Thursday, June 9, 2016

सेंसर बोर्ड का 'संस्कारी' सेंसरशीप क्यों ?




फिल्में समाज का आइना है, ये बात उतनी ही पुरानी है जितना शायद फिल्मों का वज़ूद है । पर आप भी ऐसी सोच रखते हैं तो अपनी ग़लतफ़हमी दूर कर लीजिये और भारत की सेंसर बोर्ड को देख लीजिये, यकीन होगा की फिल्में समाज का आइना कम, अपने मुँह मियां संस्कारी कहलाने की कोशिश ज़्यादा है ।
उड़ते पंजाब के पर काटने का फरमान सेंसर बोर्ड की ऐसी ही कोशिश का प्रमाण है जिससे सिनेमा इंडस्ट्री से जुड़ा हर शख्स और दर्शक स्तब्ध है । मसहूर निर्देशक अनुराग कश्यप की नयी फ़िल्म उड़ता पंजाब पर सेंसर बोर्ड और उसके संस्कारी चेयरमैन ने इतनी कैंची चलाई की फ़िल्म के नाम से भी पंजाब को उड़ाने का आदेश आ गया । फ़िल्म को एडल्ट सर्टिफिकेट भी दिया गया वो भी 89कट्स के साथ । अब अंदाज़ा लगाइये जिस फ़िल्म का आधा नाम और आधी फ़िल्म ही रिलीज़ के एक हफ़्ते पहले काटने को कह दे तो उसमे देखने-दिखाने को बचेगा क्या । आखिर पहलाज निहलानी चाहते क्या हैं । और फ्रीडम ऑफ़ स्पीच की धज्जियां उड़ाकर क्या वाकई पहलाज फ़िल्म इंडस्ट्री को नार्थ कोरिया की शक्ल दे रहे हैं, जैसा आरोप अनुराग लगा रहे हैं ? पंजाब से नाता रखने वाले टीवी के सबसे चर्चित चेहरों में शुमार कपिल शर्मा कहते हैं कि जो शख्स पंजाब में ड्रग्स और उपजी समस्याओं को झूठ कहता है उसका मतलब है वो पंजाब के बारे में कुछ नहीं जानता। तो क्यों सेंसर बोर्ड सच को ही सेंसर कर रहा है ?
बवाल इसलिए भी क्योंकि संस्कारी सेंसरशिप की ये कोई पहली घटना नहीं है । जेम्स बॉन्ड की कहानी बॉन्ड गर्ल के बिना हमेशा अधूरी मानी जाती रही है । लेकिन उस फ़िल्म से किसिंग सीन काट दिया जाये तो उस फ़िल्म की कहानी का कैसे रेप हो जाता है, ये हर बॉन्ड फैन समझता होगा । एंग्री इंडियन गॉडेस का गुस्सा हटा दिया जाये, अलिगढ़ के प्रोमो तक को बेवज़ह A सर्टिफिकेट दे दिया जाये, जय गंगाजल में "साले" शब्द के लिए कैंची की धार बढ़ा दी जाये और उड़ता पंजाब से पंजाब को ही उड़ा दिया जाये, तो फिर बचता क्या है ?  जबाव सीधा है- संस्कार । क्योंकि फिल्मों को सर्टिफिकेट देने वाली संस्था के मुखिया ही कहते है की- मैं सेंसर बोर्ड को संस्कारी बनाना चाहता हूँ, क्योंकि मैं एक संस्कारी चीफ हूँ । ये सब उसी वक़्त जब मस्तीज़ादे, क्या सुपरकूल हैं हम, लव गेम्स जैसी बी और सी ग्रेड फ़िल्म आसानी से परदे पर उतर रही हैं ।
भारत में सेंसर बोर्ड और उसकी कैंची हमेशा से विवादों में रहो है । यही कारन था की मोदी सरकार इस संस्था की अहमियत समझते हुए उसका कायाकल्प करना चाहती थी इसीलिए इसकी बागडोर पहलाज निहलानी को सौंपी गयी । पर मोदी के इस स्वघोषित भक्तन तो इस सेंसर बोर्ड को भारतीय फिल्मों के लिए कैंसर बना दिया । मसहूर फिल्मकार श्याम बेनेगल के नेतृत्व में बनी कमेटी ने सुझाव दिया था की सेंसर बोर्ड का काम सिर्फ फिल्मों को उसके कंटेंट के हिसाब से सर्टिफिकेट देने वाली संस्था बना देना चाहिए । आज विवादों के बीच अमिताभ बच्चन भी यही मांग रख रहे है और शायद पूरी फ़िल्म इंडस्ट्री भी ।
सोचिये पहलाज निहलानी के दौर में 'गैंग्स ऑफ़ वासेपुर' बनती तो उसका क्या होता, शायद मदर इंडिया तक पर निहलानी की कैंची निहाल हो जाती क्योंकि हमारे समाज में महिलाओं का यूँ हल चलाना, ऐसा हाल गंवारा नहीं होता । शायद स्लमडॉग मिलियनेयर बैन हो जाती क्योंकि इसने गरीबी दिखायी । पर एमएसजी में बाबा आदिवासियों को राक्षस भी कह दे तो चलता है, क्योंकि हमारे संस्कार में बाबा महान है ।
दरअसल जिस देश में सिनेमा मनोरंजन से ज़्यादा संस्कार का माध्यम बन जाये वह सिनेमा बनाना एक पाप हो जाता है । भारतीय फ़िल्म उद्योग ऐसे ही दौर से गुजर रहा है । सरकार सेंसर बोर्ड को उसका काम नहीं सीखा पा रही है और बोर्ड दर्शकों को संस्कार सीखा देने पर तुले है । कोई ये नहीं बता रहा की कैंची अगर बेलगाम हो जाये तो धज्जियां उड़ा देती है, उड़ते पंजाब की उड़ती धज्जियां शुरुआत है । अगर कोई ठोस पहल कर पहलाज की कैंची नहीं रोकी गयी तो फिर फिल्मों में संस्कार थोप दिया जायेगा और समाज का सच दिखना हमेशा के लिए बंद हो जायेगा ।

No comments:

Post a Comment