Tuesday, July 14, 2015

एक छत के नीचे पूरा हिंदुस्तान !



வணக்கம் ! তুমি কেমন আছ? എനിക്ക് സുഖമാണ്. ਤੁਹਾਡੇ ਨਾਲ ਗੱਲ ਕਰਨ ਲਈ ਇਸ ਦੇ ਮਹਾ.
पूरी उम्मीद है की ऊपर क्या लिखा है समझ नहीं आ रहा होगा। और अगर आप ये समझते हैं की मैं अलग- भाषा को सीखने की कोशिश कर रहा हूँ तो भी आप गलत होंगे। मुझे हिंदी आती है, थोड़ी बहुत अंग्रेजी, पर कई बार ऐसा होता है की हम ऐसे जगह होते हैं जहाँ भाषा नहीं चेहरे बोलते हैं, बातचीत शब्दों की मोहताज़ नहीं रह जाती। मैं ऐसे ही अनुभवों को जी कर आया हूँ। गया था बैंक की ट्रेनिंग लेने पर वहां बैंक की डेबिट से ज़्यादा दिमाग में अलग अलग जगह से आये लोगों की खासियतें क्रेडिट हो गयी। आगे कुछ लिखूं उससे पहले ऊपर लिखी चीज़ें बता देता हूँ। வணக்கம் ! (वणक्कम ! तमिल में ), তুমি কেমন আছ?  (बांग्ला में आप कैसे हो ?), എനിക്ക് സുഖമാണ് (मलयालम में जवाब- मैं अच्छा हूँ।), ਤੁਹਾਡੇ ਨਾਲ ਗੱਲ ਕਰਨ ਲਈ ਇਸ ਦੇ ਮਹਾ (पंजाबी में- आपसे बात कर अच्छा लगा) ।
अब तक बंगालियों के बैंक के रूप में जाना जाने वाले यूनाइटेड बैंक में नौकरी मिलना, एक बंगाली लड़की से शादी होना, और फिर भी बांग्ला का ए बी सी भी ना जानना अपने आप में थोड़ी अजीब बात है, लेकिन इस अफ़सोस से ज़्यादा मुझे इस बात की ख़ुशी थी की मैं ज़िन्दगी का एक नया अनुभव सीख रहा हूँ, भारत को करीब से देख रहा हूँ। एक छत के नीचे मिनी इंडिया से मिल रहा हूँ। 686 प्रोबेशनरी ऑफिसर में हमारे बैच में 114 लोग थे, पर सबसे खास बात थी की ये 114 युवा देश के 19 अलग राज्यों से अपनी संस्कृति अपनी भाषा के कुछ अंश समेटे आये थे।  जम्मू से लेकर केरल और असम से लेकर गुजरात तक सब साथ थे। ऐसा कम ही होता है जब हम भारत की ऐसी विविधता को इतने नजदीक से देख पाते हैं। पर यकीन मानिये इसका भी अपना मजा है। मसलन जम्मू से आये अजय से हर कोई मिलना चाहता था और केरल के एलेप्पी से आयी मंजूषा एम को हर कोई हिंदी सीखाना चाहता था। गुवाहाटी के लाटूमणि नार्थ-ईस्ट के बारे में बताते, पंजाब-राजस्थान की दोस्ती हर वक़्त साथ दिखती तो हर तीसरा सख़्श बंग्ला सीख लेने की गुजारिश कर जाता।
अच्छा लगता है की हमारे देश की माटी के वाकई कितने रंग है, और हर रंग किस तरह एक दूसरे में घुलने को बेताब रहता है। अब मध्य प्रदेश के जबलपुर से आयी बंगाली बाला मधुश्री बंगाली से ज़्यादा अच्छा कन्नड़ में  गाती होगी, कौन यकीन करेगा, और हिंदी फिल्मों से कोई खास वास्ता नहीं रखने वाले तेलगुभाषी पवन "तुझमे रब दिखता है..." गुनगुनाये, तो क्या कहियेगा। ये सबकुछ लाजवाब था। पवन हो या आंध्र-तेलंगाना से आये दूसरे लड़कें, उनके लम्बें नाम सुनना भी मजेदार होता था। सुबह की चाय-कॉफ़ी से रात के डिनर तक एक अलग माहौल होता था, किसी को शुद्ध शाकाहारी भाता, किसी को रोटी-सब्जी नहीं सुहाता। यहीं आ कर पता चला की आंध्र के लोगों का खाना दही के बिना अधूरा है, और यूपी के लोगों की बोली उनके अंदाज़ के बिना। यहाँ आ कर 14 दिनों में ही 114 अलग-अलग लोगों में बहुत कुछ देखा, और सीखा भी।
ओडिशा के सौरोजित से नए-नए खाने को चखना सीखा, तो बंगाली बाबू आसिफ को हिंदी से जूझता देखा। शुक्ला जी का बचपना देखा, तो चक्रवर्ती जी की उलझने देखी। विवेक की नादानी और शहज़ाद के बंक मारने के किस्से सुने। सेल्फ़ी मौसी का कैमरे से प्यार देखा, तो अनुभूति की अदायें देखी।  प्रवीण का दिलकश गाना सुना तो भरत के डांस स्टेप्स को जाना। विदाई के वक़्त 2bi को भावुक देखा तो एक ही क्लास में पांच-पांच सौरभ से भी मिला। सब के बारे में नहीं बता पाया, लेकिन सबसे बहुत प्रभावित हुआ। और यहीं आ कर पता चला की हमारी हिंदी फिल्में सिर्फ लोगों का मनोरंजन नहीं करती बल्कि गैर-हिंदी भाषी क्षेत्रों के लोगों को हिंदी समझाती भी है, और टीवी पर सास-बहु की खिटपिट भाषा की दूरियां मिटाती है।
जानता हूँ की ऐसे अलग-अलग लोगों से यूँ मिलना सबके लिए संभव नहीं होता, पर मौका मिले तो अपने भारत के लोगों से मिलना ज़रूर चाहिए। ये हमें अपनी संस्कृति से मिलाते हैं, अपनी मिट्टी की महक से रूबरू करवाते हैं। भारत दर्शन की कहानी सुनाते हैं और ले जाते हैं ऐसी दुनिया में जहाँ भाषा नहीं चेहरे बोलते हैं, तौर-तरीका बोलता है।   


10 comments: