Sunday, October 4, 2015

एक गाय हमारी माता है… हमको बहुत कुछ आता है।

मंदिर के बाहर किसी ने गौ-मांस फ़ेंक दिया तो तीन दिनों तक रांची को दंगे की आग में झुलसाने की कोशिश होती रही। एक मंदिर से मुसलमान के घर गौ-मांस होने की अफवाह फ़ैलाने की साज़िश हुई और नतीजतन यूपी के दादरी गांव के अख़लाक़ की पीट-पीट कर हत्या कर दी गयी। रांची में वो साज़िश किसने रची, नहीं मालूम। लेकिन दादरी गांव में मंदिर के लाउडस्पीकर से घोसणा करने वाला शख्स पुजारी था और उसे ऐसा करने पर मजबूर करने वाला व्यक्ति बीजेपी के स्थानीय नेता का बेटा। अख़लाक़ को पीटने वाले लोग हिन्दू थे, बचाने की कोशिश करने वालों में भी कई हिन्दू रहे। पर इस पूरी घटना में फर्क बस इतना था की मजहब से कुछ लोग हिन्दू तो थे, पर धर्म से इंसान नहीं असामाजिक तत्व कहलाने वाले लोग। कुछ मुसलमान थे तो कुछ वो जिसकी सजा अखलाक को साजिशन दी गयी। और उसे दंगे की और उसे दंगे की शक्ल देने को तैयार ओवैशी-योगी-साध्वी जैसे लोग, सियासी रोटी सेंक रहे लालू-गिरिराज-अखिलेश जैसे लोग। सबकुछ उस देश में जहाँ गाय माता की तरह पूजी जाती है, और उसके मांस का भारत दुनिया में सबसे बड़ा निर्यातक देश भी है। ये डबल स्टैण्डर्ड का एक प्रमाण है जिसकी सच्चाई लोग समझते नहीं, बस उसकी आड़ में सियासत कर हमें दंगे की सौगात देते है।
बचपन में जब किसी को दुनियादारी की कोई समझ नहीं होती, तब हम अपनी हर गलती को छिपाने के लिए बस कह जाते थे की 'गाय हमारी माता है, हमको कुछ नहीं आता है।' जब बड़े होकर समझदार होते है तो उसी गाय के बहाने अपना हित साधने लगते है। कभी कोई उसे मारकर उसका व्यापार करता है, कभी उससे कोई दंगे करवाता है, कोई सियासत करता है और सरकार उसका निर्यात कर हर साल 33 हजार करोड़ रुपये का मुनाफा कमाती है। पर सही मायने में उस गाय की माता की तरह पूजा कम ही हो पाती है, कम ही लोग कभी अपने हिस्से की रोटी उसे देते है, कोई-कोई ही उसे पानी पिलाता है। और यकीं मानिये आप इन 'कोई-कोई' में भी नहीं है तो आपको ये हक़ भी नहीं की आप उसके आड़ में लोगों की ज़िन्दगी में आग लगाये। और उसका शौक है तो जाइए और पहले सरकार से पूछिये की गौ-मांस पर पूरी तरह से प्रतिबन्ध क्यों नहीं लगा दिया जाता। क्यों 18 राज्यों में प्रतिबंध के बावजूद दुनिया भर की खपत का एक-चौथाई बीफ अकेले हमारे देश से जाता है। क्यों ये व्यवस्था है की अपने देश में बीफ की खातिर लाशें बिछ जाएँगी और वही मांस बाहर जाये तो देश का खजाना भरने के कारन पीठ थपथपाना होगा। क्यों सत्ता में आने को आतुर मोदी 'गुलाबी क्रांति ' पर कांग्रेस को कोसते थे, और सत्ता में आने के बाद उनके कार्यकाल में गुलाबी क्रांति नए आयाम छूने लगी है। कहाँ है वो लोग जो दावा करते हैं की सदियों बाद देश में हिन्दू शाषन आया है, फिर क्यों नहीं वो दबाव बनाकर देश से बीफ का व्यापार बंद करने के लिए आवाज़ उठाते है ? याद रखिये  गाय हमारी आस्था से जुड़ी होती है, जिनमें हम भगवान की छाया देखते है। इसलिए उसकी हत्या की इजाज़त किसी को नहीं मिल सकती। फिर चाहे वो किसी भी मज़हब का हो, किसी भी व्यापार का या किसी भी सरकार का।
दरअसल सब ढोंग करते है। सबको बस बहाना चाहिए की कैसे हिन्दू-मुसलमान को एक-दूसरे के खिलाफ भड़काया जाये और फिर दोनों एक-दूसरे को मारने-काटने पर उतारू हो जाये। कई बार गाय माता की आड़ में वो कामयाब भी होते हैं, कई बार नाकाम भी। पर जो कामयाब हुए वो हिन्दू-मुसलमान नहीं धर्म से हैवान होते है। इंसानियत तो उन हिन्दुओं में होती है, जो नमाज़ के लिए मुसलमानों को भगवान गणेश के पंडाल में इबादत करने की इजाज़त देकर खुद को धन्य मानते है। इंसानियत उन मुसलमानों में होती है जिसकी दुकान पर गाय माता जब आती है तो वो उसे रोटी देते है। और इंसानियत की मिसाल महाराष्ट्र के वो लोग है जो दर्द से कराहती नूरजहाँ की डिलीवरी मंदिर में करवाते हैं और हथेली में लेते ही माँ नूरजहाँ और पिता इलियास अपने बेटे को 'गणेश' नाम देते है।
जिस देश में गाय माता कहलाती है वहां इंसानों के बीच ऐसा ही रिश्ता होता है। गंगा-जमुनी यही तहज़ीब हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग है। आपस में बैर रखना न मुसलमानों का ईमान है न हिन्दुओं का पुरुषार्थ। फिर सोचिये और साज़िशों को पहचानिये। गाय तो फिर माता है वो अपने बच्चों को यूँ लड़ता-मरता देख कर खुश नहीं होती होगी। उसके लिए कुछ करना है तो उसकी हत्या बंद करवाइये, सिर्फ बगल की कसाई वाले दूकान से नहीं, बड़ी-बड़ी इंडस्ट्री से भी, देश की सरकार से भी, अपनी व्यापारिक व्यवस्था से भी।