जिस लोकसभा चुनाव में सियासत का संकेत सत्ता में बीजेपी की ज़ोरदार वापसी के साथ कांग्रेस मुक्त भारत का था, उसमे पिछले आठ महीनों में चार और राज्यों में इस पर मुहर लग गई। 60 साल तक देश की सरकार चलाने वाली कांग्रेस उत्तर-पूर्व राज्यों की पार्टी बनकर रह गयी है, और केंद्र के बाद राज्य-दर-राज्य बीजेपी की सफलता का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। हालाँकि सवाल अब भी वही है की ये जादू जादू पूरी पार्टी का है या अकेले मोदी। पहले लोकसभा और फिर राज्यों की विधानसभा हर जगह चेहरा मोदी थे, चुनाव मोदी लड़ रहे थे, मोदी लहर के सहारे लड़े जा रहे थे। प्रधानमंत्री होने के बावजूद छोटे क्षेत्रों में भी मोदी प्रचार करते तब जाकर बीजेपी के पक्ष में माहौल बनता। पर जैसे भी हो मोदी ने कांग्रेस को मटियामेट कर दिया है, और सियासत के मैदान में एक नई लकीर भी खींच दी जहाँ एक ओर मोदी हैं तो दूसरी ओर क्षेत्रीय छत्रप हैं और बीच में मुकाबला जोरदार है।
झारखंड
में पानी पी-पीकर बाप-बेटे की सरकार को कोसने के बावजूद बीजेपी अपने बूते बहुमत नहीं ला सकी। जम्मू-कश्मीर में बाप-बेटे-बेटी की दोनों पार्टियों ने रास्ता रोक दिया। महाराष्ट्र में क्षत्रपों के पावर के कारन अल्पमत की सरकार बनानी पड़ी। कोई शक नहीं की बीजेपी और मोदी हर जगह पास रहे पर इस बात से दो राय भी नहीं की क्षेत्रीय क्षत्रप मोदी एंड टीम को लोहे के चने चबवा रहे हैं। अबतक नाम और लहर दोनों कमोबेश काम आया है, लेकिन दिल्ली का दिल किसी को भी दर्द दे जाता है, ये बात भी सबके जेहन में है. पिछली बार कसौटी पर 15 सालों से सत्तासीन कांग्रेस थी जिसे करारी हार मिली, इस बार मोदी तक की जुबान पर सिर्फ आप है, केजरीवाल की बातें है। मोदी से प्रभावित मीडिया के सर्वे के नतीजे बीजेपी को सत्ता के करीब दिखा रहे हैं, और ये भी बता रहे हैं कि मुख्यमंत्री के लिए दिल्ली का दिल केजरीवाल को चाहता है। यही वो बात है जिस कारन मोदी हर दावं आजमाने से पीछे
नहीं है। फिर चाहे केजरीवाल को अराजक-नक्सली कहना हो या उनके सिपहसालारों को अपनी सेना
में भर्ती करना। नतीज़े जब आएंगे तो इस मुकाबले की धार का सही-सही अंदाज़ा होगा, पर दिल्ली
का दंगल खत्म होगा तो आगे भी बिहार, ओडिशा, तमिलनाडू और बंगाल जैसे राज्यों में भिड़ंत
क्षत्रपों से ही होगी। और इस चुनौती का सामना करने के लिए उनकी भी लामबंदी जारी है
जिसका एक असर लोकसभा के तुरंत बाद बिहार में हुए उप-चुनाव में दिख चुका है। साफ़ है
सियासत के इस नए सीन से कांग्रेस गायब हो गयी है, मोदी का परचम लहरा रहा है और दौर
लौटकर क्षत्रपों का भी आ रहा है।

No comments:
Post a Comment