Friday, March 27, 2015

ऐसे तो राम कभी नहीं मिलेंगे…



जिस सभ्यता में आज भी हर नर में राम और नारी में सीता दिखती हैं, उस समाज में राम की खोज चलती रहती है। जन्म लेते बच्चे में हम मर्यादा पुरुषोत्तम ढूंढते हैं और राम नाम सत्य है कहते मृत्यु को पा जाते हैं, पर राम की तलाश न खत्म होती है न राम कहीं मिलते हैं। क्योंकि अयोध्या से रामेश्वरम तक राम की पूजा काम और उनके नाम का इस्तेमाल ज़्यादा होता है। बिन रावण को मारे राम नाम की लूट ज़्यादा मचती है। एकता वाले देश में बंटवारे की वकालत होती है, और खिलाफत करने वालों की हत्या होती है। रामराज्य की चाहत रहती है और राम के नाम पर विध्वंश-सियासत सब जायज़ लगती है।  राम नाम की लूट जारी रहती है। राम-राम कह कर दूसरों को कोसा जाता है, पर राम-राम कहकर अब कोई गले नहीं मिलता। दूसरों का  लंका-दहन हर कोई चाहता है, पर सुन्दर काण्ड की ख्वाइश कहीं नहीं दिखती। राम को मर्यादा की मूरत मानते हैं, लेकिन मर्यादा की लक्ष्मण रेखा नहीं समझते हैं। राम का धर्म नहीं जानते हैं फिर भी उन्हें मज़हब के तराज़ू में टटोलते हैं। खुद के घर सीता की सोच रखते है और दूसरे आँगन की सीता पर काली नज़रें रखते हैं। मुँह में राम बगल में छुरी का मंत्र जपते हैं। करुणा नहीं क्रूरता का भाव रखते हैं। रामचरितमानस का पाठ पढ़ाते हैं पर उसका सार नहीं समझते हैं। राम के सुंदरता की आकृति उकेरते हैं, पर उनकी सौम्यता समझ नहीं पाते है। मन में रावण रखते हैं, और राम को ढूंढने में लगे रहते हैं। इसीलिए राम ऐसे नहीं मिलते हैं। 
इसी पर जावेद अख्तर ने लिखा था : "राम तो करुणा में हैं, शान्ति में राम हैं।  राम ही एकता में हैं, प्रगति में राम हैं। राम बस भक्तों नहीं शत्रु की चिंतन में  हैं। देख तज के पाप रावण राम तेरे मन में हैं।  राम तो घर घर में हैं, राम हर आँगन में हैं। मन से रावण जो निकाले राम उसके मन में हैं। "
और कभी मैंने लिखा था "राम एक सोच नहीं संस्कृति हैं, जो कविता के पंक्तियों में बहते चले गये, इस बात से बिल्कुल बेपरवाह की स्याही चलाने वाले तुलसी हैं या कबीर, हिन्दू हैं या मुसलमान। " क्योंकि राम किसी पंथ विशेष के भगवान नहीं हैं, वो तो करुणा, शांति, प्रगति, त्याग, मर्यादा, भाईचारगी, और इंसानियत के खुद एक धर्म हैं। राम ऐसे ही हैं, जैसा उनके नाम का मतलब समस्त ब्रह्माण्ड को सुख देने वाला धाम- राम। राम मन से रावण निकाल कर ऐसे ढूँढिये तो शायद आपके राम भी मिल जायेंगे।
जय श्री राम !!!

Thursday, March 26, 2015

सपना टूटा है, मोह तो भंग नहीं हुआ ना...



पता नहीं आज जो मैं महसूस कर रहा था, क्या वही देश के 125 करोड़ लोग भी वही महसूस कर रहे थे। क्या उनके दिलों की धड़कन भी गेंद की रफ़्तार से तेज़ दौड़ रही थी। क्या उनका मन भी हर बीतते वक़्त के साथ मायूस हो रहा था, और क्या इन सबके बीच उनका भी एक सपना चकनाचूर हो गया। वो लम्हा खेल का हिस्सा था, लेकिन मैं क्रिकेट को धर्म मानने वाले देश का वो भक्त था जिसे जीत से कम कुछ और मंज़ूर नहीं था। जो हर विश्व कप में टीम इंडिया को विजेता की तरह देखना चाहता है, फिर चाहे बात 1996 की हो, 2003, 07, 2011, 2015 या 2051 ही क्यों न हो। इसीलिए ये हार हम जैसे लोगों के लिए, उनके दिलों-दिमाग के लिए राष्ट्रीय त्रासदी जैसी है। और यही वजह है ऑस्ट्रेलिया से ये हार एक टीम की नहीं बल्कि मुझे मेरी हार लग रही है।

पर भावनाओं से इतर, इस हार में भी दिल उन जांबाजों को सलाम करता है, जिसने हममें एक उम्मीद जगायी, ये एहसास दिलाया की 2011 कोई इत्तेफ़ाक़ नहीं था। भारत का विश्व-विजेता बनना कोई संयोग मात्र नहीं था। पर वर्ल्ड कप से पहले जो टीम मैच दर मैच हार का हश्र देख रही थी, उस टीम के सेमी-फाइनल में पहुँचने की बात चमत्कार से कम नहीं थी। पर बिना सचिन-सहवाग -युवराज वाली टीम में भी धौनी ने नयी जान फूंक दी। टीम को बदल कर रख दिया। और विदेशी पिच पर ढेर होने वाली वही टीम शेर की तरह विरोधियों का शिकार करती गयी। बॉलिंग हो बैटिंग या फील्डिंग हर क्षेत्र में टीम का हर खिलाड़ी विजेता की तरह खेला और जीतता गया। दुनिया धौनी के कप्तानी की कायल होती गयी। पर इस खेल में जीतता वही है जो उस दिन बेस्ट हो।  और सेमी-फाइनल में यहीं टीम इंडिया मात खा गयी। ऑस्ट्रेलिया ने भारत से बेहतर खेल दिखाया, और भारत पीछे छूट गया। हार की कई वजहें हो सकती है, कई तरह से सपनें के टूटने का पोस्टमोर्टेम हो सकता है। हार के कई गुनहगार हो सकते है। पर ये बेकार की डिबेट होगी। इस टीम में जोश था, जूनून था, जीत का जज़्बा था, बस अनुभव की कमी थी। विराट जीत या शिखर पर बने रहने के लिए अनुभव की दरकार होती है, और और इतने बड़े मैच में वही कमी रह गयी। टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी धौनी ने अंत तक संघर्ष किया, पर मैच का रुख पलटना उस एक के वश में नहीं था। इसलिए टीम हार गयी, सपना टूट गया। पर टीम विजेता की तरह रही, इससे इंकार नहीं। इसीलिए इस हार पर बीच चौराहे टीम की धज्जियां उड़ाने का वक़्त नहीं है, फेसबुक, व्हाट्सएप्प पर इसका मजाक बनाने वक़्त नहीं है न ही इस हार को भावनाओं के तराजू में तौलने का वक़्त है। ये बस एक बुरा दिन था, जब हमारा एक ख़्वाब टूट गया। दिल मेरा भी टूटा। पर इस टीम से, इस खेल से और इंडिया से साथ नहीं छूटा है। क्योंकि ये टूटा दिल आज से ही 2019 में जुड़ने की तैयारी में जुट गया है। इसीलिए इस हार को अपना ले, इस पर भड़ास न निकाले।