी भी हालात के लिए तैयार रहती है, वो प्रधानमंत्री है जो कम से कम ऐसी स्तिथि में सीना तान के खड़े रह सकता है।  फिर भी भारत अमेरिका जैसी हिम्मत नहीं जुटा पाया। और दावूद को पाकिस्तान में अपना ठिकाना बदलने का मौका दे दिया। खबर है की पाक आर्मी ने दावूद को कराची से आईएसआई के किसी सुरक्षित ठिकाने में शिफ्ट कर दिया है।

यानि दावूद को हमने एक और बार भागने का मौका दे दिया। बातचीत के मंच से पहले पाकिस्तान को शर्मिंदा कर हम छोटी लड़ाई जीत गए, पर शायद बड़ी जीत हाथ से फिसल गयी। अब न जाने फिर ऐसा मौका कब आएगा। न जाने फिर दावूद के पाकिस्तान में मौजूदगी के इतने पुख्ता प्रमाण के लिए और कितने साल का इंतज़ार करना पड़ेगा। न जाने फिर ऐसा मौका आएगा भी या नहीं।