Sunday, July 31, 2016

मीडिया को मंदिर का घण्टा किसने बनने दिया ?



पहले सिर्फ़ दूसरे बजाते थे, आज खुद ही एक दूसरे की बजा रहे है । ये मीडिया नहीं मंदिर का घण्टा हो गया है, सब बजा रहे हैं, पर उसकी जो गूंज दूर तलक सुनाई देगी, उसे कोई सुन नहीं रहा । जो टीवी पहले एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ में कभी दूसरों को नंगा करता था, उसी चैनलों पर अब एक दूसरे को नंगा किया जा रहा है । ये पहली बार है जब न्यूज़आवर में सवाल मीडिया मीडिया बिरादरी से हो रहा है, प्राइमटाइम में मीडिया का काला पन्ना दिखाया जा रहा है और चैनल आम लोगों को राष्ट्रभक्ति का सर्टिफिकेट बाँटने के बाद मीडिया वालों के चेहरे पर भी सर्टिफिकेट चस्पा रहे हैं । ये पहली बार साफ़ दिख रहा है की मीडिया लोकतंत्र का नहीं सरकार का लंगड़ा पाया है, जिसमे सरकार के समर्थन और खिलाफ ने उसकी कमर तोड़ दी है।
एबीपी कांग्रेसी है, एनडीटीवी वामपंथी, आजतक मोदी विरोधी- इंडिया टीवी सरकार की साथी है, ज़ी न्यूज़ स्वघोषित राष्ट्रवादी है, टाइम्स नाउ सरकार की साथी है । बहुत बुरा लगेगा सुनकर लेकिन 24 घंटे वाले देश के ये बड़े टीवी चैनलों के आज की आम धारणा यही होती जा रही है । शायद इसका प्रमाण है की जब कहीं कोई ब्रेकिंग न्यूज़ आती है या कोई मुद्दा बड़ा बनता है तो चैनलों पर एंकर ऐसे आक्रमक हो जाते है जैसे पार्टी प्रवक्ताओं की ज़रूरत ही न हो । सरकार को फंसाने और बचाने के लिए प्रवक्ताओं से पहले एंकर की फ़ौज़ तर्क-वितर्क शुरू करते है । पूरा सच इसीलिए अब कोई नहीं बताता, सब मनचाही बात बताते हैं ।
पिछले कुछ वक़्त में मीडिया की साख, उसकी विस्वस्नीयता, उसकी ताकत सब का चीरहरण हुआ है, और अफ़सोस ये भी मीडिया ने ही किया है । मुझे ये बोलने में रत्ती भर भी संकोच नहीं की ये सबकुछ मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद हुआ । पर ये भी सच है की इसमें मोदी जी या उनकी सरकार का कोई दोष नहीं । बल्कि न जाने क्यों आज मीडिया के मायने ही बदल गए है । उसके कॉर्पोरेट बॉसेस ने मीडिया के लिए दो ही रास्ते रखे है,  सरकार के साथ या उसके खिलाफ । तटस्थ, अनबायस्ड या निष्पक्ष को सिर्फ टैगलाइन तक के इस्तेमाल में सीमित कर दिया गया है । जिसका नतीजा है कि मीडिया अब सिस्टम से नहीं दूसरे मीडिया वालों से सवाल करने लगी है । शायद इसीलिए अब मीडिया वाले खुद सुर्ख़ियों में रहते है, कभी लड़कर, कभी मरकर । वो वक़्त और था जब इमरजेंसी के दौरान भी इंदिरा सरकार की चूल हिलते रहे इसलिए पाबंदी के बावजूद कई अख़बार समूह चोरी-छिपे अख़बार छपने वाली कागज़ इंडियन एक्स्प्रेस तक पहुंचाते थे । आज की हकीकत बस एक दूसरे को लंगड़ी मारने की है । देखिएगा आज एक दूसरे को मार रहे है, कल को छुटभैये भी दो पैसे का नहीं समझेंगे । आज भी कोई नेता कुछ भी कर आरोप मीडिया पर मढ़ जाता है की, उसने बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया, जो हुआ सब मीडिया की कारस्तानी है वगैरह-वगैरह, और हम चुपचाप सुन लेते हैं । हमारी कार्यशैली के कारन नेपाल में जब भूकंप के बाद बचाव कार्य चलता है तो "इंडियन मीडिया गो बैक" का नारा चीत्कार से ज़्यादा सुनाई देता है ।
सरकार का साथ और विज्ञापन के साथ पूँजी मीडिया की बुनियादी ज़रूरत है, इससे इंकार नहीं । पर मीडिया की ताकत साष्टांग या खिलाफत से नहीं है । मीडिया क्या कर सकती है इसके उदाहरणों से हमारा अतीत भरा पड़ा है । मीडिया का काम खबर पहुँचाना सच दिखाना है । सरकार को जबरदस्ती ज़लील करना या राष्ट्रभक्ति का सर्टिफिकेट बाँटना नहीं । ये खतरे की घंटी है। क्योंकि मीडिया की जिम्मेदारी बड़ी है । नासमझी जारी रही तो लोकतंत्र खतरे में होगा ।
"समर शेष है, नहीं पाप का भागी केवल व्याघ्र
जो तटस्थ हैं, समय लिखेगा उनका भी अपराध ।"
राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर ने ये बातें मीडिया के लिए नहीं कही थी, ये समझना होगा । निष्पक्षता ही उसका गहना है ये जानना होगा, वरना। मीडिया मंदिर का घण्टा होगा, जो चाहेगा बजा देगा ।