पांच हज़ार साल की सभ्यता, 200 साल की
गुलामी और 70 बरस की आज़ादी. एक लाइन में ये भारत का भूत और वर्तमान काल है, जहाँ
से भविष्य की बुनियाद रखी जा रही है. पर इस वक़्त देश पांच हज़ार साल पीछे नहीं, पांच साल आगे देख रहा है. भारत और इंडिया के पसोपेश
में रहने वाला देश एक नया इंडिया बना रहा है. आज की ग्लोबल भाषा में हैशटैग न्यू
इंडिया #NewIndia
देश का इतिहास नारों और नायकों से भरा
पड़ा है, जिनके बलिदान और प्रयासों ने हिन्द को नाज़ करने लायक बना दिया. 40 के दशक
में वो दौर गुलामी की जंजीरों को तोड़कर आज़ाद भारत बनाने की बेचैनी की थी, इसलिए
नारा बुलंद था- ‘अंग्रेजों भारत छोड़ो.’ 70 के दशक में तानाशाही व्यवस्था के खिलाफ नारा
सिंहासन हिलाने की थी, 90 का दौर नयी आर्थिक आज़ादी का था. पर आज भारत अलग है, इसके
नायक अलग हैं, नारा अलग है. देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने New India का
सपना दिया है, नायक के तौर पर करोड़ों भारतीयों का आहवान किया और नारा नया दिया- “करेंगे
और कर के रहेंगे.”
जिस देश में भ्रष्टाचार सिस्टाचार समझा
जाता हो, जहाँ भूख का गणतंत्र हो, गरीबी एक कड़वा सच हो, बेरोजगारी बीमारी जैसी
लगे, देशभक्ति सड़क पर प्रदर्शन की चीज़ हो, और विकास अनदेखा-अनसुना सा हो... उस देश
में नए इंडिया का सपना अपना लगता है फिर भी सपने जैसा ही.
पर सपने वही सच होते है जिसे देखने की
हिम्मत और उसे पूरा करने का हौसला दिखाया जाये. प्रधानमंत्री मोदी ने रास्ता
दिखाया है, पर भारत न्यू इंडिया बनेगा या नहीं ये देश के 125 करोड़ लोगों को तय
करना है. ये हमें सुनिश्चित करना है कि अगले पांच साल में भारत दुनिया की बड़ी
आर्थिक शक्ति बनेगा या गाय-गोबर में उलझा होगा. वो विकास का नया आसमान बनाएगा या
अपनी जमीं पर अपने सपने को रौंद देगा. बच्चे भविष्य बनेंगे या ऑक्सीजन की कमी से मरेंगे। लड़कियां आसमान मापेंगी या समाज उनके कपड़े की लम्बाई नापेगा ? युवाओं का हुनर दुनिया पर राज करेगा या
बेरोजगारी का ग्राफ बढ़ता जायेगा. देश की जयकार होगी या सिर्फ वन्दे मातरम् पर
तकरार दिखेगी. गरीब हटेंगे या गरीबी. सिर्फ संकल्प होगा या उस संकल्प की सिद्धि
होगी?
कुछ लोग मानते है मेरा देश बदल रहा
है, कुछ कहते है अच्छे दिन रास्ते से भटक गया है. पर सियासी दांव-पेंच से आगे अगर
देश को वाकई बदलना है तो सुर एक करना होगा, विरोध नहीं समर्थन दिखाना होगा. बातें
नहीं बदलाव की शुरुआत करनी होगी. फिर चाहे सड़क पर झाड़ू लगा कर हो, या
भ्रष्टाचारियों पर झाड़ू चलाकर. किसान बनकर खेतों में फसल लह्लाहाकर या नए रिसर्च
के जरिये सफलता के नए फसल बो कर. सीमा पर देश की जय कर या विदेशी मंच पर वाह-वाही बटोर
कर. सरकारी नौकरी कर या नौकरी के नए अवसर पैदा कर. काम कोई भी हो, बस वो बेहतरी के
लिए हो, बदलाव के लिए, एक बेहतर भारत के लिए. तभी आज का हिंदुस्तान कल का New
India बनेगा. सपनों का नया इंडिया. और ये 100 फीसदी मुमकिन है क्योंकि ये नया दौर
है, नया खून है, नयी उमंग है. ये नया हिंदुस्तान है. जय हिन्द जय भारत!



