Thursday, December 29, 2016

बैंकर हूँ, बैंकों की बात बताता हूँ !



8 नवंबर की रात 8 बजे जब देश के करोड़ों लोग टीवी देख रहे थे और हज़ारों बैंकर्स थके-हारे रोज़ की तरह घर लेट जा रहे थे, तब भारत एक बड़ा बदलाव देख रहा था। टीवी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज़ादी के बाद का सबसे संजीदा और साहसिक सियासी फैसला सुना रहे थे। 1975 के आपातकाल के बाद का पहला फैसला जिसका असर हर किसी पर होने वाला था। वार काले धन और जाली नोट के जंजाल पर था, आर-पार आम जनता के लिए थी, पर मार झेलनी थी बैंकों को।
10 नवम्बर को भारत जब नोटबंदी के बाद बैंकों की कतार में लग रहा था तो पहली बार देश के हज़ारों-लाखों बैंककर्मी किसी सैनिक की भूमिका में थे। मानो काले-धन और नकली नोट की फंडिंग से पोषित आतंकवाद के खिलाफ देश की सरकार ने सर्जिकल स्ट्राइक कर दिया और कागज़-कलम-कंप्यूटर के साथ नोट काउंटिंग मशीन और नियम-कानून से भरी आरबीआई के 19 पन्नों की सर्कुलर जैसे हथियार देकर बैंकर्स को शरहद पर खड़ा कर दिया। मेरे जैसे कई बैंकर्स के लिए ये हसीं ख़्वाब जैसा भी था, जो किसी जवान की तरह देश की सेवा करने का ख्वाब दिल के किसी कोने में पाले रखा था। पर ये एहसास भी था कि यहाँ दुश्मन कभी सामने से नहीं आएंगे और आने वाले दिन हालात और ज़्यादा बिगड़ेंगे।
52 दिनों की बात थी, बोलने में कम है पर जिसे इन 52 दिन बैंक में काम करना पड़ा, उसे इसकी लंबाई पता है। पर ये 52 दिन अपने आप में एक इतिहास को समेटे लाया, अनुभव का सागर सरीखा, अर्थशास्त्र का अचूक शस्त्र जैसा। इस 2 महीने से कम वक़्त में मैंने बहुत कुछ देखा, बहुत कुछ समझा। इतिहास को बेहद करीब से करवट लेते उसका साक्षी बना।
मैंने देखा कि एक सरकार चाह ले तो वो क्या कर सकती है। मैंने समझा कि फैसला कितना भी बड़ा हो, उसमे तैयारियों की क्या एहमियत होती है। मैंने महसूस किया की परेशान होकर भी जनता देशहित में खड़ी हो सकती है। मैंने जाना सियासी विरोध सिर्फ स्वार्थ समझती है।
इन 52 दिनों में मैंने करोड़ों लोगों को अपना सब काम छोड़कर बैंकों की कतार में लगते देखा है। हज़ार-दो हज़ार की खातिर बड़े-बड़ों को हैरान देखा है। अमीरों द्वारा बैंकर्स से फेवर मांगते देखा है। जीरो बैलेंस वाले गरीबों को अचानक मालामाल देखा है। छोटे व्यापारियों की बंद दुकानें देखी है, कतारों में लोगों के मरने तक की बात भी सुनी है। मैंने देखा है कैसे एक फैसले ने 130 करोड़ लोगों को एक झटके में परेशान कर दिया, मैंने सुना है कतार में धक्के खाकर भी लोग कह रहे थे 'तकलीफ है पर फैसला शानदार है'। मैंने 52 दिनों में आरबीआई के 65 से ज़्यादा सर्कुलर पढ़ा है, हर दिन बदलते नियमों से दो-चार हुआ हूँ। मैंने काले धन को जन धन खातों में सफ़ेद होते देखा है, काले खेल में बैंकर्स का भी मुँह काला होता समझा है। मैंने सरकारी नौकरी को बेगारी समझने वालों को काम में मरते देखा है, हर पल, हर तकलीफ में भीड़ में-नोट की समस्या में-लोगों की झुंझलाहट में- लोगों के तानों में भी बैंकर्स को मुस्कुराते देखा है।
नोटों की डिमांड और सप्लाई का अंतर बड़ी परेशानियों की वजह बना जिससे सबसे ज़्यादा मुश्किल बैंक वालों को हुई। यकीं मानिये 2000 के नोट थमा कर हमें भी आपकी दिक्कतों की पूरी परवाह थी। हमें भी अफ़सोस था कि नियमों के बावजूद हम आपको एकमुश्त 24 हज़ार देने की स्तिथि में नहीं थे। पर संतोष था कि मुश्किल के इस घड़ी में समस्या समझने वाले भी अनेकों थे। मैंने देखा है लोगों को सोचते कि हम कितना काम कर रहे हैं। मैंने सुना है लोगों से ये कहते कि चंद भ्रस्ट बैंककर्मियों के कारन हम सब को एक नज़र से नहीं देख सकते।
ये सच है कि देश के इतिहास में बैंकिंग सिस्टम पर इतना भरोसा इससे पहले की किसी सरकार ने नहीं किया था और ये भी सच है कि बैंकर्स से इतना काम भी किसी सरकार ने नहीं करवाया। मोदीजी अपनी हर योजना को भ्रस्टाचार से दूर रखने के लिए उसे बैंकों के रास्ते ला देते हैं। और 500-1000 की करेंसी बंद करना तो एक ऐतिहासिक फैसला है। हालाँकि आंकड़े बताते हैं कि 8 नवम्बर तक जितने नोट बाजार में थे उसका 90 फीसदी वापस भी आ गया। जिस कारण काले-धन के खिलाफ समझा जा रहा ये फैसला सवालों में भी आया। पर बात इससे अलग है। दरअसल जो कल था ब्लैक था वो अब भी ब्लैक ही है, फर्क बस इतना रहा कि कल तक ये काले कुबेरों की तिजोरियों में बंद था, आज बैंक एकाउंट में है। पर इस डेमोनेटाईजेसन ने नकली नोटों के पुरे अर्थव्यवस्था को एक झटके में रौंद डाला, ये इसकी सबसे बड़ी कामयाबी है। पर अब भी आम-आदमी की समस्या पूरी तरह समाप्त हो गयी ऐसा भी नहीं है। नोटों की किल्लत अभी कुछ और दिन स्तिथि को सामान्य होने से रोक सकती है। पर कैशलेस इकॉनमी की ओर बढ़ते चंद कदम भी विकल्पों का दरवाज़ा खोल रहे हैं।
अब पीछे पलट कर देखने से यही लगता है कि वाकई ये किसी यज्ञ की तरह ही है, जिसमे मैंने भी न सिर्फ एक बैंकर बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक की तरह अपने हिस्से कि आहुति दे दी है, इस मन्नत के साथ कि काले धन वाले सबका हो मुँह काला। कोई शक नहीं कि आपातकाल के बाद ये देश का पहला ऐसा फैसला था जिसका असर पूरे देश पर हुआ हो। इसीलिए कई लोग विरोध में इसे आर्थिक आपातकाल भी बता रहे हैं। पर जो मैंने इतने दिनों में बैंकों के भीतर रहकर करीब से देखा-समझ है उससे यही लगा कि ये अगर ये आपातकाल है भी तो अच्छा है, अच्छे के लिए है।
जहाँ तक बात बैंकर्स के काले खेल की रही तो 1 फीसदी बेईमानों से 99 फीसदी ईमानदारों पर सवाल तो नहीं उठाया जा सकता। और मसला बैंकर्स को हुई तकलीफों की रही तो हम भी खुश हैं कि हमनें देश की खातिर कुछ किया तो है।


Sunday, August 14, 2016

भारत का रहने वाला हूँ, आज़ादी की बात सुनाता हूँ ।

आज़ादी उस चिड़िया का नाम है जो मस्तमौला है, मनमर्जी से उड़ती, संभलती डाल-डाल पर बैठती है, रंग सफ़ेद हुआ तो अमन का पैगाम बांटती है, रंग-बिरंगी हो तो प्यार का राग गुनगुनाती है । वो खुश रहती है, जीतती-हारती है पर कभी नफरत को दिल में नहीं रखती, सिर्फ आज़ाद फ़िज़ा में अपने पंख फैलाये आसमान की ऊंचाई नापती है ।
70 सालों में भारत की भी ऐसी ही कहानी रही है । भारत माँ का आज़ाद आँचल 7 दशकों से हिंदुस्तान को पलते-बढ़ते देख रहा है । हर दिन एक नए मुकाम की तलाश कर रहा है । 5 हज़ार साल पुरानी सभ्यता वाला देश आज भी अपनी संस्कृति को समेटे दुनिया को आगे बढ़ने का रास्ता दिखाता है । ज़ीरो की खोज करने वाला देश दुनिया का हीरो है और ये सब इसलिए क्योंकि हम आज़ाद है ।
देश सोने की चिड़िया न हो, पर इसकी मिट्टी आज भी सोना उगलती है । भारत तीन रंगों से पहचाना जाता हो लेकिन उस तिरंगे की चमक कोहिनूर से भी बढ़कर है । साहित्य के पन्नों पर कलम से आईटी हब मैं कीबोर्ड तक भारतीयों की अंगुलियां जादू दिखाती है । तारों की गणना सिखाने वाला भारत आज मंगल पर तिरंगा लहरा रहा है । कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारतवर्ष हिमालय की तरह मजबूत भी है, समंदर जितना गहरा भी और गंगा जितना पावन भी । अरुणाचल में उगता सूरज भारत की रौशनी का मशाल है, गुजरात की शाम विकास के चकाचौंध की शुरुआत है । यहाँ एक पेड़ भी शांति का मार्ग दिखाता है, गंगा नदियों का संगम देखती है, मक़बरा मोहब्बत की सबसे बड़ी पहचान बनती है, बर्फ से ढकी घाटी जन्नत कहलाती है और केरल की खूबसूरती भगवान् का घर बन जाता है ।
80 फीसदी आबादी हिंदुओं की है, पर देश सबका है । इसलिए दुनिया के दूसरे सबसे ज़्यादा मुस्लमान इसी पावन धरती पर बसते हैं । ये देश किसानों का है, फिर भी सबसे ज़्यादा जय दुनिया में हमारे जवानों की ही होती है । 200 सालों तक हम गुलाम रहे पर सबसे बड़ा और मजबूत लोकतंत्र हमारा ही है । सबसे पुरानी सभ्यताओं में एक भारत ही दुनिया का सबसे युवा देश भी है । भगत सिंह-आज़ाद-गांधी वाले ही देश के कलाम सरीखे आज भी इंडिया को कमाल दिखाने पैदा होते रहते है । शरहद पर आज भी जवान देश के लिए मर-मिटने को तैयार रहते हैं, गर्मी-बरसात में किसान अपने पसीने से आज भी फसलों को सींच ही रहा है और नौजवान दुनिया का नक्सा बदलने को बेताब हैं ।
ये 70 बरस की आज़ादी का गुमान है कि हमने कम वक़्त में दुनिया को भारत की राह ताकने पर मजबूर किया, ये आज़ादी की मिठास है जिससे हमें बस सफलता का स्वाद चखना सिखाया है । ये आज़ादी के गीत है जिससे हम नित्य-नित्यदेश के सामने शीश झुकाते हैं । ये आज़ादी के बोल हैं जिससे हम अव्यवस्था के लिए हाहाकार करते है, भारत माँ की जयकार भी ।
ये सब भाव हैं, सबसे सुखद एहसास है । कहते भी हैं- "जो भरा नहीं है भावों से, बहती जिसमे रसधार नहीं वो ह्रदय नहीं पत्थर है जिसमे स्वदेस का प्यार नहीं । इसलिए देश पर जान लुटाने की बात के साथ पूरा प्यार लुटाइये । अपनी इज़्ज़त से पहले भारत माँ की आन-बान-शान की सोचिये । गर्व से भारत की सुनहरी गाथा का बखान कीजिये । कह दो दुनिया से कि ये लब आज़ाद हैं, ये बोल आज़ाद है क्योंकि हम आज़ाद है । चीख़-चीखकर बताओ कि जिसे नाज़ हैं हिन्द पर वो हम हैं । भारत माँ के 125 करोड़ बेटे-बेटियां हैं ।  याद दिलाओ सबको - यूनान-ओ-मिस्र-ओ-रोमा,सब मिट गए जहाँ से । अब तक मगर बाकी है नाम-ओ-निशां हमारा, क्योंकि कुछ बात है की हस्ती मिटती नहीं हमारी । जोर-जोर से गुनगुनाओ- सारे जहाँ से अच्छा, हिन्दोस्ताँ हमारा,  हम बुलबुले हैं इसकी ये गुलिस्ता हमारा । जय हिन्द जय भारत ।


Sunday, July 31, 2016

मीडिया को मंदिर का घण्टा किसने बनने दिया ?



पहले सिर्फ़ दूसरे बजाते थे, आज खुद ही एक दूसरे की बजा रहे है । ये मीडिया नहीं मंदिर का घण्टा हो गया है, सब बजा रहे हैं, पर उसकी जो गूंज दूर तलक सुनाई देगी, उसे कोई सुन नहीं रहा । जो टीवी पहले एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ में कभी दूसरों को नंगा करता था, उसी चैनलों पर अब एक दूसरे को नंगा किया जा रहा है । ये पहली बार है जब न्यूज़आवर में सवाल मीडिया मीडिया बिरादरी से हो रहा है, प्राइमटाइम में मीडिया का काला पन्ना दिखाया जा रहा है और चैनल आम लोगों को राष्ट्रभक्ति का सर्टिफिकेट बाँटने के बाद मीडिया वालों के चेहरे पर भी सर्टिफिकेट चस्पा रहे हैं । ये पहली बार साफ़ दिख रहा है की मीडिया लोकतंत्र का नहीं सरकार का लंगड़ा पाया है, जिसमे सरकार के समर्थन और खिलाफ ने उसकी कमर तोड़ दी है।
एबीपी कांग्रेसी है, एनडीटीवी वामपंथी, आजतक मोदी विरोधी- इंडिया टीवी सरकार की साथी है, ज़ी न्यूज़ स्वघोषित राष्ट्रवादी है, टाइम्स नाउ सरकार की साथी है । बहुत बुरा लगेगा सुनकर लेकिन 24 घंटे वाले देश के ये बड़े टीवी चैनलों के आज की आम धारणा यही होती जा रही है । शायद इसका प्रमाण है की जब कहीं कोई ब्रेकिंग न्यूज़ आती है या कोई मुद्दा बड़ा बनता है तो चैनलों पर एंकर ऐसे आक्रमक हो जाते है जैसे पार्टी प्रवक्ताओं की ज़रूरत ही न हो । सरकार को फंसाने और बचाने के लिए प्रवक्ताओं से पहले एंकर की फ़ौज़ तर्क-वितर्क शुरू करते है । पूरा सच इसीलिए अब कोई नहीं बताता, सब मनचाही बात बताते हैं ।
पिछले कुछ वक़्त में मीडिया की साख, उसकी विस्वस्नीयता, उसकी ताकत सब का चीरहरण हुआ है, और अफ़सोस ये भी मीडिया ने ही किया है । मुझे ये बोलने में रत्ती भर भी संकोच नहीं की ये सबकुछ मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद हुआ । पर ये भी सच है की इसमें मोदी जी या उनकी सरकार का कोई दोष नहीं । बल्कि न जाने क्यों आज मीडिया के मायने ही बदल गए है । उसके कॉर्पोरेट बॉसेस ने मीडिया के लिए दो ही रास्ते रखे है,  सरकार के साथ या उसके खिलाफ । तटस्थ, अनबायस्ड या निष्पक्ष को सिर्फ टैगलाइन तक के इस्तेमाल में सीमित कर दिया गया है । जिसका नतीजा है कि मीडिया अब सिस्टम से नहीं दूसरे मीडिया वालों से सवाल करने लगी है । शायद इसीलिए अब मीडिया वाले खुद सुर्ख़ियों में रहते है, कभी लड़कर, कभी मरकर । वो वक़्त और था जब इमरजेंसी के दौरान भी इंदिरा सरकार की चूल हिलते रहे इसलिए पाबंदी के बावजूद कई अख़बार समूह चोरी-छिपे अख़बार छपने वाली कागज़ इंडियन एक्स्प्रेस तक पहुंचाते थे । आज की हकीकत बस एक दूसरे को लंगड़ी मारने की है । देखिएगा आज एक दूसरे को मार रहे है, कल को छुटभैये भी दो पैसे का नहीं समझेंगे । आज भी कोई नेता कुछ भी कर आरोप मीडिया पर मढ़ जाता है की, उसने बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया, जो हुआ सब मीडिया की कारस्तानी है वगैरह-वगैरह, और हम चुपचाप सुन लेते हैं । हमारी कार्यशैली के कारन नेपाल में जब भूकंप के बाद बचाव कार्य चलता है तो "इंडियन मीडिया गो बैक" का नारा चीत्कार से ज़्यादा सुनाई देता है ।
सरकार का साथ और विज्ञापन के साथ पूँजी मीडिया की बुनियादी ज़रूरत है, इससे इंकार नहीं । पर मीडिया की ताकत साष्टांग या खिलाफत से नहीं है । मीडिया क्या कर सकती है इसके उदाहरणों से हमारा अतीत भरा पड़ा है । मीडिया का काम खबर पहुँचाना सच दिखाना है । सरकार को जबरदस्ती ज़लील करना या राष्ट्रभक्ति का सर्टिफिकेट बाँटना नहीं । ये खतरे की घंटी है। क्योंकि मीडिया की जिम्मेदारी बड़ी है । नासमझी जारी रही तो लोकतंत्र खतरे में होगा ।
"समर शेष है, नहीं पाप का भागी केवल व्याघ्र
जो तटस्थ हैं, समय लिखेगा उनका भी अपराध ।"
राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर ने ये बातें मीडिया के लिए नहीं कही थी, ये समझना होगा । निष्पक्षता ही उसका गहना है ये जानना होगा, वरना। मीडिया मंदिर का घण्टा होगा, जो चाहेगा बजा देगा ।