समझ
नहीं आता एक ही दिन के अख़बार में पहली खबर पर गर्व करूँ या दूसरी खबर पर उससे
ज़्यादा शर्म। विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर आदिवासियों की सफलता का बखान करती
ख़बरों को प्रेरणा समझूँ या उसके एक दिन पहली आई अंधविस्वास की क्रूरतम तस्वीर को
धिक्कार मानू। आखिर हम किस सदी में रह रहे
हैं, जहाँ हम आदिवासियों की परंपरा और उनकी
संस्कृति की हिफाज़त करने का बीड़ा उठाते है, और कंधे पर उनकी लाश ले जाते हैं। मुझे गर्व है आदिवासियों पर, उनके समृद्ध संस्कृति पर, सदियों से चली आ रही परम्पराओं पर, प्रकृति पर उनके बेपनाह प्यार पर...
लेकिन मुझे अफ़सोस होता है की आज भी आदिवासी पूरी तरह आज़ाद नहीं हो सके हैं। वो
गुलाम हैं अपने अंधविस्वास के, उनकी ज़मीं गुलाम हैं पूंजीपति सोच की, उनका विकास गुलाम हैं सरकारी अनदेखी का, और उनकी मेहनत गुलाम है आरक्षण के
धकोस्ले का।
जिस
समाज के कुछ 'भगत' हर रोज़ तिरंगे की पूजा किये बिना अन्न का एक दाना मुँह में नहीं
डालते, जिस समाज के लोगों के लिए अन्न का
अपमान भगवान के अपमान से भी बड़ी बात है, जिन लोगों के लिए प्रकृति ही सबसे बड़ा भगवान हो, जहाँ संगीत रगों में दौड़ती हो, जन्म से मृत्यु तक जो लोग मांदर की थाप
पर झूमते हो, और जहाँ हर एक कदम आगे की ओर बढ़ती है, पर दूसरा कदम पीछे छूट रहे चीज़ों को
सहेजता है... सोचिये वो लोग कितने महान होंगे, और उनकी परंपरा कितनी प्रेरणादायक। दरअसल ये विरासत है जिसे कुछ लोग
आदि काल से जीते आ रहे है, इसीलिए आदिवासी कहलाना उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है।
पर
आदिवासियों की पहचान का ये एक पन्ना है। दूसरा पन्ना उन गैर-आदिवासी लोगों का
नजरिया है, जो हर वक़्त सही नहीं रहता, पर हमेशा गलत भी नहीं होता। बाहरी
दुनिया आदिवासियों को उस तबके के तौर पर देखती हो जो शिक्षा से कोसों दूर है, जिन्हें आरक्षण से इतना प्यार है की मेहनत से भागते है, जिनके लिए सरकारी संस्थानों में पढाई
और नौकरी मेरिट नहीं जाति से तय होती है, जिन लोगों को आसानी से विस्थापित कर उनकी ज़मीन पर विकास की इबारत
लिखी जा सकती है,
जो
समाज नशे में इतना चूर है की हड़िया के एक ग्लास में वो अपने वोट का सौदा कर सकते
हैं, जहाँ नेता सिर्फ दलाली करने को खादी का
चोला ओढ़ते हैं, और जहाँ लोग इतने अन्धविस्वासी है की
डायन कहकर नरसंहार कर देने से कांपते तक नहीं हैं।
ये
कड़वी बातें हैं जो मुझे नहीं करनी चाहिए थी, खासकर आज के दिन। पर ये वो हकीकत भी है, जिसे समझना और उससे आज़ाद होना ज़रूरी भी
है। झारखण्ड से बाहर के लोग आदिवासी सुनते सबसे पहले नक्सलियों की छवि याद करते
हैं। अब उन्हें कौन बताये 86 लाख आदिवासियों में चंद लोग विकास नहीं मिलने की
बजाये बन्दूक से दोस्ती कर चुके हैं, तो उनके खिलाफ लड़ने और शहीद होने वाले फ्रांसिस इंदुवर, अमरजीत बलिहार, लुकस टेटे जैसे सपूत भी आदिवासी ही थे।
जिन विकास की इमारतें देखकर लोग इतराते हैं, उन्हें कौन बताये की ये इमारत आदिवासियों की ज़मीन छीन कर, उन्हें रौंदते हुए बनायी गयी है। ये
बातें हर कोई नहीं समझता, पर मैं चाहता हूँ की इस आदिवासी दिवस पर सिर्फ बाहरी दुनिया ही सब
कुछ न समझे, आदिवासी भी बाहरी दुनिया में झांके। ये जाने की
जो देश मंगल पर पहुँच गया है, उस देश के सबसे खास तबके के लोग अब भी किसी काल-कोठरी में तो नहीं
छूट गए। सरकार से शिकायतों की पूरी पोथी है, सिस्टम की दुस्वारियों की कहानी सच्ची है। पर कसम खानी होगी की सरकार
से अपेक्षा करेंगे, पर
जो बदलाव हम खुद ला सकते है, वो लाएंगे। अंधविस्वास का 'डायन' कोई
सरकार नहीं मिटा सकती, नशाखोरी
खत्म करने का आदेश अमल में कोई व्यवस्था नहीं ला सकती, खुद के विकास लिए शिक्षा की ज्योत
जलानी होगी, वरना कोई सिस्टम आदिवासियों के लिए आगे
नहीं आने वाला। क्यों आदिवासी हुनरबाज़ भी आरक्षण भरोसे ज़िन्दगी के इम्तिहान दे।
क्यों आदिवासी होना गर्व से ज़्यादा अपमान का भाव दे ? ये वक़्त है की जो लोग सदियों से
संस्कृति और परंपरा को सींचते आ रहे हैं अब वो बाहरी दुनिया के हिसाब से अपने
अंगने में बदलाव के कुछ बीज भी बोये, रूढ़िवादी विचारों की बलि दे, और ऐसा करना होगा अपनी संस्कृति को और समृद्ध बनाते हुए, जल-जंगल-ज़मीन से बेपनाह प्यार करते
हुए। क्योंकि यही इस समाज की सबसे खूबसूरत तस्वीर है। और जिस कारन हमें आदिवासियों
पर नाज़ है।

No comments:
Post a Comment