कहते है राजनीति की पेचीदगियों को बारीकी से देखना-समझना हो तो एक
बार बिहार जाइये। क्योंकि सत्ता का चेहरा कोई भी हो पर बिहार की सियासत में बहार हमेशा
रहता है। अब देखिये पिछले तीन साल से ज़्यादा वक़्त से बिहार के सियासत ने जो अलग ट्रैक
पकड़ा था, वो सिर्फ तीन घंटे में पलट गया। सिर्फ तीन घंटे में सत्ता के यार बेईमान हो
गए, दुश्मन दोस्त बन गए, धोखेबाज़ों को गले लगा लिया गया और मोदी-नीतीश के रिश्तों में
मखमल का पैबंद लग गया। पर इतनी जल्दी ये कुछ नहीं होता, अगर लालू मौका न चूकते।
एक समय सियासत को अपनी तेल पिली लाठियों से हांकने वाले आरजेडी सुप्रीमो
लालू प्रसाद यादव को शायद समझ ही नहीं आया कि इस मुश्किल परिस्थितयों में भी वो हीरो की तरह उभर सकते हैं। उन्हें समझ ही नहीं
आया की सीबीआई पूरे लालू परिवार के पीछे पड़ी है, और बीजेपी बस मौका ढूंढ रही है। तेजस्वी
यादव पर भ्रस्टाचार के मामले में जो सियासी दबाव था, उसमे खुद उन्हें या लालू यादव
को आगे बढ़कर कुर्सी को लात मार देनी थी, सिर्फ तेजस्वी के इस्तीफे से कुछ वक़्त के लिए
ही सही लालू का कद और बढ़ता, नीतीश के पास कोई बहाना नहीं बचता और बीजेपी लार टपकाती
रह जाती। पर पुत्र और सत्ता मोह में लालू ऐसा कर न सके।
लालू यादव की सियासत जिस रस्ते गुजर रही है, उसमे शायद ये सबसे बड़ी
गलती साबित होगी, ये लालू के सियासत का ब्लंडर कहलायेगा। पर लालू जो मौका चूक गए उसमे
दोनों छोर बैटिंग कर रहे नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी ने छक्का जड़ दिया। प्लॉट पहले
से तैयार था, सियासी उलटफेर की पटकथा पहले से लिखी थी, बस उसे सियासी जमीं पर रख दिया
गया। ईमानदारी की मिसाल पेश करने की चाहत में नीतीश कुमार ने एक बार फिर सत्ता को लात
मारी तो मिनटों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें दोस्ती का खुला ट्वीट भेज
दिया। मोदी और बीजेपी जानती थी कि 2019 के लिए उनकी राह में कोई शख्स थोड़ी में मुश्किल पैदा
कर सकता है तो वो सिर्फ नीतीश कुमार थे। कुछ लोग कह रहे हैं कि देश ने प्रधानमंत्री
का एक उमीदवार खो दिया। पर मोदी जानते हैं कि उन्होंने 2019 को साध लिया, नितीश जानते
हैं कि उन्होंने भी 2019-20 के लिया अपने पुराने पाप धो दिए। जेडीयू राज्यसभा में मोदी
को और ताकतवर बना देगी। मोदी, नीतीश
के लिए बिहार की सियासी
सड़क मजबूत बना देंगे। ये मौकापरस्ती और अवसरवादिता का जबरदस्त संगम था, जिसके बारे
में सिर्फ कयास लग रहे थे, पर अंदर ही अंदर शाह-मोदी
ने नीतीश को सेट कर लिया था। नीतीश की ईमानदार छवि और लालू-नीतीश जातिगत राजनीति का
सबसे अचूक काट था नीतीश-मोदी की दोस्ती। यही कारण था कि लालू या कांग्रेस जब तक कुछ
समझती, बीजेपी ने बिना शर्त समर्थन की चिट्ठी राजभवन भिजवा दी और तीन घंटे के सियासी
ड्रामे में लालू-नितीश की सरकार गिर गयी, और सत्ता के गलियारे में नीतीश-मोदी एक हो
गए।
खैर वक़्त फिर बदल गया है, मोदी के लिए नीतीश कुमार का डीएनए ठीक
हो गया है, नीतीश के लिए मोदी सांप्रदायिक नहीं रहे। बिहार में जंगलराज की जगह सुसाशन
बाबू लौट आये और बिहार सियासत के इस किस्से का हैप्पी एंडिंग हो गया।
