Friday, May 18, 2018

सत्ता किसी भी कीमत पर है बीजेपी का नया राजनीतिक मंत्र

अगर किसी लड़ाई में जीत के लिए साम-दाम-दंड-भेद सब जायज है तो यकीन मानिये बीजेपी भारतीय राजनीति में रणनीतिक सियासत का नया अध्याय लिख रही है. अगर किसी जीत में सत्ता अंतिम लक्ष्य हो तो यकीं मानिये बीजेपी हर चुनाव के बाद राजनीति की किताब में नए सिद्धांत जोड़ रही है. कर्नाटक इसकी बानगी है, पर मिसालों की फेहरिस्त बहुत लम्बी है.
कर्नाटक में बीजेपी बनी सबसे बड़ी ड्रामेबाज़ 
कर्नाटक के चुनावी नाटक में बीजेपी ने साबित कर दिया कि इस फन में उससे बड़ा खिलाड़ी कोई नहीं. बहुमत की हवा गुजरते कांग्रेस ने जिस तेजी से जेडीएस को सत्ता की चाबी सौंपने की बात कह दी थी, उससे भी ज्यादा तेजी से बीजेपी अल्पमत में सरकार बनाने की तैयारी में जुट गयी. 224 वाली कर्नाटक विधानसभा में 113 का आंकड़ा मैजिक फिगर होता, पर कांग्रेस-जेडीएस के 117 के खिलाफ बीजेपी 104 विधायकों के साथ सरकार बना गयी.
राज्यपाल के फैसले और उनकी भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं, सुप्रीम कोर्ट तक अर्जी गयी है. पर आज की तारीख में कर्णाटक में बीजेपी की सरकार है, और शायद 15 दिनों के मोहलत में बहुमत का जुगाड़ भी हो जायेगा. कांग्रेस मुक्त भारत एजेंडे पर अग्रसर बीजेपी राजभवन का इस्तेमाल कर हो या मनी पावर का दम दिखाकर, पर वो सत्ता कांग्रेस-जेडीएस के हाथों नहीं जाने दे सकती थी.
मेघालय की बात भी पुरानी नहीं है
कर्नाटक में तो बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी के नाम पर सत्तासीन हो गयी. पर मेघालय तो बीजेपी की रणनीतिक सियासत की सबसे बड़ी जीत जैसी थी. 30 विधायकों के बहुमत वाले राज्य में बीजेपी 2 सीट जीतकर 21 सीट जितने वाले कांग्रेस को पछाड़ गयी. कांग्रेस लार टपकती रह गयी और बीजेपी ने सहयोगियों के साथ सत्ता हथिया ली.
मणिपुर-गोवा में अल्पमत में सरकार बन गयी                    
गोवा में बीजेपी की किला इस बार ढह ही गया था जब बहुमत के 21 सीटों की तुलना में वो 13 पर सिमट गयी थी और कांग्रेस 17 सीट के साथ सबसे आगे थी. पर इससे पहले कोई कुछ समझता राजभवन से बीजेपी को सरकार बनाने का न्योता मिला और सरकार बीजेपी की बन गयी. मणिपुर में भी 31 के जादुई आंकड़े से कांग्रेस सिर्फ 3 सीट दूर थी जबकि बीजेपी 10 सीट पीछे रह गयी थी. पर राजभवन ने सरकार बनाने के लिए बीजेपी को आमंत्रित किया और सरकार बन गयी. जोड़-तोड़ के बावजूद फ्लोर टेस्ट में उसके पास 1 विधायक कम पद रहे थे. तो कांग्रेस के एक विधायक ऐन वोटिंग से पहले विधायकी से इस्तीफा दे दिया, जिससे विधानसभा की स्ट्रेंग्थ घाट गयी और बीजेपी बहुमत साबित करने में कामयाब हो गयी.

हालांकि सियासत के हमाम में सब नंगे हैं, और नैतिकता की बात किसी के मुंह से बेशर्मी ही लगती है, फिर भी बीजेपी जिस कदर चुनाव लड़ रही है, और हर चुनाव के बाद सत्ता हासिल कर रही है वो अपने आप में एक मिसाल है. ऐसे उदाहरण पहले राजनीति में इक्के-दुक्के थे, अब बीजेपी इसकी अलग किताब छाप रही है. कोई शक नहीं ऐसे जल्द ही भारत कांग्रेस मुक्त हो जायेगा, पर बाद में ये मिसालें सांप बनकर सबको डसेगी, बीजेपी को भी. 

No comments:

Post a Comment