Wednesday, December 31, 2014

एक विजेता की अचानक विदाई !



धौनी के आँखों से आंसू तब भी निकले थे जब उनके नेतृत्व में देश ने 28 सालों बाद क्रिकेट का वर्ल्ड कप जीता था, अब एक और बार आंसू निकले जब उसी धौनी ने क्रिकेट के एक फॉर्मेट को अलविदा कह दिया। उस टेस्ट को बाय बोल दिया जिसके इतिहास में भारत सिर्फ एक बार नंबर1 बना वो भी धौनी के कारण। उस अंदाज़ में मैदान छोड़ा जो न माही की पहचान थी न ही उनकी फितरत। तो क्या जीत का आदी एक कप्तान चंद हार से घबरा गया, या फिर ड्रेसिंग रूम में किसी विराट साज़िश का शिकार हो गया ? सवाल उठ रहे हैं, उठते रहेंगे क्योंकि संन्यास का यूँ अचानक ऐलान स्वाभाविक नहीं लगता, खासकर तब जब बात धौनी की हो। अपनी शर्तों पर, अपने अंदाज़ में आज तक क्रिकेट के हर मैदान पर झंडा गाड़ने वाले धौनी कभी देश को मझदार में नहीं छोड़ सकते, परिस्थिति कैसी भी हो, माही अपना धैर्य नहीं खोते, संयम से फैसले लेते और बाज़ी मार ले जाते है. इसी अदा के कारण उन्हें 'कैप्टेन कूल' कहा जाता है, फिर वो क्या बात हुई की उन्होंने अपनी ज़िन्दगी का इतना बड़ा फैसला अचानक ले लिया। इस बात में भी कोई शक नहीं की माही का मिज़ाज़ फटाफट फॉर्मेट का है, जहाँ एक-दो हिट  या दो-चार गेंद से पास पलट जाते हैं, जहाँ माही हर बार हार की परतों पर जीत की फिनिशिंग चढ़ा जाते हैं। यही धौनी की शैली है, मंद मुस्कान वाले इस महारथी का चिर-परिचित अंदाज़ है। पर फिर भी टेस्ट में इंडिया को बेस्ट बनाने वाले धौनी का यूँ अचानक संन्यास ले लेना कुछ ज़्यादा ही चौंकाऊ है. शायद 2014 में लोकसभा चुनाव के नतीज़ों से भी ज़्यादा चौकाने वाला। पर अगर वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए वाकई माही ने ये फैसला लिया है, या फिर साज़िशों में फंसकर मजबूरन, पर हर परिस्थिति में आगे की चुनौती अब ज़्यादा बड़ी हो गई है। जो बातें खुलकर सामने आई है, अगर वही हकीकत है तो अब दिनों बाद होने जा रहे वर्ल्ड कप में देशवासियों की उमीदें और बढ़ जाएँगी, उन्हें एहसास रहेगा की इस टीम का सबसे होनहार और अनुभवी खिलाड़ी ने सिर्फ इस कप की तैयारी में बड़ी कुर्बानी दे दी है, माही पर कप बचाने, लाज़ रखने और एक बार फिर खुद को साबित करने की चुनौती होगी। पर अगर धौनी ड्रेसिंग रूम पॉलिटिक्स के शिकार हुए हैं तो सबसे बड़ा टेस्ट विराट कोहली का हो जायेगा, जिन्हें आगे कड़ा इम्तिहान देना है, माही के तये किये पैमाने से आगे निकलना है, वो खेल दिखाना है जहाँ सिर्फ कॉलर उठाकर किसी को डराने या किस ऑफ लव से कोई मैच नहीं जीता जाता, मैच रणनीति से जीती जाती है, जिसके सबसे बड़े फनकार रहे हैं महेंद्र सिंह धौनी। हमेशा जीतते रहे, टीम को आगे से लीड किया और जीत जाने के बाद तस्वीरों में खुद को पीछे छुपा लिया। क्योंकि वो मानते रहे की ये धौनी नहीं टीम इंडिया की जीत है। और इसी अंदाज़ के कारन माही ने मैदान से करोड़ों दिलों पर राज़ किया एक विजेता की तरह, देश को विश्वविजेता बनाने वाले फ़रिश्ते की तरह। पर अब इस विजेता ने एक मैदान से विदाई ले ली है, इस हसरत में की जिस दिन वो वाकई इस मैदान से हमेशा के लिए बाहर आएगा तो उसकी आँखों में फिर से आंसू होंगे, हाथों में फिर से चमकदार ट्रॉफी होगी, और पूरा देश अपने इस विजेता, रांची के इस राजकुमार के लिए खड़े होकर ताली बजायेगा, आँखों में आंसू के साथ, दिल में गर्व के सथ. और यही इस विजेता की सच्ची विदाई होगी जिसका ये हकदार है, और अगर इस दफे वो ट्रॉफी नहीं भी ला पाया तो यकीन मानिये इससे माही की कामयाबी कम नहीं होगी, उसका रुतबा, उसका ओहदा हमारे दिलों में कभी कम नहीं होगा। इसीलिए धौनी को ढ़ेर सारी शुभकामनाएं !!!


Wednesday, December 24, 2014

धौनी की धूम 10*



क्रिकेट के पन्ने जब भी पलटे जाते हैं, शिखर से शून्य पर खत्म होने वाले सर डॉन ब्रैडमैन की कहानी का जिक्र आ ही जाता।  कहते हैं ब्रैडमैन जैसा कोई दूजा नहीं हुआ, इसलिए उनके साथ किसी की तुलना ही किसी बड़े सम्मान से कम नहीं। बराबरी बहुत दूर की बात है, पर ये भी तये है की क्रिकेट के पन्नें आगे जब कभी पलटे जायेंगे, तब भी एक शून्य की बात आएगी, ज़ीरो से हीरो बनने की कहानी होगी और उस कहानी का नाम होगा महेंद्र सिंह धौनी। वो नाम जिसे 10 साल पहले कोई जानता नहीं था, और आज दुनिया में ऐसा कोई है नहीं जिसने वो नाम सुना नहीं। वो नाम, खुद में एक धुन है, मैदान पर जिसकी धूम है, और वही धूम अब 10 सालों की हो गई। शून्य से शिखर पर पहुंच कर माही का करियर 10 सालों का हो गया। 23 दिसंबर 2004 को बांग्लादेश के खिलाफ शून्य पर आउट होकर जाते सख़्श को देखकर किसने सोचा होगा की 10 साल के अंदर वही सख़्श क्रिकेट दुनिया का बेताज़ बादशाह होगा। क्रिकेट को धर्म मानने वाले देश में क्रिकेट को नयी बुलंदियों पर पहुंचाने वाला होगा। किसने सोचा था की एक छोटे से शहर का लड़का फिरंगियों के इस खेल का सबसे बड़ा खिलाडी बन जायेगा। पर ये हुआ, अनहोनी हो गई और धौनी की धूम मच गई। माही की कामयाबी को आंकड़ों में समेटने के लिए क्रिकेट की किताब के हर पन्नें को पलटना होगा, इसलिए कम शब्द में बस इतना समझ लीजिये की भारतअपने इतिहास में टेस्ट में पहली बार नंबर 1 धौनी के नेतृत्व में बना, दूसरी बार वर्ल्ड कप धौनी ने दिलाया, क्रिकेट के भगवान के 28 बरस पुराने सपने को धौनी ने पूरा किया, देश को गर्व के हज़ारों मौके धौनी ने दिए। उसे पारस का पत्थर कहा गया, भारतीय क्रिकेट को मिला नया वरदान बताया गया। और हर वक़्त उसने साबित किया की उसकी सफलता इत्तेफ़ाक़ नहीं, कड़ी मेहनत का नतीज़ा है, वो किस्मत का सिर्फ धनी नहीं सर्वगुण से संपन्न और धनवान है। तो क्या हुआ की वो कई बार हारा भी, है तो वो भी इंसान ही, है उसपर सवा सौ करोड़ लोगों की उमीदों का बोझ, इसीलिए हर हार को जीत में बदलने की उसकी लड़ाई भी तो चलती रहती है। सवाल कई बार उठते हैं, पर हम अतीत से उसका जवाब क्यों नहीं ढूंढ लेते। क्यों नहीं मान लेते की इस एक इंसान ने इस खेल को, इस देश को, अपने राज्य को जो दिया है, वो अपने आप में पूर्ण है, ठीक माही की ज़िन्दगी की तरह। जिसमे वक़्त गुजरता है, तो सफलता और सोहरत के और किस्से जुड़ते चले जाते हैं। मैं धौनी का शुक्रगुजार हूँ, क्योंकि उसने मेरे राज्य को, मेरे शहर को एक नयी पहचान दिलाई है, आज झारखण्ड से बाहर मुझे ये बताने की ज़रूरत नहीं होती की रांची कहाँ है,कैसा है। माही के शहर को हर कोई जानता है, पहचानता है। इसलिए धौनी को धन्यवाद है। पर उम्मीद की धौनी की ये धूम आगे भी ऐसे ही छाती रहे, और ये सपना भी की शानदार 10 साल का जश्न हम 2015 में एक बार फिर चमचमाते ट्रॉफी के साथ मनाये।