Tuesday, July 28, 2015

अब कौन कहेगा "आई एम कलाम "

भारत की सरजमीं हमेशा से पुण्य आत्माओं का बसेरा रही है, शायद इसीलिए बगैर कोहिनूर के भी हमारा देश हमेशा से सोने की चिड़िया रहा है, जिसके सीने पर तमगे जैसे रत्न चमकते है, और फ़लक पर कामयाबियों के निशां होते है। यही वजह है की सफलता के उस शोर में जब कोई सितारा मौन होता है तो पूरे 125 करोड़ की आबादी वाला देश दिल में गर्व और आँखों में आंसू के साथ स्तब्ध रहता है, जैसा आज है। गर्व है की मैं उस महान कलाम के देश में जन्मा हूँ, अफ़सोस है की उनके जाने पर अपनी कलम चला रहा हूँ, कसक है की एक बार उन्हें करीब से जानने का मौका नहीं मिला, पर ये एहसास है की उनका होना हमारे लिए कितनी बड़ी बात थी, और उनका न होना कितनी बड़ी क्षति है। फिर भी इस बात की ख़ुशी है की 'सर कलाम' जब तक रहे देश का सर ऊँचा रहा, मिसाइल की तरह सफलता की कहानी आसमान में तिरंगा लहराती रही, और भविष्य के भारत का सपना बुनते-बुनते 'पोखरण का ये संत' हम सबको अलविदा कह गया।
सर कलाम अब हमारे बीच नहीं रहे, पर वो अमर रहेंगे हमारे यादों में, कल के भारत के सपने में। जिस देश में '100 में 99 बेईमान फिर भी मेरा देश महान' का नारा आम हो, वहां एपीजे अब्दुल कलाम जैसी शख्सियत ही महानता की मिसाल बनते है, और बताते है की एक व्यक्ति भी चाह ले तो देश में बड़ा बदलाव आ सकता है। सर कलाम कहते थे की सपनें वो नहीं होते, जो हम बंद आँखों से देखते है, बल्कि सपनें वो होते है जिसे हम खुली आँखों से देखते है और उसे पूरी करने के लिए कोशिश करते है। और ऐसा ही एक सपना है "विज़न 2020 " . साल 2020 तक विकाशशील भारत के विकसित होने का सपना। ये लेकिन ये सपना अकेले सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं 125 करोड़ की आबादी वाले एक विशाल देश के एक-आदमी का होना चाहिए। सर कलाम चले गए, पर पीछे अपनी यादों से ज़्यादा अपने सपने को अधूरा छोड़ कर। वो सपना जिसका पूरा होना ही उन्हें समस्त भारत की ओर से सच्ची श्रद्धांजलि होगी। वरना भींगे पलकों से तो हम किसी को भी नमन कर जाते है, लेकिन "इग्नाइटेड माइंडस" जैसे लोगों को भींगे पालक नहीं, जोश-जूनून और जज्बें की दरकार होती है।

भारत को परमाणु संपन्न बनाना हो, विज्ञान के क्षेत्र में अग्रणी लाना हो, या युवाओं की नयी पौध को देश के लिए जीना सीखाना, सर कलाम ने हर चुनौती पर जीत हासिल की। इसलिए उनके जाने के बाद सवाल विज्ञान जगत में पैदा होने वाले शून्य का नहीं। आशंका सपनों में शून्य के पैदा होने का है। आज के दौर में जब भविष्य के बारे में सोचना सबको आफत लगता हो, वैसे में उस भविष्य के लिए देश का सपना देखने और उसे पूरा करने का माद्दा रखने वाले सख़्श कलाम बनते है। महान भारत में ऐसे कलाम एक आये और अपना जीवन इस माटी को समर्पित कर चले गए। दोस्त बताते हैं की आखिरी वक़्त के लिए उनकी मुराद थी की वो काम करते मरे। ऐसा हुआ। पर ये चुनौती छोड़ कर गए की इस माटी पर सपनें देखने और उसे सच करने वाले और कितने कलाम हैं। कौन हममें से निकल कर 2020 का सपना पूरा कर सकेगा, कौन चिल्लाएगा "यस वी कैन", कौन कह सकेगा "आई एम कलाम "


No comments:

Post a Comment