ढाका
में हमले के बाद जब एक पिता को पुलिस ने फ़ोन कर अपने बेटे के शव की शिनाख़्त करने को कहा, तो बड़ी शर्मिंदगी के साथ उसने शव की पहचान करने, उसे लेने से इंकार कर दिया । कहा कि उसने आतंक का रास्ता चुनकर हमारे लिए कुछ छोड़ा नहीं । किस हक़ से हम एक आतंकी को मिट्टी देंगे, और एक आतंकी के जनाज़े में जायेगा कौन ? पर कश्मीर में जब सेना ने आतंकियों के पोस्टर बॉय बुरमाह वाणी को मार गिराया तो उसके जनाज़े में भीड़ लग गयी । विरोध हुआ और आतंकी के समर्थन में हुए विरोध में 15 से ज़्यादा लोगों की जान चली गयी, शायद 15 निर्दोष की जान । कश्मीर अशांत हो गया और ढाका से घाटी तक सवाल सुलग गया कि आतंकवाद का मज़हब क्या है ?
ढाका
हमले में सिर्फ वही लोग मारे गए जो पाक कुरआन की आयतें नहीं बोल सके । इसमें बांग्लादेश की इशरत जहाँ भी थी जिसने कुरान को पाक रखने को मरना पसंद किया । क्योंकि वो जानती थी कुरान धर्म के नाम पर मार-काट की इज़ाज़त नहीं देता, वो जताना चाहती थी कि उन आतंकवादियों का उसके धर्म और धर्मग्रन्थ से कोई लेना-देना नहीं । फिर भी कैफ़े में हिंसा की आग जब बुझी तो मानो वो धुंध भी साफ़ कर मुहर लगा दी गयी की आतंकवाद का इस्लाम से सीधा वास्ता है । और कश्मीर की आवाम ने उसे साबित कर दिया गया ।
समझ
में नहीं आता की एक आतंकवादी अगर मौत के घाट उतारा गया है तो उसके विरोध में हिंसा का ये नंगा नाच क्यों होता है । क्यों लोग भूल जाते है की जो मारा गया वो किसी का बेटा-भाई नहीं सिर्फ मुल्क और इंसानियत का दुश्मन था । एक आतंकवादी सिर्फ क़त्ल-ए-आम की भाषा समझता और वही उसका भी हिसाब होता है । फिर उससे ये कैसी हमदर्दी ? क्यों ऐसी कार्रवाई के बाद सेना की पीठ थपथपाने से पहले उसपर पत्थर बरसा दिए जाते हैं, और तिरंगे की जगह पाकिस्तान का हरा और आईइस का काला झंडा लहराकर मुँह चिढ़ा दिया जाता है ।
इस
बात में रत्ती भर भी शक की कोई गुंजाईश नहीं कि कोई मज़हब कभी कुछ गलत सिखाता है । इस्लाम हो या हिन्दू, कोई कभी आतंकवाद का न पाठ पढ़ाता है न दूसरे मजहब के लोगों को मारने की छूट देता है। फिर हम भी क्यों हर मुस्लिम में आतंकवादी ढूंढने लगते है । ये बात सच है की जिस भी आतंकी घटना का जिक्र होगा, ज़्यादातर में आरोपी कोई मुसलमान रहा होगा । पर इसका ये मतलब भी नहीं की इस्लाम आतंक का मज़हब है । और कौन कहेगा की रमजान के पाक महीने में, ईद के पावन दिन हमले हो रहे है तो वो सच्चा मुसलमान कर रहा है । पाकिस्तान के आर्मी स्कूल में जब बच्चों को बेदर्दी से मारा गया था तो उसके गुनहगार भी मुस्लिम ही थे, जिनका आँगन सुना हुआ था वो भी मुस्लिम ही थे । फिर क्या कहे ?
सबसे
ज़्यादा अशिक्षा, बेरोजगारी और आबादी वो वजह है जिससे हर मुस्लमान जूझता है और उसका फ़ायदा आतंकी और अलगाववादी उठा ले जाते है । चंद पैसों के लिए नौजवान देश के खिलाफ बंदूक उठा लेते है । वो पंथ से मुस्लिम-हिन्दू-क्रिस्चन कुछ भी हो धर्म से आतंकवादी हो जाते हैं, जिनका ईमान सिर्फ लोगों की जान लेना होता है, दहशत फैलाना होता है । इसीलिए हमें सोचना चाहिए की आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को हम क्यों धर्म का रंग देकर अपने घर में रणक्षेत्र बना रहे है । लड़ना है तो मिलकर आतंकवादी बनने की जड़ से क्यों नहीं लड़ते । गरीबी-बेरोजगारी-अशिक्षा के लिए जिहाद क्यों नहीं करते ? विचारों के आतंकवाद के खिलाफ जंग क्यों नहीं करते, जब जाकिर नायक जैसा शख्श टीवी पर उपदेश देकर लोगों को भटकाता है और जेएनयू में उमर खालिद उकसाता है ।
हम क्यों नहीं समझते की आतंक का कोई मज़हब नहीं होता, आतंकवादियों के बन्दूक की गोली तिलक-टोपी का फर्क नहीं समझती। आतंकवादी की मौत पर हिंसक विलाप से बेहतर कोई ये क्यों नहीं कहता कि मरने वाला मेरा अपना नहीं देश का दुश्मन था, जैसा उस बांग्लादेशी आतंकी के पिता ने कहा । जब तक ऐसा नहीं होगा लोग आतंक को मज़हब से जोड़ते रहेंगे, देश की एकता तोड़ते रहेंगे ।

थोड़ा कमज़ोर, पर बेहतर।।। god bless you
ReplyDelete