Saturday, March 11, 2017

मोदी जी ने रंग दिया देश को भगवा!

पहाड़ पर भगवा पताका लहरा गया, पंजाब में बूढ़े बादल की गर्जना खत्म कर पुराना कैप्टेन नए अंदाज़ में वापसी कर गया। समंदर किनारे बहती पछुआ हवा से कमल मुरझा गया। मणिपुर का मन बैलेट में नहीं बदला। और उत्तर प्रदेश में 21 सालों का वनवास खत्म कर ऐतिहासिक तरीके से सत्ता ने अपने दरवाजे बीजेपी के लिए खोल दिए। यूपी में ये मोदीजी की लहर थी। पांच राज्यों में ये बदलाव का बड़ा जनादेश था। और भगवा में रंगते इस देश के नायक बने नरेंद्र मोदी।

1980 से जो पार्टी राम और राम मंदिर के नाम पर खुद को पार्टी विद डिफरेंस बताती थी, अब उसके साथ पूरा देश ये महसूस करता होगा कि मंदिर और मस्जिद नहीं विकास इस देश पर राज़ करने की पहली शर्त है। क्योंकि जनता के बैलेट में अब सिर्फ काम बोलता है। और इस बात का एहसास कराकर वनवास खत्म करने का श्रेय जाता है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को। एक मुख्यमंत्री के तौर पर शानदार काम का इनाम देश की सत्ता के रूप में मिली और प्रधानमंत्री के तौर पर लाजवाब काम की सौगात यूपी में ऐतिहासिक मैंडेट के रूप में। इसलिए ये मोदी जी की जीत है, मोदी जी के काम की जीत है, प्रधानमंत्री के कुर्सी से सहसिकफाइस्ले लेने वाले नेता की जीत है। इसलिए भी हिंदी भाषी क्षेत्र की पार्टी  मानी जाने वाली बीजेपी अपना दायरा बढ़ाते दक्षिण और उत्तर-पूर्व में भी शान से खिल रही है। विकास के नाम और काम के इनाम में उसे वो कामयाबी मिल रही है जो राम के नाम पर भी नहीं मिली। और इसके केंद्र में रहे पीएम मोदी जी।

पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक हो या रातों-रात देश की 85 फीसदी करेंसी रद्द कर देने का फैसला। भारत के आज़ाद इतिहास में ऐसे नज़ीर कम पेश हुए है। इंदिरा या अटल जी से आगे हर मोर्चे पर मोदीजी एक नयी लकीर खींच रहे है जिसपर जनता की राय चुनावों में इतिहास में नए पन्नों के साथ आ रही है।
इसमे कोई दो राय नहीं की अस्तित्व की लड़ाई लड़ते विपक्ष का फ़ायदा और बेहतरीन बूथ मैनेजमेंट बीजेपी की जीत को गारंटी में बदल रही है। पर इसमे भी रत्ती भर संदेह या संकोच नहीं कि ये सब मोदी जी के कारण हुआ है। भारतीय राजनीति में अरसे बाद कोई ऐसा नेता आया है जिसपर लोग विस्वास कर रहे है। यहीं कारण है कि यूपी से मणिपुर तक उसकी धमक दिखती है।
हालाँकि यूपी का ये ऐतिहासिक मैंडेट बीजेपी से ज़्यादा खुद यूपी के लिए ज़रूरी था। सपा-बसपा की लड़ाई, जातिगत राजनीति और भ्रष्ट व्यवस्था में लॉ एंड आर्डर के हालात ने इस बात को बेमानी ही कर दिया था कि ये मर्यादा पुरुषोत्तम की जन्मभूमि है। हा, ये एक जनादेश सब ठीक कर देगा या बीजेपी चमत्कार कर देगी ये दूर की कौड़ी है। पर राज्य में बदलाव की सख्त ज़रूरत थी,उसकी शुरुआत ज़रूर हुई है।


मैं प्रधानमंत्री मोदी जी के साहसिक फैसलों का कायल हूँ पर मैं अंध-भक्त नहीं। इसलिए मैं सही-गलत में फ़र्क कर हर चीज़ की समीक्षा करता हूँ । और इस ऐतिहासिक जीत के बाद बीजेपी की सबसे बड़ी ज़रूरत यही है। राम मंदिर बने न बने विकास का मंदिर बनना चाहिए। सपा-बसपा की दुकानदारी खत्म हो न हो अपराध का अड्डा बंद होना चाहिए। विकास की सड़क बननी चाहिए। सड़क पर राष्ट्रवाद के बेफिजूल बहस की जगह राष्ट्र-निर्माण के मिशन में लगे रहना चाहिए। मैंडेट के घमंड में चूर होने के बजाये जनता को उसकी सौगात मिलनी चाहिए। ऐसे इसके लिए पांच साल का वक़्त मिल रहा है। पर आज मौका है, दस्तूर भी। मोदी जी और उनकी पूरी टीम को भगवा होली की शुभकामनाएं।




No comments:

Post a Comment