राजनीति पसंदीदा सब्जेक्ट है, सामाजिक मुद्दों पर लिखना अच्छा लगता है। इसीलिए आज सोचा सबसे बड़े सामाजिक मुद्दे पर लिखूं… प्यार, इश्क़ और मोहब्बत… मौका भी है, दस्तूर भी। इसलिए आज उस प्यार की बात करते सब है, फर्क बस है की कोई कहता है, कोई छुपाता है। प्यार के यूँ तो अनेक रूप होते है, जिसमे माँ-बाप, भाई-बहन, परिवार-दोस्त सब आ जाते है, और जिस प्यार का कोई मोल नहीं। फिर भी आज संत वैलेंटाइन की असीम अनुकम्पा से प्यार शब्द का मानो पेटेंट करवा दिया गया है, और प्यार का जिक्र ही प्रेमी दिलों में कुछ-कुछ करवाने पर मजबूर कर देता है। इसीलिए आज प्यार की बातें…मेरी, तुम्हारी, हम सबकी…
प्रेम ना बाड़ी उपजे, प्रेम ना हाट बिकाय वाली संस्कृति में कम्बखत
प्यार मिलता कहाँ है, प्रेम होता कैसा है। मिल जाये तो पहचान में कैसे आये ना मिले
तो धड़कता दिल आराम कैसे पाये। ये ऐसी उधेड़बुन है जिसकी आंच में प्यार करने वाले सदियों
पहले से जल रहे है, लेकिन प्यार की पड़ताल आज भी जारी है और जारी है प्यार की मशाल जलाते
हम जैसे सिकंदर-कलंदर का इम्तिहान देते रहना। उस परीक्षा के लिए पाठ पढ़ना जहाँ रोमियो-जूलिएट,
हीर-रांझा, सोनी-महिवाल जैसे हेडमास्टर ने ऐसी लकीर खींच रखी की अपने प्यार के पास
रहकर भी हम प्यार के इम्तिहान में पास नहीं हो पाते।
हालाँकि सच्चे प्यार की खोज सालों से, युगों और पीढ़ियों से हो रही
है। और ये सच भी है की वो आसानी से मिलती नहीं। पहले तो अंतर्देशीय पत्र में भी प्यार
परवान चढ़ जाता है और आज फेसबुक भी प्रेमबुक के पन्नें नहीं भर पाती न व्हाट्सएप्प पर
चैटिंग दिल की सेटिंग कर पाती है। बल्कि आज तो प्यार ढूँढना पड़ता है। कभी कॉफी शॉप
में, कभी सिनेमा हॉल की कॉर्नर सीट पर, कभी लव-स्टोरी वाली किताबों में। पर सच्चे प्यार
की सर्चिंग चलती रहती है। कभी मिली भी तो दिल मिलने से पहले कुंडली का घाल-मेल हो जाता
है, कभी जात की बात नहीं जाती है और कभी मज़हब की मजबूत दीवार इससे टकराने वाले दिलों
को चकनाचूर कर जाते हैं। पर मैं मानता हूँ कि प्यार सोच कर नहीं करा जाता, और जिसके
बारे में सोच लिया फिर वो प्यार रह कहाँ जाता है। प्यार दिल से होता है, जज़्बातों से
होता है। जिसमे नफा-नुकसान की जगह नहीं होती। जहाँ मज़हब या जात का ख्याल नहीं होता।
जिसकी तलाश हम ज़िन्दगी भर करते है, कभी कभी वो हमारे बगल में ही होता है, बस ज़रूरत
होती है उसे पहचानने की। ये मेरी सोच नहीं मेरा अनुभव कहता है। क्योंकि मैं उन खुशनसीबों
में एक हूँ जिसे सच्चा प्यार मिला। प्यार के बारे में ज़्यादा नहीं जनता था, इसलिए पता
नहीं चला की मुझे आत्रेयी से प्यार कब हो गया। या शायद वो दुनिया की सबसे अच्छी दोस्त
थी जिससे बस हर लम्हा प्यार होता चला गया, प्यार बढ़ता चला गया। पर प्यार की पहचान शादी
के बाद हुई, शादी तो दोस्ती में हो गई लेकिन एहसास था की सच्चे दोस्त से ही सच्चा प्यार
होगा। और आत्रेयी ने वही प्यार किया। इस लड़की से ही मैंने जाना प्यार करने या पाने
के लिए कोई बहुत स्पेशल होना ज़रूरी नहीं, ना ही रॉक-स्टार या माचो-मैन बनने की दरकार
है, बल्कि प्यार तो बस आपकी अच्छाइयों से, आपकी खूबियों से होता है और ये जादू हो गया
तो आप खुद-ब-खुद किसी के लिए सबसे स्पेशल बन जाओगे। प्यार ऐसा ही और ऐसे ही होता है।
कहने को हम सात जन्मों की कसमें खाते हैं लेकिन प्यार तो वो जिसे एक जन्म में इतना
कर लो की अगले जन्म के लिए कोई कसक बचे ही न।
आज सोच बदली है, प्यार की भी मार्केटिंग होने लगी है, दिलों जोड़ने
के नाम पर बाज़ार सज़ने लगा है… लेकिन मोहब्बत
का नाम आज भी मोहब्बत है। इसीलिए सच्चा प्यार पाना नामुमकिन भी नहीं। पर इतना आसान
भी नहीं। आत्रेयी मेरे ज़िन्दगी में मायने बनकर आई, प्रेरणा बनकर आयी, वो मेरे प्रोब्लेम्स
को शेयर करती है और खुशियों को दोगुना। उसके लिए मेरा साथ ही सबकुछ है फिर चाहे हम
कहीं भी, कैसे भी हो। प्यार ऐसा ही होता है, जहाँ खुद से पहले दिल किसी और के लिए धड़कता
है। इसीलिए सोचता हूँ की अगर आत्रेयी से नहीं मिला होता तो अब भी अनजान होता की ये
प्यार कैसा होता है। लव-एट-फर्स्ट साइट के बारे में भी सुनता हूँ पर प्यार एक नज़र में
नहीं होता ये मानता हूँ। ये समझता हूँ की हो रात चांदनी जब तक देता है हर कोई साथ,
गर अंधेरों में जो ना छोड़े साथ वही सच्चा प्यार है। वो प्यार जो मुश्किल से मिलता है,
और मिल जाये तो उसे जाने मत दो, गर्व से कहो 'हाँ मैंने भी प्यार किया है… ' इसीलिए मैं भी हर सेकंड बोलता हूँ- आत्रेयी, आई लव यू !

