Sunday, August 14, 2016

भारत का रहने वाला हूँ, आज़ादी की बात सुनाता हूँ ।

आज़ादी उस चिड़िया का नाम है जो मस्तमौला है, मनमर्जी से उड़ती, संभलती डाल-डाल पर बैठती है, रंग सफ़ेद हुआ तो अमन का पैगाम बांटती है, रंग-बिरंगी हो तो प्यार का राग गुनगुनाती है । वो खुश रहती है, जीतती-हारती है पर कभी नफरत को दिल में नहीं रखती, सिर्फ आज़ाद फ़िज़ा में अपने पंख फैलाये आसमान की ऊंचाई नापती है ।
70 सालों में भारत की भी ऐसी ही कहानी रही है । भारत माँ का आज़ाद आँचल 7 दशकों से हिंदुस्तान को पलते-बढ़ते देख रहा है । हर दिन एक नए मुकाम की तलाश कर रहा है । 5 हज़ार साल पुरानी सभ्यता वाला देश आज भी अपनी संस्कृति को समेटे दुनिया को आगे बढ़ने का रास्ता दिखाता है । ज़ीरो की खोज करने वाला देश दुनिया का हीरो है और ये सब इसलिए क्योंकि हम आज़ाद है ।
देश सोने की चिड़िया न हो, पर इसकी मिट्टी आज भी सोना उगलती है । भारत तीन रंगों से पहचाना जाता हो लेकिन उस तिरंगे की चमक कोहिनूर से भी बढ़कर है । साहित्य के पन्नों पर कलम से आईटी हब मैं कीबोर्ड तक भारतीयों की अंगुलियां जादू दिखाती है । तारों की गणना सिखाने वाला भारत आज मंगल पर तिरंगा लहरा रहा है । कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारतवर्ष हिमालय की तरह मजबूत भी है, समंदर जितना गहरा भी और गंगा जितना पावन भी । अरुणाचल में उगता सूरज भारत की रौशनी का मशाल है, गुजरात की शाम विकास के चकाचौंध की शुरुआत है । यहाँ एक पेड़ भी शांति का मार्ग दिखाता है, गंगा नदियों का संगम देखती है, मक़बरा मोहब्बत की सबसे बड़ी पहचान बनती है, बर्फ से ढकी घाटी जन्नत कहलाती है और केरल की खूबसूरती भगवान् का घर बन जाता है ।
80 फीसदी आबादी हिंदुओं की है, पर देश सबका है । इसलिए दुनिया के दूसरे सबसे ज़्यादा मुस्लमान इसी पावन धरती पर बसते हैं । ये देश किसानों का है, फिर भी सबसे ज़्यादा जय दुनिया में हमारे जवानों की ही होती है । 200 सालों तक हम गुलाम रहे पर सबसे बड़ा और मजबूत लोकतंत्र हमारा ही है । सबसे पुरानी सभ्यताओं में एक भारत ही दुनिया का सबसे युवा देश भी है । भगत सिंह-आज़ाद-गांधी वाले ही देश के कलाम सरीखे आज भी इंडिया को कमाल दिखाने पैदा होते रहते है । शरहद पर आज भी जवान देश के लिए मर-मिटने को तैयार रहते हैं, गर्मी-बरसात में किसान अपने पसीने से आज भी फसलों को सींच ही रहा है और नौजवान दुनिया का नक्सा बदलने को बेताब हैं ।
ये 70 बरस की आज़ादी का गुमान है कि हमने कम वक़्त में दुनिया को भारत की राह ताकने पर मजबूर किया, ये आज़ादी की मिठास है जिससे हमें बस सफलता का स्वाद चखना सिखाया है । ये आज़ादी के गीत है जिससे हम नित्य-नित्यदेश के सामने शीश झुकाते हैं । ये आज़ादी के बोल हैं जिससे हम अव्यवस्था के लिए हाहाकार करते है, भारत माँ की जयकार भी ।
ये सब भाव हैं, सबसे सुखद एहसास है । कहते भी हैं- "जो भरा नहीं है भावों से, बहती जिसमे रसधार नहीं वो ह्रदय नहीं पत्थर है जिसमे स्वदेस का प्यार नहीं । इसलिए देश पर जान लुटाने की बात के साथ पूरा प्यार लुटाइये । अपनी इज़्ज़त से पहले भारत माँ की आन-बान-शान की सोचिये । गर्व से भारत की सुनहरी गाथा का बखान कीजिये । कह दो दुनिया से कि ये लब आज़ाद हैं, ये बोल आज़ाद है क्योंकि हम आज़ाद है । चीख़-चीखकर बताओ कि जिसे नाज़ हैं हिन्द पर वो हम हैं । भारत माँ के 125 करोड़ बेटे-बेटियां हैं ।  याद दिलाओ सबको - यूनान-ओ-मिस्र-ओ-रोमा,सब मिट गए जहाँ से । अब तक मगर बाकी है नाम-ओ-निशां हमारा, क्योंकि कुछ बात है की हस्ती मिटती नहीं हमारी । जोर-जोर से गुनगुनाओ- सारे जहाँ से अच्छा, हिन्दोस्ताँ हमारा,  हम बुलबुले हैं इसकी ये गुलिस्ता हमारा । जय हिन्द जय भारत ।