Sunday, February 21, 2016

शान ना इसकी जाने पाये... !



रांची में कुछ दिनों पहले जब दुनिया के सबसे ऊँचे तिरंगे को आसमान में लहराते देख रहा था, तो उस जज़्बात से रोंगटे खड़े हो जा रहे थे, क्रिकेट मैच से पहले जब लहराते तिरंगे की शान के बीच जन-गण-मन की धुन बजती है तो चाहे-अनचाहे खड़ा हो जाता हूँ, फिल्मों में भी नीरजा या मिल्खा के एहसास को महसूस करता हूँ तो आँखें नम हो जाती है। तिरंगे में लिपटे किसी शहीद को देखता हूँ तो लगता है जिंदगी ऐसे ही जियो की जब मरो तो तिरंगा भी तुम्हारे होने पर फक्र महसूस करे। पर कई बार,कई लोगों के हाथों वो तिरंगा गर्व का नहीं डर का प्रतिक लगता है। अब तिरंगे की शान और उसकी चमक कई लोगों का हथियार बन गयी है, कट्टर राष्ट्रवाद की पहचान बन गयी है।
जेएनयू और जादवपुर में छात्रों के एक झुण्ड ने जो नारे लगाये वो देश की संप्रभुता पर आघात था, किसी को भी सोचने पर मजबूर करने वाला था। ये खतरनाक है हमारे देश के लिए। शायद ऐसे ही हालात के लिए दशकों पहले लिखा गया था- "कहनी है एक बात हमें देश के पहरेदारों से, संभल के रहना अपने घर में छिपे हुए गद्दारों से... " पर खतरा यहीं तक सिमटा नहीं है। इसके विरोध में जो पहरेदार खड़े हुए हैं वो इस पूरी संस्कृति को डराने लगे हैं। हाथों में तिरंगा लेकर, मुँह में माँ-बहन की गाली सजा कर, और तिरंगे को किसी हथियार की तरह लहराकर सड़कों पर जिस कदर अब राष्ट्रभक्ति और गद्दारी का सर्टिफिकेट बांटा जा रहा है, वो लोगों को डराने लगा है। क्या अगर किसी ने झंडा नहीं पकड़ा या वन्दे-मातरम का नारा नहीं लगाया तो क्या उसे भी देशद्रोही घोषित कर दिया जा सकता है। क्या किसी पत्रकार ने किसी से सवाल किया तो पहले उसे वन्दे मातरम कहना पड़ेगा। क्या देश को दिल से पूजने से ज़्यादा ज़रूरी सड़कों पर उसका प्रदर्शन करना रह गया है। क्या सिनेमा हॉल में जन-गण-मन की धुन के वक़्त खड़े न होने वाला परिवार देशद्रोही है, या वो जो बीच सड़क पर गिरे तिरंगे को देख कर भी आगे बढ़ जाता है। देशद्रोही सिर्फ वो है, जो नारे लगाता है या वो भी जो नारों को काट-छांट कर किसी को भी गद्दार बना सकता है। राजीव गांधी के हत्यारों पर राजनीति होती है, गोडसे का गुणगान होता है, संसद महीनों ठप्प रहता है, देश के प्रधानमंत्री को गालियां दी जाती है, क्या ये सब राष्ट्रद्रोह नहीं है। क्यों इन सब के खिलाफ कभी तिरंगा लेकर कोई सड़क पर नहीं उतरता।
जन-गण-मन जिस टैगोर ने लिखा उन्होंने ही कहा था कट्टर राष्ट्रवाद देश के लिए बड़ा खतरा हो सकता है, तो क्या आज हम वाकई उस दौर से गुजरने लगे है। सारे जहाँ से अच्छे हिन्दुस्तान में क्यों हिंदुस्तानी होने और दिखाने के तरीके, टर्म्स और कंडीशंस लागू हो गए हैं। क्यों देश की समस्या पर सवाल उठाने वालों को पाकिस्तान का रास्ता दिखा दिया जाता है। क्यों हर वो हिंदुस्तानी जो सवाल करता है, समस्या गिनाता हैं, अपने अलग विचार रखता है, वो हर रोज़ देशद्रोही घोषित हो जाने के डर के साथ उठता है। क्यों अविरल विचारों के संगम में विचारों का गला घोंटा जा रहा है।
मैं अपनी बात बोलता हूँ, बोलता रहूँगा, क्योंकि मैं "आज़ाद" हूँ, न बागी न गुलामी। ऐसे जीता हूँ की तिरंगा मेरी शान है, मेरा हथियार नहीं, मैं तिरंगे के लिए जान दे सकता हूँ, पर तिरंगा लेकर किसी की जान ले नहीं सकता। इसीलिए मुझे हर रोज़ मेरा भारत और महान लगता है। आप सबों से भी गुज़ारिश है इसकी शान बनाये रखे।
केसरिया रंग, रवि उजियारा, झंडा ऊँचा रहे हमारा!
इस झंडे के नीचे निर्भय, सजग संगठन और दृढ निश्चय!
बढे  और भाई चारा, झंडा ऊँचा रहे हमारा!
शान ना इसकी जाने पाये , चाहे जान भले ही जाए।


Monday, February 15, 2016

हिन्दुस्तान ज़िंदाबाद था, जिंदाबाद है, और जिंदाबाद ही रहेगा।



आज से करीब 70 साल पहले जिस जवाहर लाल ने हिंदुस्तान के बंटवारे की  वकालत की थी, आज वहीं उन्हीं के नाम पर बनी इमारत से एक और बंटवारे का नारा बुलंद हो रहा है। नारा कश्मीर की आज़ादी का है, नारा आतंकवादियों के समर्थन का है, पर बंटवारा हमारी सोच का है, बंटवारा हमारी देशभक्ति का है, और बंटवारा हमलोगों का है जो हिंदुस्तानी से पहले अब भाजपाई-कांग्रेसी या वामपंथी होते जा रहे हैं।
जिस हिन्दुस्तान की महानता पर विदेशियों को भी रत्ती भर संकोच नहीं है, उसी महानता को उसी की सरजमीं पर मुर्दाबाद का चोला ओढ़ाया जा रहा है। वो भी युवाओं के हाथों जिन पर हमें गुमान होता है, जिनके कंधे पर चढ़कर हम कल का ख़्वाब संजोते हैं। पर किसे मालूम नहीं था जिस कंधे पर भारत अपने कल का बोझ डालना चाहता है, उनका दिमाग अलगाव, अफजल-अजमल से पहले ही लदा है। जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) के कैंपस में सांस्कृतिक उत्सव के नाम पर पिछले दिनों जो हुआ, वो किसी को भी झकझोर देने और गुस्से से भर देने के लिए काफी है। पहले हैदराबाद अब जेएनयू वो कोई भी हो कन्हैया-रोहित या उमर उसको मेरे देश को गाली देने का हक़ किसी ने नहीं दिया। छात्र राजनीति के लेफ़्ट-राइट-लेफ़्ट की कदमताल में फंसे तमाम लोगों को समझ लेना चाहिए की लेफ़्ट, राइट तो हो सकता है, लेकिन गलत कभी सही नहीं हो सकता, कश्मीर भारत से कभी अलग नहीं हो सकता, भारत कभी बर्बाद नहीं हो सकता।
पर सवाल सिर्फ एक घटना का नहीं, या बात यहीं तक नहीं सिमटी। एक मांग तो ये भी है की जेएनयू को बंद ही कर देना चाहिए। पर ये जबाव से ज़्यादा सवाल पैदा करता है। किस जेएनयू को बंद कर देना चाहिए ? वो जिसे भारत के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालय का खिताब मिला, या वो जहाँ से निकले होनहार कई देशों के सत्ता के शिखर पर बैठे, बिज़नेस टाइकून बने, पत्रकारिता की शान बने या उस जेएनयू को जो राजनीति की क्लासरूम बना जहाँ से निकले नेताओं में वामपंथी भी हुए, भाजपाई भी। या उस जेएनयू को बंद कर देना चाहिए जहाँ के छात्र ही सबसे पहले दिल्ली गैंगरेप पीड़िता 'निर्भया' के लिए दिल में शोले और हाथों में मशाल लेकर सड़क पर उतर लढ़ियां खा रहे थे, जब पूरा देश मानो सो रहा था। । लोग बताते हैं, सियासी दिल्ली के दिल में बसे वामपंथ के इस नर्सरी को सेंटर पॉलिटिक्स कभी पसंद नहीं कर पाई, क्योंकि यहाँ की छात्र राजनीति भी कॉमरेडों की रही। पर इसका ये मतलब भी नहीं की चंद लोगों के 'द्रोह' की सजा देश के विरासत को दी जाये।
दरअसल होना तो वो भी नहीं चाहिए, जो इस वक़्त कुछ गुनहगारों के विरोध में से हो रहा है। फ़र्ज़ी आईडी से बने ट्विटर एकाउंट से हुए ट्वीट को पढ़कर किसी देश के गृह मंत्री जेएनयू में हुए नारेबाजी को हाफ़िज़ सईद स्पॉन्सर्ड बता दे, और अपनी किरकिरी करा ले, ये भी कहीं होता है क्या। होना तो ये भी नहीं चाहिए जो राजनीतिक समर्थन हिंदुस्तान विरोधी लोगों को दिया जा रहा है। क्योंकि मोदी विरोध का मतलब देश विरोधियों का समर्थन नहीं हो सकता।
पर इस वक़्त मसला बेहद गंभीर है, क्योंकि सियासी उलझन में खतरा देश के भविस्य पर है। स्पांसर कोई भी हो, सोच किसी की भी हो, पर हमारी युवा पीढ़ी को, हमारी ताकत पर वो हमला कर रहा है। इसीलिए बेहद संजीदगी से इस आंतरिक हमले को जड़ से रौंदना होगा। पर देशभक्ति की आड़ में हमने भी भावुकता में अति-शीघ्रता दिखाई तो उसका साइड-इफ़ेक्ट भी वायरल हो सकता है। इसीलिए उस मानसिकता और उसकी वजह को मिटाना होगा, उस सियासी बंटवारे को खत्म करना होगा, जो अपने फायदे के लिए देशद्रोह का जहर घोलने से गुरेज नहीं करता। याद रखिये शरीर के किसी हिस्से में घाव हो जाये तो न ही हम उस हिस्से को हमेशा के लिए काट के फेंक देते हैं, न ही उस शरीर को मार डालते है बल्कि हम उसका इलाज़ करते हैं। इस मामले को भी इलाज़ की ज़रूरत है। रही बात हिन्दुस्तान की तो याद रखिये मेरा हिन्दुस्तान ज़िंदाबाद था, जिंदाबाद है, और जिंदाबाद ही रहेगा।