Wednesday, May 6, 2015

सलमान, सड़क, सज़ा और सत्यमेव जयते !



कभी वांटेड, कभी  और कभी सबका प्यारा प्रेम… फिल्मों में अलग-अलग किरदार निभाने वाले सलमान खान निजी ज़िन्दगी में भी कई किरदार निभाते हैं। एक सलमान वो भी हैं जो शौक के लिए काले हिरन का शिकार करते हैं, तो एक सलमान वो भी हैं जो सिर से जुड़ी पटना की दो बहनें फराह-सबा से अपनी कलाई पर राखी बंधवाकर उनकी मुराद पूरी करते हैं। एक सलमान अपनी प्रेमिका पर हाथ उठाते हैं, दूसरे सलमान उसी हाथ में झाड़ू लेकर देश की गंदगी साफ़ करते हैं। एक सलमान बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ से ज़्यादा का कारोबार करते हैं तो दूसरे सलमान वो हैं जो सिर्फ चैरिटी पर तक़रीबन 50 करोड़ दान कर देते हैं। पर किरदार और पहचान कैसी भी हो, कानून की नज़र में वो भी हमारे जैसे एक आम इंसान हैं, जिनके लिए कानून बराबर है। और 13 साल पुराने हिट एंड रन केस में बॉलीवुड के भाईजान को 5 साल की जेल की सजा उसका प्रमाण है।
केस हमेशा से पानी की तरह साफ़ था, सबको मालूम था की 28 सितम्बर 2002 को रात के करीब 2 बजे जो लैंड क्रूजर कार अमेरिकन एक्सप्रेस लांड्री के पास फूटपाथ पर सो रहे लोगों पर जा चढ़ी, उसे चलाने वाले शख्स सलमान खान थे। सलमान के साथ गाड़ी की फ्रंट सीट पर बैठे सरकारी बॉडीगार्ड रविन्द्र पाटिल की गवाही बयां कर चुकी थी की नशे की हालत में सलमान रफ़्तार से कार चला रहे थे और फिर इस लापरवाही ने एक की जान ले ली। फिर भी मामला अदालती गलियारों में 13 साल तक दलीलों में उलझा रहा। इस दौरान सलमान ने पीड़ित परिवारों को करीब 19 लाख रुपये का मुआवज़ा दिया, पश्चताप के लिए being human के बैनर तले समाजसेवा की. लेकिन बदले सलमान का ये रूप उन्हें बचा नहीं सका, न ही ड्राइवर की झूठी गवाही सलमान को बचा नहीं सकी। और देश के सामने एक नज़ीर पेश हो गयी की चाहे आप कितने भी रसूखदार क्यों न हो, पर आपकी लापरवाही की कीमत किसी को जान देकर चुकानी पड़ी तो आपको सजा होकर रहेगी।
पर ये बात अब भी कई लोग समझना नहीं चाहते। सलमान दोषी करार क्या दिए गए, कई लोगों ने सलमान के पक्ष में कानून, गरीब और मर्यादा का मखौल बना दिया। फराह खान ने लिखा की "ये तो वही बात हो गयी की ट्रेन गुजर रही हो और मरने को कोई खुद पटरी क्रॉस करने लगे और इसका दोष ड्राइवर पर डाल दिया जाये" गायक अभिजीत ने ट्वीट कर दिया - "Kutta rd pe soyega kutte ki maut marega, roads garib ke baap ki nahin hai" ये बयान अपने आप में बेहद शर्मनाक है। क्योंकि ये वही गरीब लोग हैं, जो ऐसे सितारों को बॉलीवुड का बाप बनाती हैं, कोई शक नहीं की  देश में अगर 3 करोड़ कुत्ते हैं तो लाखों में ऐसे बदनसीब इंसान भी है, जिन्हें सर छुपाने के लिए छत नहीं मिलती. इसलिए मजबूरी में वो लोग सड़क की बिस्तर बना लेते है, वो सड़क जो किसी के बाप की नहीं की उसपे सोये लोगों पर वो नशे की हालत में गाड़ी चढ़ा दे।
कोई शक नहीं की आज उस घटना के 13 साल बाद के सलमान काफी बदल गए हैं, लेकिन कानून किसी के लिए नहीं बदलता। सलमान का आचरण अच्छा रहा है इसलिए सजा 10 साल की जगह 5 साल हुई। लेकिन सलमान दोषी तो हैं ही, फिर चाहे वो कितना भी अच्छे इंसान बन जाये। यही हमारे कानूनी व्यवस्था की ख़ूबसूरती है, जहाँ कई बार इन्साफ होता है, कई बार इन्साफ अधूरा रह जाता है पर ज़्यादातर वक़्त अंत में सत्य की जीत होती है। सत्यमेव जयते !

Sunday, May 3, 2015

एक देश, दो विधान, तीन निशान… कब तक ये अलगाव ?



करीब 65 बरस पहले श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने नारा दिया था- "एक देश में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान नहीं चलेगा। " दो विधान और दो निशान का मतलब उस धारा 370 से है जिसके कारन कश्मीर के अपने कुछ खास कानून है, और अपना अलग झंडा है, जिससे अलगाववादी कश्मीर को ऑटोनोमी के करीब देखते हैं। पर 65 साल पहले ना उनकी नेहरू सरकार ने सुनी ना आज मोदी सुन रहे हैं और ना इस दरम्यान किसी और सरकार ने सुनी। श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सिद्धांतों पर चलने वाली एक पार्टी बन गयी, वो पार्टी केंद्र और राज्य दोनों में सत्तासीन हो गयी लेकिन फिर भी जम्मू-कश्मीर में न दूसरा विधान खत्म हुआ, न दूसरा निशान मिटा, बल्कि तिरंगे की जगह पहले वहां कश्मीरी झंडा फहरा और अब तो पाकिस्तानी झंडे लेहरने लगे हैं, बे-रोकटोक, बेख़ौफ़। इसीलिए दो निशान की जगह वादी में तीसरा निशान दिख गया।
पहले मस्सरत आलम, अब गिलानी आगे न जाने कौन-कौन। मस्सरत की गिरफ़्तारी फिर रिहाई और फिर गिरफ़्तारी, ये बता चुकी है की सत्ता में भले बीजेपी ही क्यों न हो, उसे भी समझौते करने पड़ते हैं। और यही सियासी समझौता या मजबूरियां गिलानी जैसे देशद्रोहियों को पैदा करती हैं। उन्हें इतनी हिम्मत देती है की वो भारत-भूमि पर ही खुले मंच से भारत विरोधी नारे लगाते हैं और पाकिस्तानी झंडे लहराते हैं। पर ऐसा पहली बार या सिर्फ बीजेपी सरकार के दौरान नहीं हुआ। इतिहास गवाह है की केंद्र में सरकार किसी की भी हो, राज्य में गठबंधन में कोई हो, पर घाटी की पार्टियों के आगे उन्हें झुकना ही पड़ता है। कांग्रेस राज में यासीन मलिक जैसे लोग उदहारण के लिए हैं। पर सवाल उठता है की आखिर कब तक। कब तक धारा 370 की आड़ में जम्मू-कश्मीर की पार्टियां सियासत करेंगी, कब तक केंद्र अलगाव के डर से कमज़ोर रहेगा, कब तक कश्मीरी पंडित अपने अपने आँगन में शरणार्थी बने रहेंगे और कब तक हम एक ही देश में तीसरे निशान की जगह मुक्कमल करते रहेंगे। दरअसल वक़्त आ गया की अब भारत सरकार कोई ठोस कदम बढ़ाये, कोई मजबूत नज़ीर पेश करे। क्योंकि कश्मीर की इस समस्या का समाधान जितना लम्बा खींचेगा, कश्मीरियों में अलगाव का ज़हर उतना ज़्यादा फैलेगा। कश्मीर दिल्ली से उतना ज़्यादा दूर होता जायेगा। जब तक वादी में हुर्रियत जैसे लोगों को खुली छूट मिलती रहेगी, समस्या खत्म होने के बजाये बढ़ती जाएगी। ये समझना होगा की जितना खतरा सीमा पार से है, उससे ज़्यादा ख़तरा अपने देश में रह रहे देशद्रोहियों से है। ये वक़्त है की एक बार कुछ कड़ाई बरती जाये ताकि फिर कोई मस्सरत भारत मुर्दाबाद न कह सके, कोई गिलानी पाकिस्तानी झंडे न लहरा सके और कोई अलगाववादी नेता ये न बोल सके की वो कश्मीर में है और यहाँ भारत का संविधान नहीं चलता है। मोदी सरकार से लोगों को बहुत उमीदें हैं, लेकिन उसके पुरे होने की गुंजाइश दिल्ली दूर लगती है, क्योंकि दिल्ली से कश्मीर जाते-जाते बीजेपी की सियासत बदल जाती है। एक तरफ तो उसे पाकिस्तानी राजनायिक का अलगाववादियों से मिलना तक मंजूर नहीं होता, दूसरे तरफ उनकी तरफदारी करने वालों के साथ वो सरकार में रहते हैं। दिल्ली में धारा 370 खत्म करने का एलान करते हैं, जम्मू  में सत्ता के लिए उसे ठन्डे बस्ते में डाल देते है। पर देश को अमन चाहिए, उसका जन्नत तिरंगे की शान के साथ चाहिए, 3600 पंडितों को उनका मकान चाहिए। श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने इसी लड़ाई में अपनी जान दे दी, और उनके आदर्शों पर चलने वाली बीजेपी इस लड़ाई में अगर सियासी मंच पर शहीद भी हो जाये तो अफ़सोस की जगह फक्र होगा, बस वो नियत दिखे तो सही। क्योंकि परिस्थिति 65 साल में बद से बदतर हो गयी। निशान दो से तीन दिखने लगे।