Thursday, May 24, 2018

मोदी सरकार के 4 साल में अच्छे दिन का रिपोर्ट कार्ड!


तेल की कीमत सातवें आसमान पर है और लोग अच्छे दिन के 4 साल का जश्न मना रहे हैं. ऐसा कम ही होता है कि तेल निकल रहा है और फिर भी हम वाहवाही कर रहे हैं. क्या करे वोट दिया है तो बुराई कर नहीं सकते ये कसम खाई है. और उन्होंने कोई कसर छोड़ी नहीं है कि किसी और के बारे में सोचकर दिल बहला दिया जाए. 
मोदी सरकार के 4 साल की सबसे बड़ी खूबी यही रही. ‘कांग्रेस मुक्त होता भारत’ बीजेपी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि बन गयी और यही दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का दुर्भाग्य बन गया.
हालांकि इस 4 साल में मोदी सरकार कई फ्रंट पर पहले की किसी भी सरकार से बेहतर रही.
और कुछ पर बेहद ख़राब भी. देश वाकई बदला कभी पॉजिटिव मोड में कभी नेगेटिव बातों में. फेहरिस्त बहुत लम्बी हो सकती है इस आह और वाह की. पर एक नज़र डालिए क्या बड़े बदलाव या कोशिशें 4 साल में दिखी जिससे अच्छे दिन का सपना सच हुआ या उसका तेल निकल गया.
·         विदेशों में भारत की साख अपने सबसे सुनहरे दौर में पहुंच गयी.
·         जीएसटी ने एक देश एक टैक्स का सपना साकार किया.
·         नोटबंदी ने बहुत बड़े आर्थिक सुधार की राह दिखाई, हालांकि 2 साल बाद तक उसका आकलन संभव नहीं हुआ है.
·         स्वच्छता अभियान, पहल, उज्जवला और मुद्रा जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों को बदलाव का मतलब सिखाया.
·         रोजगार देने में ये सरकार सबसे बुरी तरह फेल रही. हर साल 2 करोड़ रोजगार की बात तो जुमला बन गया.
·         पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक ने मोदी सरकार की साहस को दुनिया के सामने ला दिया.
·         महंगाई से आम जनता को कोई राहत नहीं मिली. पेट्रोल-डीजल की कीमत रिकॉर्ड उंचाई पर पहुंच गयी.
·         जीडीपी और दुसरे आर्थिक मानक डर पेंडुलम की तरह ऊपर-नीचे होते रहे.
·         इ-गवर्नेंस और डिजिटल इंडिया की दिशा में बेहतर पहल हुई.
·         भ्रष्टाचार का कोई बड़ा मामला सामने न आना बड़ी उपलब्धि रही.
·         एफडीआई को खुली छूट देकर विदेशी निवेश आया लेकिन 4 साल पहले तक एफडीआई के घोर विरोधी रहे मोदी पर सवाल भी उठा.
·         सरकार वन मैन शो रही, सिर्फ मोदी ही सही रहे.
·         मोरल पोलिसिंग को हवा मिली. गाय के नाम पर लोगों की जान ली जाती रही.
·         सड़क पर राष्ट्रवाद का तमाशा होने लगा. थोक के भाव में देशद्रोही का सर्टिफिकेट बांटा जाने लगा.
·         मीडिया किसी सरकार के पैरों में पड़ता इतना कभी नहीं दिखा.
·         चौकीदार की भूमिका में मोदी सरकार फेल हो गयी. बैंकों में एनपीए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा ही, विजय माल्या-नीरव मोदी जैसे लुटेरे सरकार की नाक के नीचे से बाहर भाग गए.


पर यकीन मानिये, कांग्रेस मुक्त भारत के आगे ऊपर लिखी सब बात बेकार है. कांग्रेस यानी विपक्ष है नहीं मतलब देश के पास राजनीतिक विकल्प नहीं दिख रहा है. इसीलिए मोदी जी अच्छा करे या बुरा, सब अच्छा है. देश की हालत अच्छी हो या बुरी, दिन अच्छे हैं.  क्योंकि आपके पास कोई विकल्प नहीं है. 

Friday, May 18, 2018

सत्ता किसी भी कीमत पर है बीजेपी का नया राजनीतिक मंत्र

अगर किसी लड़ाई में जीत के लिए साम-दाम-दंड-भेद सब जायज है तो यकीन मानिये बीजेपी भारतीय राजनीति में रणनीतिक सियासत का नया अध्याय लिख रही है. अगर किसी जीत में सत्ता अंतिम लक्ष्य हो तो यकीं मानिये बीजेपी हर चुनाव के बाद राजनीति की किताब में नए सिद्धांत जोड़ रही है. कर्नाटक इसकी बानगी है, पर मिसालों की फेहरिस्त बहुत लम्बी है.
कर्नाटक में बीजेपी बनी सबसे बड़ी ड्रामेबाज़ 
कर्नाटक के चुनावी नाटक में बीजेपी ने साबित कर दिया कि इस फन में उससे बड़ा खिलाड़ी कोई नहीं. बहुमत की हवा गुजरते कांग्रेस ने जिस तेजी से जेडीएस को सत्ता की चाबी सौंपने की बात कह दी थी, उससे भी ज्यादा तेजी से बीजेपी अल्पमत में सरकार बनाने की तैयारी में जुट गयी. 224 वाली कर्नाटक विधानसभा में 113 का आंकड़ा मैजिक फिगर होता, पर कांग्रेस-जेडीएस के 117 के खिलाफ बीजेपी 104 विधायकों के साथ सरकार बना गयी.
राज्यपाल के फैसले और उनकी भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं, सुप्रीम कोर्ट तक अर्जी गयी है. पर आज की तारीख में कर्णाटक में बीजेपी की सरकार है, और शायद 15 दिनों के मोहलत में बहुमत का जुगाड़ भी हो जायेगा. कांग्रेस मुक्त भारत एजेंडे पर अग्रसर बीजेपी राजभवन का इस्तेमाल कर हो या मनी पावर का दम दिखाकर, पर वो सत्ता कांग्रेस-जेडीएस के हाथों नहीं जाने दे सकती थी.
मेघालय की बात भी पुरानी नहीं है
कर्नाटक में तो बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी के नाम पर सत्तासीन हो गयी. पर मेघालय तो बीजेपी की रणनीतिक सियासत की सबसे बड़ी जीत जैसी थी. 30 विधायकों के बहुमत वाले राज्य में बीजेपी 2 सीट जीतकर 21 सीट जितने वाले कांग्रेस को पछाड़ गयी. कांग्रेस लार टपकती रह गयी और बीजेपी ने सहयोगियों के साथ सत्ता हथिया ली.
मणिपुर-गोवा में अल्पमत में सरकार बन गयी                    
गोवा में बीजेपी की किला इस बार ढह ही गया था जब बहुमत के 21 सीटों की तुलना में वो 13 पर सिमट गयी थी और कांग्रेस 17 सीट के साथ सबसे आगे थी. पर इससे पहले कोई कुछ समझता राजभवन से बीजेपी को सरकार बनाने का न्योता मिला और सरकार बीजेपी की बन गयी. मणिपुर में भी 31 के जादुई आंकड़े से कांग्रेस सिर्फ 3 सीट दूर थी जबकि बीजेपी 10 सीट पीछे रह गयी थी. पर राजभवन ने सरकार बनाने के लिए बीजेपी को आमंत्रित किया और सरकार बन गयी. जोड़-तोड़ के बावजूद फ्लोर टेस्ट में उसके पास 1 विधायक कम पद रहे थे. तो कांग्रेस के एक विधायक ऐन वोटिंग से पहले विधायकी से इस्तीफा दे दिया, जिससे विधानसभा की स्ट्रेंग्थ घाट गयी और बीजेपी बहुमत साबित करने में कामयाब हो गयी.

हालांकि सियासत के हमाम में सब नंगे हैं, और नैतिकता की बात किसी के मुंह से बेशर्मी ही लगती है, फिर भी बीजेपी जिस कदर चुनाव लड़ रही है, और हर चुनाव के बाद सत्ता हासिल कर रही है वो अपने आप में एक मिसाल है. ऐसे उदाहरण पहले राजनीति में इक्के-दुक्के थे, अब बीजेपी इसकी अलग किताब छाप रही है. कोई शक नहीं ऐसे जल्द ही भारत कांग्रेस मुक्त हो जायेगा, पर बाद में ये मिसालें सांप बनकर सबको डसेगी, बीजेपी को भी. 

Wednesday, March 21, 2018

समस्या बैंक नहीं, बैंक लूटने वाले हैं


क्या जब 1948 में पहली बार सेना में जीप घोटाला हुआ, या बोफोर्स, ताबूत या अगस्ता वेस्टलैंड घोटाला तो सेना के निजीकरण की मांग उठी थी? जब कोयला घोटाला हुआ तो कोल इंडिया को निजी हाथों में देने का प्रस्ताव आया था? जब स्पेस घोटाला हुआ तो किसी ने इसरो के निजीकरण की चर्चा की थी? जब टेलिकॉम घोटाला हुआ तो मंत्रालय बंद करने की आवाज़ उठी थी?
नहीं न। तो फिर बैंकिंग सेक्टर से कौन सी दुश्मनी है जो कुछ भी हुआ नहीं कि निजीकरण पर सबकी जुबान चलने लगती है।
प्राइवेटाइजेशन समाधान नहीं सिर्फ समस्या है

Third party image reference
पीएनबी में हुए महाघोटाले के बाद घोटालेबाज़ नीरव मोदी और मेहुल चोकसी फरार है। रोटोमैक घोटाले के आरोपी पकड़े गए पर पैसे नहीं मिले है। ऐसे ताजातरीन घोटालों के बाद पहले से ही एनपीए के बोझ से दबे सरकारी बैंकों पर बयानों का बोझ लादा जा रहा है। कुछ दार्शनिक और कुछ व्यावसायिक संघठन इस बात की पक्षधर है कि सरकारी बैंकों को निजी हाथों में दे दिया जाये। हालांकि उन्होंने अबतक ये नहीं कहा कि हम व्यापारी शर्मिंदा है की हमारे कुछ अपने बैंकों के इस हाल के जिम्मेदार हैं। ये ठीक वैसी ही स्थिति है जैसे कौवा कान ले गया, और हम सब अपने कान को छोड़कर कौवा पर कांव-कांव कर रहे हैं।
एसोचैम जैसी संस्था कभी ये नहीं कहती कि बैंकों को एनपीए रिकवरी के सन्दर्भ में और पॉवर दिए जाये। उन्होंने कभी ये कहा है कि बैंक से कर्ज़ा लेकर नहीं चुकाने के मामले को सिविल की जगह क्रिमिनल केस बना दिया जाये। बल्कि कोई उन पर सवालों की बौछार न करे, उनकी बिरादरी पर अंगुली न उठाये उससे पहले बैंक के निजिकरण की बहस छेड़ दो। सरकार और जांच एजेंसी भी सोचेगी यही रास्ता है। मीडिया निजीकरण के फायदे गिनवायेगी। बैंक बोर्ड ब्यूरो निजीकरण की अच्छाइयों को परखेंगे। पर कोई समाधान नहीं ढूंढेगा। लूटने वाले लूट के चले जायेंगे। सबकुछ लुटाने वाला लूटेरा कहलायेगा। यही सिस्टम बनाकर रख दिया गया है
सरकारी बैंक देश और सरकार की ज़रूरत है

Third party image reference
जिस देश की बड़ी आबादी अभी-अभी बैंक के बारे में जानना शुरू की है, जहां अभी भी बैंक खाते का मतलब सिर्फ पेंशन या गैस सब्सिडी के लिए समझा जाता हो वहां प्राइवेटाइजेशन कभी भी समस्या का समाधान नहीं हो सकता। देश में सरकारी बैंक हैं और प्राइवेट भी। देश की कुछ 10-15 फीसदी लोगों के लिए प्राइवेट बैंक ही पहली पसंद है। वो जिन्हें अच्छी सैलरी मिलती है, जो सुविधा के लिए कितने भी चार्ज देने को तैयार हो, या वो जो भीड़ में या लाइन में लगना अपनी शान के खिलाफ समझते हो।
पर देश की बाकी आबादी के लिए 200 रुपये के सब्सिडी से 700 रुपये के पेंशन या 50 लाख क्र फिक्स डिपॉज़िट के लिए भरोसे का नाम है सरकारी बैंक। भरोसा एक संस्थान पर या उससे ज़्यादा सरकार पे। लोग सरकारी बैंकों में पैसा रखकर इसीलिए चैन से सो पाते हैं कक्योंकि उन्हें पता है उनका पैसा सरकार के पास सुरक्षित है। सरकारी बैंकों का निजीकरण खुद सरकार के भरोसे को बेचने जैसा होगा याद रखियेगा।
सरकारी बैंक प्राइवेट हो जाये तो…

Third party image reference
8 नवंबर 2016 को रातों-रात प्रधानमंत्री ने देश की 85 फीसदी करेंसी को अवैध घोषित कर दिया था। उनका काम टीवी के 1 घंटे के भाषण में खत्म हो गया। पर ये लाखों बैंककर्मी थे, जिन्होंने 50 दिनों तक अपनी नींद हराम कर, चैन छोड़कर काम किया। मोदी सरकार ने कई योजना शुरू की और हर योजना के केंद्र में बैंकों को खड़ा कर दिया। जीरो बैलेंस खाता खुलवाने से 10-20 रुपए तक सरकारी पैसा बैंकों से आने लगे। करोड़ों खाते खुले, लाखों लोगों को लोन दे दिया गया। क्यों? सिर्फ इसलिए क्योंकि बैंक सरकारी थे।
ऐसा नहीं है कि निजी बैंकों ने जन-धन योजना में खाते नहीं खोले या मुद्रा योजना में क़र्ज़ नहीं बांटे, पर उन्होंने कोरम पूरा किया, करिश्मा के लिए सरकार भी सरकारी बैंकों के भरोसे डंका पिटती रही।
और सिर्फ एक सरकार नहीं, हर सरकार राष्ट्रीयकृत बैंकों के भरोसे अपना वोटबैंक बुलंद करती रही। भारत की सामाजिक-आर्थिक स्तिथि ने ही 1969 में इंदिरा सरकार को बैंकों के राष्ट्रीयकरण के लिए बाध्य किया था, और आज भी बैंकों में सरकारी शेयर वक़्त की मांग है।
कुछ करना है तो हालात बदले साहब

Third party image reference
पिछले दिनों संसद में प्रधानमंत्री ने कह दिया था कि देश के बैंकों में एनपीए मनमोहन राज में 82 फीसदी थी, जिसे झूठ बोलकर 36 फीसदी दिखाया जाता रहा। किसने झूठ बोला पता नहीं पर आज देश में एनपीए करीब 10 फीसदी है जो बहुत ज़्यादा है। और इसका सबसे बड़ा हिस्सा उन चंद कॉरपोरेट्स के कारण जिन्हें देश की शान समझा जाता है। बैंक और उसके क़र्ज़ को सरकारें कॉरपोरेट्स को लुभाने के लिए इस्तेमाल करती रही है। सिर्फ उस कॉर्पोरेट सिस्टम पर सरकार सख्ती दिखा दे तो एनपीए का आधा अभिशाप ख़त्म हो जायेगा। ये व्यवस्था लागू कर दे कि किसी का एकाउंट बाद लोन केटेगरी में आया तो उसे या उससे संबंधित किसी कंपनी को कोई सरकारी टेंडर या डील नहीं मिलेगी, उनके व्यापर पर रोक लगा दी जायेगी।
बीमारी बड़ी है तो दवा भी कड़वी दीजिये। समझना होगा कि जेब से अगर कुछ पैसे गिर जाये तो हम उस जेब की सिलाई करते हैं न कि पैंट पड़ोसी को दे देते है। बैंकों के हालात सुधारिये न कि उन्हें बेचने का बहाना ढूंढे।

Friday, August 11, 2017

नए दौर में लिखेंगे हम #NewIndia की कहानी




पांच हज़ार साल की सभ्यता, 200 साल की गुलामी और 70 बरस की आज़ादी. एक लाइन में ये भारत का भूत और वर्तमान काल है, जहाँ से भविष्य की बुनियाद रखी जा रही है. पर इस वक़्त देश पांच हज़ार साल पीछे नहीं, पांच साल आगे देख रहा है. भारत और इंडिया के पसोपेश में रहने वाला देश एक नया इंडिया बना रहा है. आज की ग्लोबल भाषा में हैशटैग न्यू इंडिया #NewIndia
देश का इतिहास नारों और नायकों से भरा पड़ा है, जिनके बलिदान और प्रयासों ने हिन्द को नाज़ करने लायक बना दिया. 40 के दशक में वो दौर गुलामी की जंजीरों को तोड़कर आज़ाद भारत बनाने की बेचैनी की थी, इसलिए नारा बुलंद था- ‘अंग्रेजों भारत छोड़ो.’ 70 के दशक में तानाशाही व्यवस्था के खिलाफ नारा सिंहासन हिलाने की थी, 90 का दौर नयी आर्थिक आज़ादी का था. पर आज भारत अलग है, इसके नायक अलग हैं, नारा अलग है. देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने New India का सपना दिया है, नायक के तौर पर करोड़ों भारतीयों का आहवान किया और नारा नया दिया- “करेंगे और कर के रहेंगे.”
जिस देश में भ्रष्टाचार सिस्टाचार समझा जाता हो, जहाँ भूख का गणतंत्र हो, गरीबी एक कड़वा सच हो, बेरोजगारी बीमारी जैसी लगे, देशभक्ति सड़क पर प्रदर्शन की चीज़ हो, और विकास अनदेखा-अनसुना सा हो... उस देश में नए इंडिया का सपना अपना लगता है फिर भी सपने जैसा ही.
पर सपने वही सच होते है जिसे देखने की हिम्मत और उसे पूरा करने का हौसला दिखाया जाये. प्रधानमंत्री मोदी ने रास्ता दिखाया है, पर भारत न्यू इंडिया बनेगा या नहीं ये देश के 125 करोड़ लोगों को तय करना है. ये हमें सुनिश्चित करना है कि अगले पांच साल में भारत दुनिया की बड़ी आर्थिक शक्ति बनेगा या गाय-गोबर में उलझा होगा. वो विकास का नया आसमान बनाएगा या अपनी जमीं पर अपने सपने को रौंद देगा. बच्चे भविष्य बनेंगे या ऑक्सीजन की कमी से मरेंगे। लड़कियां आसमान मापेंगी या समाज उनके कपड़े की लम्बाई नापेगा ? युवाओं का हुनर दुनिया पर राज करेगा या बेरोजगारी का ग्राफ बढ़ता जायेगा. देश की जयकार होगी या सिर्फ वन्दे मातरम् पर तकरार दिखेगी. गरीब हटेंगे या गरीबी. सिर्फ संकल्प होगा या उस संकल्प की सिद्धि होगी?
कुछ लोग मानते है मेरा देश बदल रहा है, कुछ कहते है अच्छे दिन रास्ते से भटक गया है. पर सियासी दांव-पेंच से आगे अगर देश को वाकई बदलना है तो सुर एक करना होगा, विरोध नहीं समर्थन दिखाना होगा. बातें नहीं बदलाव की शुरुआत करनी होगी. फिर चाहे सड़क पर झाड़ू लगा कर हो, या भ्रष्टाचारियों पर झाड़ू चलाकर. किसान बनकर खेतों में फसल लह्लाहाकर या नए रिसर्च के जरिये सफलता के नए फसल बो कर. सीमा पर देश की जय कर या विदेशी मंच पर वाह-वाही बटोर कर. सरकारी नौकरी कर या नौकरी के नए अवसर पैदा कर. काम कोई भी हो, बस वो बेहतरी के लिए हो, बदलाव के लिए, एक बेहतर भारत के लिए. तभी आज का हिंदुस्तान कल का New India बनेगा. सपनों का नया इंडिया. और ये 100 फीसदी मुमकिन है क्योंकि ये नया दौर है, नया खून है, नयी उमंग है. ये नया हिंदुस्तान है. जय हिन्द जय भारत!


Thursday, July 27, 2017

लालू जो मौका चूक गए, उसी पर नीतीश और मोदी ने दोनों छोर से छक्का लगा दिया



कहते है राजनीति की पेचीदगियों को बारीकी से देखना-समझना हो तो एक बार बिहार जाइये। क्योंकि सत्ता का चेहरा कोई भी हो पर बिहार की सियासत में बहार हमेशा रहता है। अब देखिये पिछले तीन साल से ज़्यादा वक़्त से बिहार के सियासत ने जो अलग ट्रैक पकड़ा था, वो सिर्फ तीन घंटे में पलट गया। सिर्फ तीन घंटे में सत्ता के यार बेईमान हो गए, दुश्मन दोस्त बन गए, धोखेबाज़ों को गले लगा लिया गया और मोदी-नीतीश के रिश्तों में मखमल का पैबंद लग गया। पर इतनी जल्दी ये कुछ नहीं होता, अगर लालू मौका न चूकते।
एक समय सियासत को अपनी तेल पिली लाठियों से हांकने वाले आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को शायद समझ ही नहीं आया कि इस मुश्किल परिस्थितयों में भी वो हीरो की तरह उभर सकते हैं। उन्हें समझ ही नहीं आया की सीबीआई पूरे लालू परिवार के पीछे पड़ी है, और बीजेपी बस मौका ढूंढ रही है। तेजस्वी यादव पर भ्रस्टाचार के मामले में जो सियासी दबाव था, उसमे खुद उन्हें या लालू यादव को आगे बढ़कर कुर्सी को लात मार देनी थी, सिर्फ तेजस्वी के इस्तीफे से कुछ वक़्त के लिए ही सही लालू का कद और बढ़ता, नीतीश के पास कोई बहाना नहीं बचता और बीजेपी लार टपकाती रह जाती। पर पुत्र और सत्ता मोह में लालू ऐसा कर न सके।
लालू यादव की सियासत जिस रस्ते गुजर रही है, उसमे शायद ये सबसे बड़ी गलती साबित होगी, ये लालू के सियासत का ब्लंडर कहलायेगा। पर लालू जो मौका चूक गए उसमे दोनों छोर बैटिंग कर रहे नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी ने छक्का जड़ दिया। प्लॉट पहले से तैयार था, सियासी उलटफेर की पटकथा पहले से लिखी थी, बस उसे सियासी जमीं पर रख दिया गया। ईमानदारी की मिसाल पेश करने की चाहत में नीतीश कुमार ने एक बार फिर सत्ता को लात मारी तो मिनटों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें दोस्ती का खुला ट्वीट भेज दिया। मोदी और बीजेपी जानती थी कि 2019 के लिए उनकी राह में कोई शख्स थोड़ी में मुश्किल पैदा कर सकता है तो वो सिर्फ नीतीश कुमार थे। कुछ लोग कह रहे हैं कि देश ने प्रधानमंत्री का एक उमीदवार खो दिया। पर मोदी जानते हैं कि उन्होंने 2019 को साध लिया, नितीश जानते हैं कि उन्होंने भी 2019-20 के लिया अपने पुराने पाप धो दिए। जेडीयू राज्यसभा में मोदी को और ताकतवर बना देगी। मोदी, नीतीश
 के लिए बिहार की सियासी सड़क मजबूत बना देंगे। ये मौकापरस्ती और अवसरवादिता का जबरदस्त संगम था, जिसके बारे में सिर्फ कयास लग रहे थे, पर अंदर ही अंदर शाह-मोदी ने नीतीश को सेट कर लिया था। नीतीश की ईमानदार छवि और लालू-नीतीश जातिगत राजनीति का सबसे अचूक काट था नीतीश-मोदी की दोस्ती। यही कारण था कि लालू या कांग्रेस जब तक कुछ समझती, बीजेपी ने बिना शर्त समर्थन की चिट्ठी राजभवन भिजवा दी और तीन घंटे के सियासी ड्रामे में लालू-नितीश की सरकार गिर गयी, और सत्ता के गलियारे में नीतीश-मोदी एक हो गए।
खैर वक़्त फिर बदल गया है, मोदी के लिए नीतीश कुमार का डीएनए ठीक हो गया है, नीतीश के लिए मोदी सांप्रदायिक नहीं रहे। बिहार में जंगलराज की जगह सुसाशन बाबू लौट आये और बिहार सियासत के इस किस्से का हैप्पी एंडिंग हो गया।

Tuesday, April 4, 2017

मेरे राम !



सुन्दर, सौम्य, मर्यादा की मूरत, मुस्कान से दिल जितने वाले, हाथों में तीर-धनुष और बदन पर भगवा लपेटे ये एक इंसान के रूप में भगवान की तस्वीर थी जिसे अपने घर की दीवारों पे टंगा देख मैं बड़ा हुआ। पर ये मेरे राम के साथ मेरा पहला परिचय नहीं था। पहली बार मैंने श्री राम को तब देखा होगा जब मैं अपने पापा या मम्मी की गोद में बगल घर में बैठे हो, और सामने दूरदर्शन पर रामांनंद सागर सबसे महान पौराणिक कथा को टीवी पर उतार लाये हो। रामायण संभवतः मेरे राम के साथ मेरी पहली कड़ी था।
मेरा जन्म उसी साल हुआ जब लोग टीवी पर भगवान को देखने लगे थे। पर बचपन में देखी-सुनी जिस घटना को समझने में मुझे सबसे ज़्यादा वक़्त लगा वो थी 1992 की कर्फ़्यू। मैं तब मात्र पांच साल का था जब छत से नीचे सड़क में कोई झाँकने नहीं देता था।  घर से बाहर खेलने नहीं देता। और नीचे सड़क देखो तो सिर्फ बन्दूक लिए वर्दी में कुछ लोग दिखते थे। उस उम्र में कर्फ़्यू तो दूर, मुझे पुलिस का मतलब तक नहीं पता था, नाम सुना था क्योंकि चोर-पुलिस खेलता था। पर उस समय समझ नहीं आता था ऐसा क्या और क्यों हुआ है कि हमलोग अपने घर में ही कैद हो गए हैं।
फिर रांची के माहौल में जैसे-जैसे बड़ा हुआ, रामनवमी के उत्साह को दिल में बड़े होते देखा। श्री राम की सौम्यता भाने लगी। घर में भगवा लहराने लगा। फिर 1996-97 में जब मुझे क्रिकेट और सचिन से ज़्यादा किसी और चीज़ में दिलचस्पी थी नहीं, उस दौर में देखा कि सचिन की खबर तो पेज12 पर आती लेकिन राम मंदिर का जिक्र पेपर खोलते पहले पन्ने पर रहता था। तब मेरा नासमझ मन भी कहता था अयोध्या में राम मंदिर क्यों नहीं बन जाता, अब तो राम मंदिर वालों की ही सरकार है।
फिर थोड़ा बड़ा हुआ, चीजों को समझने लगा और राजनीति पसंदीदा सब्जेक्ट बन गयी तो अयोधया से रामलला का रिश्ता समझ आया, बाबरी से सियासत तक की नफरत समझ में आयी। समझ आने लगा कि राम सिर्फ एक नाम नहीं, उससे कहीं ज़्यादा है। जान गया कि राम मंदिर मेरे दादा के ज़माने से कोर्ट-कचहरी के चक्कर में फंसा, अब दादा नहीं रहे, पर अब भी राम-मंदिर
कोर्ट-कचहरी में फंसा है।
पत्रकारिता में आया तो ट्रेनिंग के दौर में पहली बाई-लाइन स्टोरी बनाया रामनवमी के ही दिन, जिसमे राजनाथ सिंह कह रहे थे- 'भगवान श्री राम हमारी आस्था का केंद्र हैं, और मित्रों मैं ये भरोसा दिलाता हूँ कि रामलला जहाँ पैदा हुए वहां भव्य राम-मंदिर बन कर रहेगा।' इसके बाद विज्ञान के पन्ने पलटे तो पता चला कि आयोध्या से रामेश्वरम तक राम के अस्तित्व पर सवाल उठ रहे थे। और फिर विज्ञान से ज़्यादा उस सोच को सच मानता रहा जिसमे एक
मुसलमान लेखक हिन्दू देवता के बारे में गर्व से लिख गए हैं- 'है राम के वज़ूद पर हिन्दोस्तां को नाज़।'
हालाँकि मैं निजी तौर पर मानता हूं कि भगवान होकर भी श्री राम ने सीता माता से अग्नि-परीक्षा लेकर गलत किया। फिर भी श्री राम मर्यादा के मूरत हैं। सिर्फ हिंदुओं के नहीं, वो हिंदुस्तान के है। लेकिन राम नाम की लूट राम का अपमान है तो राम की आड़ में नफरत राम का मान घटाने जैसा है। पत्रकार कमाल खान 'कमाल के राम' में बताते हैं कि सब राम को पूजते तो नहीं पर सब राम को मानते ज़रूर हैं। इसलिए हिन्दू हो या मुसलमान सब जब मिलते हैं तो एक दूसरे को राम-राम बोलते हैं। और कभी मैंने लिखा था "राम एक सोच नहीं संस्कृति हैं, जो कविता के पंक्तियों में बहते चले गये, इस बात से बिल्कुल बेपरवाह की स्याही चलाने वाले तुलसी हैं या कबीर, हिन्दू हैं या मुसलमान।"
किताबों में ढूँढा तो राम खुद में एक संस्कृति जान पड़े, गहराईयों में गया तो पता चला श्री राम को दो बार वनवास मिला। एक बार माता से दूसरी बात हमलोगों से जब सरयू का तट गंगा-जमुनी तहज़ीब भूलकर उस पानी में खून बहा रहा था। इस बात से बेखबर की त्रेता का युग या राम का राज, अपनी सौम्यता और करुणा के लिए जाना जाता है।
आज घिन्न आती है ये देखकर कि राम का नाम सत्य के साथ सियासी भी है, सोचता हूँ रामलला के जन्मभूमि पर हम कौन सा इतिहास लिखेंगे? हिन्दू या मुसलमान कौन बड़ा दिल दिखायेगा ? क्या रामलला का दिल और उनकी जमभूमि इतनी छोटी है कि वहां एक साथ मंदिर-मस्जिद खड़ी न हो सके।
जावेद अख्तर ने लिखा था : "राम तो करुणा में हैं, शान्ति में राम हैं।  राम ही एकता में हैं, प्रगति में राम हैं। राम बस भक्तों नहीं शत्रु की चिंतन में  हैं। देख तज के पाप रावण राम तेरे मन में हैं।  राम तो घर घर में हैं, राम हर आँगन में हैं। मन से रावण जो निकाले राम उसके मन में हैं। "
इसलिए मन साफ़ कर एक बार जरूर सोचियेगा कि हम जो समाज, देश या अयोध्या बनाना चाहते है ये वही माटी होगी जिसके बारे में खुद भगवान श्री राम कह गए कि जन्मभूमि स्वर्ग से भी बढ़कर है।
जय श्री राम !