ये
शिकायत है एक बच्चे की अपनी माँ से। उस माँ से जिसने उसे जन्म तो नहीं दिया, पर उसके अलावा सब कुछ दिया। नाम-पहचान-काम सब कुछ। फिर भी शिकायतों की पूरी पोटली है। समझ नहीं आता कि उस माँ की ये ममता है या मजबूरियां, कि वो अपने बच्चों को सजा नहीं दे पाती, उन्हें बता नहीं पाती की कुछ बच्चों के कारण एक माँ को क्या-क्या सहना पड़ता है। इसलिए सोचता हूँ क्या उस माँ को कभी गुस्सा नहीं आता, कभी कुंठा नहीं होती, कभी बेचैनी नहीं होती, कभी खून नहीं खौलता ?
ऐसा
क्यों है माँ कि तू आँचल में राज-दुलारा पालती हो और उस राज-दुलारे के दिल में नफरत पलने लगता है। तू हिंदुस्तानी की परवरिश देती है, बच्चा हिन्दू या मुसलमान बन जाता है। तू तो भारत माँ है न फिर तेरे बच्चे तेरा ही नाम लेकर इस देश का चिथड़ा क्यों उड़ाते है ? मुझे मालूम है एक माँ के सीने पर ये खंजर -चलने जैसा है कि उसके दो बच्चे सिर्फ टोपी-तिलक की आड़ में कुत्तों की तरह लड़ रहे हो। पर भी तू चुप क्यों रह जाती है ? क्यों नहीं बोल पाती की सिर्फ भारतीय ही तेरे बच्चे हैं, क्यों समझा नहीं पाती कि दो बच्चे की लड़ाई में हारती सिर्फ माँ है।
माँ
क्यों तेरे बच्चे नहीं जान पाते कि आज़ादी का नारा हिंदुस्तान मुर्दाबाद या हिंदुस्तान तेरे टुकड़े होंगे नहीं है न ही देशभक्ति का मतलब सड़क पर राष्ट्रवाद का तमाशा है। तू तो अपने बच्चों को कंकड़ तक नहीं लगने देती फिर तेरे बच्चे तेरे सपूतों पर पत्थर क्यों चलाते हैं। क्यों अमन की वाणी नहीं होती और आतंक का चेहरा बानी बन जाता है। क्यों भारत की अखंडता से ज़्यादा कश्मीर और बंगाल की खंडता पर बात होती है। क्यों माँ तेरे आँगन में तेरा उत्तर-पूर्व बेगाना होता है ?
माँ
तू तो हम सब की माँ है। पर तुझे क्या अच्छा लगता है कि इतने साल बाद भी देश में माँ नहीं बाप का बोलबाला है। तू क्यों बस देखती है कि तेरे घर की सारी माँ अबला मानी जाती है, बराबरी से बहुत दूर रहती है। क्या तेरा खून नहीं खौलता माँ, जब कोई शैतान तेरी गुड़िया पर हाथ मारता है। क्यों तेरे न्याय की चौखट उन हाथों को काट नहीं देती जो तेरी लाडो को छूती हो ?
भारत
माँ तू क्यों कुछ नहीं कर पाती जब एक बूढा ठंड से ठिठुर कर दम तोड़ देता है, जब एक बच्ची जन्म लेने से पहले मार दी जाती है, जब भूख जिंदगी का अभिशाप बन जाती है, जब गरीबी व्यवस्था से हार जाती है।
माँ
मैं थोड़ा समझदार हूँ, सेंसेक्स की भाषा समझता हूँ, विकास के मायने जानता हूँ। पर भारत माँ मैं इतना समझदार नहीं कि ये समझ जाऊं की आपस में लड़कर हम आपका नाम कैसे रोशन करेंगे। अलगाव या कट्टरता से तिरंगे की शान कैसे बढ़ाएंगे ? तू क्यों नहीं बोलती की सबके साथ से ही सबका विकास होगा। तू क्यों नहीं बताती की तुझे मंदिर-मस्जिद नहीं भाईचारगी की मीनार चाहिए। तू क्यों चुप रहकर ये बर्दाश्त करती हो कि तेरा नाम कुछ भी करने की आज़ादी बन जाये।
माँ
तुम तो सोने की चिड़िया हो, सुनहरी हो, ममता की मूरत हो, पर सिर्फ मूरत क्यों हो ? तुम क्यों नहीं बोल पाती हो। तुम क्यों चुप रह जाती हो। स्वतंत्र हो-गणतंत्र हो, फिर तुम गण के तंत्र पर चुप क्यों हो ? माँ तुम बोलती क्यों नहीं हो। क्यों नहीं समझती हो कि तेरी यही चुप्पी कइयों को बोलने की आज़ादी दे जाती है। क्यों नहीं तेरा खौलता खून किसी को दिखाई देता है। तू तो हम सब की माँ है। दुनिया की सबसे प्यारी माँ। इतनी ममतामयी जिसके आँचल में कपूतों के लिए भी पूरी जगह है। पर माँ मैं इंतज़ार करूँगा। एक अच्छे भविस्य के लिए उस दिन का जब तू बोल उठेगी। ये बता पायेगी की सच्ची जयकार तब होती है जब वो देश की भलाई के लिए हो। इस गणतंत्र भारत में मैं उस दिन का इंतज़ार करूँगा जिस दिन भारत माँ या तो बोल उठेगी या देश वाले बिन बोले समझ जायेंगे कि भारत माँ चाहती क्या है। तब तक आप जय कीजिये, जयकार कीजिये बस कांड मत कीजिये। जय हिन्द जय भारत। भारत माता की जय।
