Thursday, January 22, 2015

पप्पू यादव… नाम तो सुना ही होगा



लोकसभा चुनाव से ठीक पहले 'सत्यमेव जयते' में आमिर बता रहे थे की हमारे देश में सत्ता की राजनीति में सियासत कितनी दागदार हुई है, और किस कदर बिहार में फायरब्रांड नेता माने जाने वाले अजित सरकार के जिस्म में राजनीतिक बन्दूक ने इतनी गोलियां भर दी की शरीर छलनी हो गया। इस मामले में आरोपों में आये और रिहा हुए शख्श थे राजेश रंजन। खैर ऐसे लोगों से संसद को दूर रखने के नारों के बीच नतीजें आये और तस्वीरों में मोदी संसद भवन को प्रणाम करते दिखे, आंकड़ों ने नीतीश को आइना दिखा दिया और पिंजरे से बाहर आया बिहार का एक शेर फिर संसद पहुँच गया। राजेश रंजन उर्फ़ पप्पू यादव... नाम तो सुना ही होगा।
कोई बाहुबली के तौर पर जानता है, कोई खौफ खाता है और कोई 'देशी रॉबिनहुड' के रूप में पहचानता है। पहले गरीब किसानों की मदद कर और अब डॉक्टरों की ज़्यादतियों के खिलाफ हल्ला बोल कर, पप्पू लोगों की पसंद भी हैं। इसलिए उनसे मिलने की चाहत मेरी भी थी।  मैं नेताओं की हमेशा से बहुत इज़्ज़त करता रहा हूँ, क्योंकि वो कोई भी हो कम से कम जनता का नुमाइंदा है, उनका विश्वास जीतकर आया है। क़स्बा पूर्णिया में राजकुमार मांझी सर के पारिवारिक माहौल ने मौका दिया, तो उन्हें करीब से देखा। पर भीड़ उनके साथ फोटो खिंचवा रही थी और मै इससे दूर था, अचानक पप्पू यादव ने मेरी ओर देखकर पूछा 'आप बहुत यंग दिखते हो, पढ़ाही करते हो ?' मेरे कुछ बोलने से पहले मांझी सर ने बता दिया की 5 साल पत्रकारिता कर, बैंक पीओ है। पप्पू बोले अच्छा लगा, कम उम्र में इतना अनुभव लेकर गरीबों की सेवा करने आया। है और फिर अगले आधे घंटे मानो वहां सिर्फ मैं था, पप्पू  यादव थे, बाकी सब चुप और हमारी बातचीत का दौर था। रात के 10 बज रहे थे, मैंने पूछा आपको अपनी ज़िन्दगी कैसी लगती है ? सवाल खत्म होने से पहले ही बोले बहुत आनंद आता है, दिन भर गरीबों के लिए लड़ता हूँ, तो रात में नींद अच्छी आती है।  सोच ही रहा था की डाउन टू अर्थ हैं, तब तक बोले की आप मुझे फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेज दीजियेगा और कुछ अच्छा लगे तो सिर्फ लाइक नहीं कमेंट भी कीजियेगा। ये पप्पू यादव का टेक-फ्रेंडली रूप था। मैंने बोला की आपने और रंजीता मैम ने तो रिकॉर्ड बना दिया, पति- पत्नी दोनों सांसद पर अलग पार्टियों से, ये सुनते वो मुस्कुराये और उनके साथ आये लोगों ने गर्व के साथ बताया की 'कौन बनेगा करोड़पति ' में ये सवाल 12.50 लाख का था। तो मेरे मुँह से निकल ही गया की घर में भी सिर्फ 'राजनीति' ही होती होगी… सुनकर हँसे फिर गंभीरता से कहा, हम दोनों खूब पढ़ते हैं, संसद जाने की तैयारी करते हैं। अभी डॉक्टरों के फर्ज़ीवाड़े के खिलाफ लड़ रहे हैं, अगली बारी स्कूलों और वकीलों की है। फिर किसी ने असर के बारे में पूछा तो गुमान से मोबाइल पर ज़ी न्यूज़ की रिपोर्ट दिखाने लगे की संसद में उनके दिए आंकड़ों पर अमेरिका भी रिसर्च कर रहा है भगवान समझे जाने वाले डॉक्टर इलाज़ के नाम पर हमारे जेब की सेहत का कैसा कचुम्बर निकाल रहे हैं। फिर बातें होती-होती मोदी तक जा पहुंची और पुरे तेवर के साथ बोले मोदी बिहार में सिर्फ पप्पू यादव से डरता है। और ये 'मन की बात' तो कमज़ोर करते हैं, प्रधानमंत्री नहीं। नशे से मुक्ति चाहिए तो नशे के कारोबार पर बैन लगाइये, मन की बात से क्या होगा। पप्पू यादव काम करने में विश्वास करता है, और अगर मैंने चाह ही लिया की रात में दिन हो जाये तो नहीं होगा क्या… फिर मुस्कुराते हुए कहा की आप अब बोलेंगे पप्पू बाहुबली है। बात आगे बढ़ी तो बिहार की सियासत पर अटकी, और आरजेडी-जेडीयू के विलय या गठबंधन पर बेबाकी से बोले कि देखिये ये विचारधारा का मिलन नहीं है, ये सत्ता की राजनीति के खातिर।  हेमंत सोरेन के बाद पप्पू की ऐसी साफगोई मुझे पसंद आई। इसके बाद फिर वो निकलने को हुए तो भीड़ फोटो खिंचवाने लगी मैं दूर हट गया। फिर पप्पू यादव ने कहा पीओ साहब कहाँ गए मुझे मिलना। है आये हाथ मिलाये और कहा आपसे मिलकर अच्छा लगा सौरभ जी। मेरा कार्ड रखिये, आप बात कर सकते हैं। इसके बाद बड़े सहज अंदाज़ में बोले सौरभ जी रात में ठंड के वक़्त चप्पल नहीं जूता पहना कीजिये। ऐसी बात जिसपर मैंने भी ध्यान नहीं दिया था, पर उनकी नज़रें।  वो निकले तो मैंने एक बूढ़े व्यक्ति से पूछा आपको कैसे लगते हैं पप्पू यादव तो वो बोले बाकी का तो पता नहीं हमलोगों के लिए बहुत अच्छे हैं। अगले दिन बैंक में मुझसे मैनेजर बोले पप्पू यादव का बैकग्राउंड जानते हो, मैंने हां में जवाब दिया तो बोले अब बदल गया है और मैंने अपने अनुभव से उस बदलाव को थोड़ा महसूस भी किया। अतीत के दाग से इतर, तीखे तेवर के बावजूद एक बाहुबली सांसद के पीछे छिपे "गरीबों के रॉबिनहुड" से मिलकर अच्छा लगा।


Saturday, January 17, 2015

दौर मोदी बनाम छत्रपों का ?


जिस लोकसभा चुनाव में सियासत का संकेत सत्ता में बीजेपी की ज़ोरदार वापसी के साथ कांग्रेस मुक्त भारत का था, उसमे पिछले आठ महीनों में चार और राज्यों में इस पर मुहर लग गई। 60 साल तक देश की सरकार चलाने वाली कांग्रेस उत्तर-पूर्व राज्यों की पार्टी बनकर रह गयी है, और केंद्र के बाद राज्य-दर-राज्य बीजेपी की सफलता  का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। हालाँकि सवाल अब भी वही है की ये जादू जादू पूरी पार्टी का है या अकेले मोदी।  पहले लोकसभा और फिर राज्यों की विधानसभा हर जगह चेहरा मोदी थे, चुनाव मोदी लड़ रहे थे, मोदी लहर के सहारे लड़े जा रहे थे। प्रधानमंत्री होने के बावजूद छोटे क्षेत्रों में भी मोदी प्रचार करते तब जाकर बीजेपी के पक्ष में माहौल बनता। पर जैसे भी हो मोदी ने कांग्रेस को मटियामेट कर दिया है, और सियासत के मैदान में एक नई लकीर भी खींच दी जहाँ एक ओर मोदी हैं तो दूसरी ओर क्षेत्रीय छत्रप हैं और बीच में मुकाबला जोरदार है।
झारखंड में पानी पी-पीकर बाप-बेटे की सरकार को कोसने के बावजूद बीजेपी अपने बूते बहुमत नहीं ला सकी। जम्मू-कश्मीर में बाप-बेटे-बेटी की दोनों पार्टियों ने रास्ता रोक दिया। महाराष्ट्र में क्षत्रपों के पावर के कारन अल्पमत की सरकार बनानी पड़ी। कोई शक नहीं की बीजेपी और मोदी हर जगह पास रहे पर इस बात से दो राय भी नहीं की क्षेत्रीय क्षत्रप मोदी एंड टीम को लोहे के चने चबवा रहे हैं। अबतक नाम और लहर दोनों कमोबेश काम आया है, लेकिन दिल्ली का दिल किसी को भी दर्द दे जाता है, ये बात भी सबके जेहन में है. पिछली बार कसौटी पर 15 सालों से सत्तासीन कांग्रेस थी जिसे करारी हार मिली, इस बार मोदी तक की जुबान पर सिर्फ आप है, केजरीवाल की बातें है। मोदी से प्रभावित मीडिया के सर्वे के नतीजे बीजेपी को सत्ता के करीब दिखा रहे हैं, और ये भी बता रहे हैं कि मुख्यमंत्री के लिए दिल्ली का दिल केजरीवाल को चाहता है। यही वो बात है जिस कारन मोदी हर दावं आजमाने से पीछे नहीं है। फिर चाहे केजरीवाल को अराजक-नक्सली कहना हो या उनके सिपहसालारों को अपनी सेना में भर्ती करना। नतीज़े जब आएंगे तो इस मुकाबले की धार का सही-सही अंदाज़ा होगा, पर दिल्ली का दंगल खत्म होगा तो आगे भी बिहार, ओडिशा, तमिलनाडू और बंगाल जैसे राज्यों में भिड़ंत क्षत्रपों से ही होगी। और इस चुनौती का सामना करने के लिए उनकी भी लामबंदी जारी है जिसका एक असर लोकसभा के तुरंत बाद बिहार में हुए उप-चुनाव में दिख चुका है। साफ़ है सियासत के इस नए सीन से कांग्रेस गायब हो गयी है, मोदी का परचम लहरा रहा है और दौर लौटकर क्षत्रपों का भी आ रहा है।