Saturday, August 15, 2015

भारत अद्धितीय है, अद्भुत है, अतुलनीय है, क्योंकि…



5000 साल पुरानी सभ्यता का बखान करता न मैं अक्षय कुमार हूँ, न पश्चिम को पूर्व की खूबियां बताता मनोज कुमार और न ही विदेशी शैलानियों का स्वागत करता आमिर खान। बल्कि मैं इस बड़े देश का छोटा सा नागरिक हूँ, जिसके लिए यहाँ की माटी माता है, और यहाँ जन्म लेना सबसे बड़ा सौभाग्य है।  मैंने भारत का अतीत सिर्फ किताबों में पढ़ा है, कहानियों में सुना है। बापू से विवेकानंद तक का ऋणी हूँ। पर उसके आज को तो मैं जी रहा हूँ, और उसी अनुभव मात्र के आधार पर मानता हूँ की मेरा भारत अद्भुत है, अद्धितीय है, अतुलनीय है, क्योंकि यहाँ की मिट्टी सोना है, इंसान हीरा है, और हमारी संस्कृति समृद्ध है।
ये वो देश है जहाँ रेत पर अंगुलियां फेर कर सुदर्शन दुनिया को हर रोज़ भारत दर्शन कराते हैं, और उसी मिट्टी की रक्षा करने को रेत से जवान तिलक लगाते है। यहाँ सहादत सबसे बड़ा सम्मान है, देश की हिफाज़त हर किसी का स्वाभिमान है। ये भारत है, जहाँ का कण-कण लाजवाब है। यहीं जन्में हैं कमाल के कलाम, यहीं की सेवा में जीवन गुजारा है मदर जैसी मेहमान।  यहीं रचे बसे हैं दुनिया के एक से बढ़कर एक फनकार। सचिन हो या रहमान, बच्चन हो या लता के गान। मंगल की यात्रा ऑटो से जहाँ सस्ती हो, स्वामीनाथन जैसे विज्ञान के स्वामी हो, उस देश के बारे में क्या-क्या बताऊँ जहाँ हर किसी के दिल में एक कैलाश सत्यार्थी हो। ये जवान भारत है, जिसकी आज भी अंगुली थामे अटल और अन्ना हैं। जहाँ कामयाबी हर किसी की तमन्ना है, हर हाथ में झाड़ू और जेहन में स्वच्छता का सपना है। दुनिया में जिसके आटा से टाटा तक की यलगार है है, वही तो है मेरा भारत जिसकी सर्वत्र जयकार है।
जहाँ के खेत दुल्हन की तरह सजती हो, मिट्टी सुनहरी फसल उपजाती हो, जहाँ की परम्परा परदेसियों को भी लुभाती हो जिस देश में प्यार मकबरे में भी ज़िंदा रह जाता हो, जहाँ की आरती में गंगा जैसी पवित्रता और अज़ान में एक मिठास हो, उस देश की बात और क्या बताऊँ जहाँ कश्मीर से कन्याकुमारी तक खूबियों की खुमारी हो। जहाँ लोकतंत्र में लाज़ हो, यंगतंत्र में जोश और भीड़तंत्र में जुनून हो, उस देश के जज्बे के बारे में क्या बताऊँ जहाँ हर दिल पर हिंदुस्तान का कब्ज़ा हो। इसीलिए कहता हूँ अतीत शानदार रहा है, जिसने आज के भारत को लाजवाब बना दिया है। भारत को अद्भुत, अतुलनीय बना दिया है। इसीलिए इसी मिट्टी पर जन्म लेना और इसी की खातिर जीना मेरे हर जन्म की हसरत है। मुझे नाज़ है अपने महान भारत पर, अपने भारतीयता पर। जय हिन्द, जय भारत।


No comments:

Post a Comment