Sunday, June 12, 2016

बंद कर दो राज्य सभा को अपर हाउस कहना !



हरियाणा में फाउंटेन पेन का इंक बदलने से बीजेपी समर्थित मीडिया टाइकून सुभाष चंद्रा राज्यसभा पहुँच गए । कर्नाटक में पैसे खाकर विधायकों ने परिणाम बदल दिया । झारखण्ड में विधायकों की गिरफ़्तारी वारंट से क्रॉस वोटिंग तक के हथकंडों को अपनात बीजेपी नेे राज्य सभा में दो सांसद भेज दिए । एक ही दिन में सियासत के तीन रंगों का मकसद पार्टियों द्वारा संसद के अपर हाउस को अपने रंग में रंगना था । अपर हाउस में अपनी ताकत बढ़ाने के लिए कितना भी नीचे उतरना हो उसके लिए सब तैयार रहते है । सीटों के लिए बोली लगती है, भरा ब्रीफ़केस जीत की गारंटी होता है, इसलिए सवाल बड़ा है, इतनी नीच राजनीति कर जो लोग संसद जाते हैं, उनकी उपस्थिति राज्य सभा को अपर हाउस कहलाने लायक छोड़ती है ?
245 सदस्यों वाली संसद की इस ईकाई को अपर हाउस का दर्जा  दिया गया है, क्योंकि यहाँ नेताओं का वो तबका बैठता है जिसका देश में खास योगदान हो, वो नामी-गिरामी शख्सियतें बैठती हैं जो बड़े बदलाव के वाहक बन सकते हैं, राष्ट्रपति मनोनीत वो 12 लोग होते है जो कला-विज्ञान-खेल जैसे क्षेत्रों के धुरंधर हो । पर इस संस्था की ये पारंपरिक परिभाषा अब सिर्फ संविधान के पन्नों तक सिमटी है । राष्ट्रपति मनोनीत सदस्यों और चंद अपवादों को छोड़ दे तो ये सभा सिर्फ रशूखदारों की शोभा बढ़ाती है । यहाँ पार्टियों के सिर्फ वो नुमाइंदे बैठते है जो कहीं से जनता के वोट से विधानसभा का भी चुनाव नहीं जीत पाते हो । वो नेता होते हैं जिन्हें हाईकमान चमचागिरी का इनाम देता है । और नेताओं से पहले उनको तरजीह दी जाती है जो एक सीट के बदले पार्टी विधायकों को करोड़ों तो पार्टी फण्ड को अरबों देने की क़ुव्वत रखता हो । इसीलिए राज्य सभा अरबपति बिज़नेसमैन का पसंदीदा अड्डा बन गया है जहाँ चंद करोड़ रुपये उन्हें सीधे सत्ता के गलियारे में पहुंचा दे, वो पॉवर पॉलिटिक्स का हिस्सा बन जाये ।
बैंकों के प्रॉफिट में सेंध लगाने वाले विजय माल्या ऐसा इसलिए ही कर पाये क्योंकि वो राज्य सभा सांसद थे । एक नहीं दो-दो बार । दोनों बार सियासत के दो अलग स्तम्भ समान पार्टियों के सहयोग से । फार्मा व्यापारी महेंद्र प्रसाद लगातार 6 बार राज्य सभा इसलिए ही जा सके क्योंकि बिहार की तमाम पार्टियों को लुभाने के लिए उनकी 683 करोड़ की घोषित संपत्ति काफी थी । अलकेमिस्ट ग्रुप के मालिक के डी सिंह जेएमएम् के सांसद इसलिए ही बने क्योंकि पार्टी को खिलाने के लिए उनके पास पैसों की कोई कमी नहीं थी । और हर बड़े व्यापारिक घराने के मालिक या उनके खास ऐसे ही सांसद नहीं बन जाते ।
ये चंद उदहारण है, फेहरिस्त बहुत लंबी है । लेकिन हकीक़त है की राज्य सभा चुनाव अब मंडी जैसा है जहाँ पैसा फेंको और तमाशा देखो जीत का मूलमंत्र है । विधायक परमात्मा की आवाज़ सुनकर नहीं पैसों का प्रसाद लेकर वोट देते है । कोई पैसे खाकर कलम बदल देता है, कोई वोट देकर अपना वोट अवैध करार करवा देता है । बहुमत वाली पार्टी का सिपाही हार्ट है क्योंकि पैराशूट कैंडिडेट आसमान से पैसों की बारिश करते है । और लैंड करते हैं वहां जहाँ से देश चलता है । व्यवस्था में दीमक लगाने कुछ लोग व्यवस्था का अंग बन जाते है और देश सोचता है हमारी सियासत के कुछ नए कर्णधार आ गए । पर धिक्कार है ऐसे लोगों पर । और राज्य सभा का मतलब और पर्याय ऐसे लोगों से ही रह गया है तो बंद कर दीजिये इस राज्य सभा को या हटा दीजिये इसको मिला अपर हाउस का तमगा ।

1 comment: