Thursday, May 24, 2018

मोदी सरकार के 4 साल में अच्छे दिन का रिपोर्ट कार्ड!


तेल की कीमत सातवें आसमान पर है और लोग अच्छे दिन के 4 साल का जश्न मना रहे हैं. ऐसा कम ही होता है कि तेल निकल रहा है और फिर भी हम वाहवाही कर रहे हैं. क्या करे वोट दिया है तो बुराई कर नहीं सकते ये कसम खाई है. और उन्होंने कोई कसर छोड़ी नहीं है कि किसी और के बारे में सोचकर दिल बहला दिया जाए. 
मोदी सरकार के 4 साल की सबसे बड़ी खूबी यही रही. ‘कांग्रेस मुक्त होता भारत’ बीजेपी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि बन गयी और यही दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का दुर्भाग्य बन गया.
हालांकि इस 4 साल में मोदी सरकार कई फ्रंट पर पहले की किसी भी सरकार से बेहतर रही.
और कुछ पर बेहद ख़राब भी. देश वाकई बदला कभी पॉजिटिव मोड में कभी नेगेटिव बातों में. फेहरिस्त बहुत लम्बी हो सकती है इस आह और वाह की. पर एक नज़र डालिए क्या बड़े बदलाव या कोशिशें 4 साल में दिखी जिससे अच्छे दिन का सपना सच हुआ या उसका तेल निकल गया.
·         विदेशों में भारत की साख अपने सबसे सुनहरे दौर में पहुंच गयी.
·         जीएसटी ने एक देश एक टैक्स का सपना साकार किया.
·         नोटबंदी ने बहुत बड़े आर्थिक सुधार की राह दिखाई, हालांकि 2 साल बाद तक उसका आकलन संभव नहीं हुआ है.
·         स्वच्छता अभियान, पहल, उज्जवला और मुद्रा जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों को बदलाव का मतलब सिखाया.
·         रोजगार देने में ये सरकार सबसे बुरी तरह फेल रही. हर साल 2 करोड़ रोजगार की बात तो जुमला बन गया.
·         पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक ने मोदी सरकार की साहस को दुनिया के सामने ला दिया.
·         महंगाई से आम जनता को कोई राहत नहीं मिली. पेट्रोल-डीजल की कीमत रिकॉर्ड उंचाई पर पहुंच गयी.
·         जीडीपी और दुसरे आर्थिक मानक डर पेंडुलम की तरह ऊपर-नीचे होते रहे.
·         इ-गवर्नेंस और डिजिटल इंडिया की दिशा में बेहतर पहल हुई.
·         भ्रष्टाचार का कोई बड़ा मामला सामने न आना बड़ी उपलब्धि रही.
·         एफडीआई को खुली छूट देकर विदेशी निवेश आया लेकिन 4 साल पहले तक एफडीआई के घोर विरोधी रहे मोदी पर सवाल भी उठा.
·         सरकार वन मैन शो रही, सिर्फ मोदी ही सही रहे.
·         मोरल पोलिसिंग को हवा मिली. गाय के नाम पर लोगों की जान ली जाती रही.
·         सड़क पर राष्ट्रवाद का तमाशा होने लगा. थोक के भाव में देशद्रोही का सर्टिफिकेट बांटा जाने लगा.
·         मीडिया किसी सरकार के पैरों में पड़ता इतना कभी नहीं दिखा.
·         चौकीदार की भूमिका में मोदी सरकार फेल हो गयी. बैंकों में एनपीए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा ही, विजय माल्या-नीरव मोदी जैसे लुटेरे सरकार की नाक के नीचे से बाहर भाग गए.


पर यकीन मानिये, कांग्रेस मुक्त भारत के आगे ऊपर लिखी सब बात बेकार है. कांग्रेस यानी विपक्ष है नहीं मतलब देश के पास राजनीतिक विकल्प नहीं दिख रहा है. इसीलिए मोदी जी अच्छा करे या बुरा, सब अच्छा है. देश की हालत अच्छी हो या बुरी, दिन अच्छे हैं.  क्योंकि आपके पास कोई विकल्प नहीं है. 

Friday, May 18, 2018

सत्ता किसी भी कीमत पर है बीजेपी का नया राजनीतिक मंत्र

अगर किसी लड़ाई में जीत के लिए साम-दाम-दंड-भेद सब जायज है तो यकीन मानिये बीजेपी भारतीय राजनीति में रणनीतिक सियासत का नया अध्याय लिख रही है. अगर किसी जीत में सत्ता अंतिम लक्ष्य हो तो यकीं मानिये बीजेपी हर चुनाव के बाद राजनीति की किताब में नए सिद्धांत जोड़ रही है. कर्नाटक इसकी बानगी है, पर मिसालों की फेहरिस्त बहुत लम्बी है.
कर्नाटक में बीजेपी बनी सबसे बड़ी ड्रामेबाज़ 
कर्नाटक के चुनावी नाटक में बीजेपी ने साबित कर दिया कि इस फन में उससे बड़ा खिलाड़ी कोई नहीं. बहुमत की हवा गुजरते कांग्रेस ने जिस तेजी से जेडीएस को सत्ता की चाबी सौंपने की बात कह दी थी, उससे भी ज्यादा तेजी से बीजेपी अल्पमत में सरकार बनाने की तैयारी में जुट गयी. 224 वाली कर्नाटक विधानसभा में 113 का आंकड़ा मैजिक फिगर होता, पर कांग्रेस-जेडीएस के 117 के खिलाफ बीजेपी 104 विधायकों के साथ सरकार बना गयी.
राज्यपाल के फैसले और उनकी भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं, सुप्रीम कोर्ट तक अर्जी गयी है. पर आज की तारीख में कर्णाटक में बीजेपी की सरकार है, और शायद 15 दिनों के मोहलत में बहुमत का जुगाड़ भी हो जायेगा. कांग्रेस मुक्त भारत एजेंडे पर अग्रसर बीजेपी राजभवन का इस्तेमाल कर हो या मनी पावर का दम दिखाकर, पर वो सत्ता कांग्रेस-जेडीएस के हाथों नहीं जाने दे सकती थी.
मेघालय की बात भी पुरानी नहीं है
कर्नाटक में तो बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी के नाम पर सत्तासीन हो गयी. पर मेघालय तो बीजेपी की रणनीतिक सियासत की सबसे बड़ी जीत जैसी थी. 30 विधायकों के बहुमत वाले राज्य में बीजेपी 2 सीट जीतकर 21 सीट जितने वाले कांग्रेस को पछाड़ गयी. कांग्रेस लार टपकती रह गयी और बीजेपी ने सहयोगियों के साथ सत्ता हथिया ली.
मणिपुर-गोवा में अल्पमत में सरकार बन गयी                    
गोवा में बीजेपी की किला इस बार ढह ही गया था जब बहुमत के 21 सीटों की तुलना में वो 13 पर सिमट गयी थी और कांग्रेस 17 सीट के साथ सबसे आगे थी. पर इससे पहले कोई कुछ समझता राजभवन से बीजेपी को सरकार बनाने का न्योता मिला और सरकार बीजेपी की बन गयी. मणिपुर में भी 31 के जादुई आंकड़े से कांग्रेस सिर्फ 3 सीट दूर थी जबकि बीजेपी 10 सीट पीछे रह गयी थी. पर राजभवन ने सरकार बनाने के लिए बीजेपी को आमंत्रित किया और सरकार बन गयी. जोड़-तोड़ के बावजूद फ्लोर टेस्ट में उसके पास 1 विधायक कम पद रहे थे. तो कांग्रेस के एक विधायक ऐन वोटिंग से पहले विधायकी से इस्तीफा दे दिया, जिससे विधानसभा की स्ट्रेंग्थ घाट गयी और बीजेपी बहुमत साबित करने में कामयाब हो गयी.

हालांकि सियासत के हमाम में सब नंगे हैं, और नैतिकता की बात किसी के मुंह से बेशर्मी ही लगती है, फिर भी बीजेपी जिस कदर चुनाव लड़ रही है, और हर चुनाव के बाद सत्ता हासिल कर रही है वो अपने आप में एक मिसाल है. ऐसे उदाहरण पहले राजनीति में इक्के-दुक्के थे, अब बीजेपी इसकी अलग किताब छाप रही है. कोई शक नहीं ऐसे जल्द ही भारत कांग्रेस मुक्त हो जायेगा, पर बाद में ये मिसालें सांप बनकर सबको डसेगी, बीजेपी को भी.