Wednesday, November 25, 2015

सच बोलना बगावत है, तो समझो मैं बागी हूँ।

जिस वक़्त देश में विरोध और विद्रोह के बीच की लक़ीर मिटा दी गयी हो, उस वक़्त मुझे समझ नहीं आता की सहनशीलता और असहनशीलता के बीच फर्क क्या है। जिस देश में विरोध की हर आवाज़ को देशद्रोही का तमगा दिया जा रहा हो, समझ नहीं आता वहां सहनशीलता ज़्यादा है असहनशील। समझ नहीं आता सहनशीलता सहूलियत की पैदाइश है असहनशीलता सियासत की।
आखिर ये कैसी स्थिति है की असहनशीलता की बात करने वाला हर सख्स देशद्रोही घोषित हो जाता है, और उसके खिलाफ में लोग जब छाती पीट-पीटकर विरोध की हर सीमा से गुजर जाते हैं तो भी सहनशीलता की शान बनी रह जाती है। ये कैसे लोग हैं जो असहिष्णुता पर बहस को देश की बदनामी मानते है, लेकिन खुलेआम लोगों को पाकिस्तान की ट्रेन पकड़ने की बात करना देश की जयकार समझते हैं। ये कैसा समाज है जहाँ योगी-साध्वी और ओवैसी की बातें सहनशीलता से सुनी जाती हैं और आमिर-शाहरुख़ पर भड़ास निकाली जाती हैं। ये कैसी व्यवस्था है की जब देश के प्रधानमंत्री विदेशों में किसी रॉकस्टार की तरह बताते हैं की 'उनकी सरकार से पहले भारत में सिर्फ घोटाले होते थे' तब देश की छवि पर दाग नहीं लगा और जब कोई फिल्मी सितारे ने किसी मुद्दे पर अपना पक्ष रखा तो देश बदनाम हो गया ? ये क्या बात हुई की भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच श्रीलंका में हो तो हम ताली बजायेंगे, लेकिन पाकिस्तानी अंपायर अलीम डार को भारत में अंपायरिंग नहीं करने देंगे।
असहिष्णुता के सवाल पर दूसरे देश जाने की बात करने वाले आमिर खान को देश, राजनीति और सोशल मीडिया एक रूलिंग वर्ग गद्दार कह रहा है, पाकिस्तान-सीरिया जाने की नसीहत दे रहा है, ये जता रहा है की पीके देख कर उसने आमिर पर कितना बड़ा एहसान किया है। रंग दे बसंती के दलजीत या सरफ़रोश के एसीपी राठौड़ की जगह पीके पर जोर इसलिए क्योंकि आमिर मज़हब से मुस्लिम है, और पीके बनकर वो हिन्दू धर्म के ठेकेदारों की फ्रॉडगिरी की पोल खोल रहे थे। और ऐसा करने वालों में परेश रावल भी थे जिन्होंने फिल्म ओह माय गॉड में वही धार्मिक फ्रॉडगिरी का भंडाफोड़ किया था, पर विरोध इसलिए नहीं हुआ क्योंकि वो हिन्दू थे। तो कोई बताये की सहनशीलता या असहनशीलता का पैमाना क्या है ? मुस्लिम करे तो गलत, हिन्दू करे तो सही। बीजेपी नेता अरुण शौरी देश को असहनशील कह दे तो, सब ठीक। एक राज्यपाल हिंदुस्तान को हिन्दुओं का कह दे तो ठीक। ये सब सहूलियत के मुताबिक सहनशील है।
आमिर ने आज जो कुछ कहा, इससे भी आगे बढ़ कर देश छोड़ने की बात 2013 में दक्षिण के सुपरस्टार कमल हासन ने भी की थी। पर सौभाग्य या दुर्भाग्यवश उस समय उनका विरोध करने वाला कोई नहीं था। न केंद्र सरकार न बीजेपी और न ही वो जो आज देशभक्ति का झंडा उठाये खड़े हैं। फिर इसे क्या माना जाये। 2007 में जब भारतीय क्रिकेट टीम वर्ल्ड कप के पहले राउंड से बाहर हो गयी तो महेंद्र सिंह धौनी के अपने शहर रांची में विरोध में उनकी शव यात्रा तक निकाल दी गयी, और 2011 में उसी धौनी को सर का ताज बना दिया। ये सहनशीलता का कौन सा अध्याय था। निर्भया के साथ दरिंदगी हुई और सरकारें सोती रही ये सहनशीलता की कौन सी मिसाल थी। 84 या 92… बाबरी या दादरी… सियासत में रहते किसने सहनशीलता की लकीर खींची थी। पढ़े-लिखे अनपढ़ समान किसी व्यक्ति को किसी प्रतिष्ठित संस्था का निदेशक बनाकर सरकार छात्रों से किस सहनशीलता की उम्मीद करती है ? साहित्यकारों की हत्या हो जाये, और कोई जांच करने वाला न हो तो अवार्ड्स की चमक कब तक सहनशीलता का इम्तिहान देगी ? और सरकारी सहनशीलता के समर्थक लोग किस-किस को असहनशील मानते है ? क्या आमिर-शाहरुख़ असहनशील है, या ftii के छात्र, OROP की मांग करने वाले सैनिक, सुरक्षा की मांग करने वाले साहित्यकार, या फिर दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का हर वो सख्स जो अपने सुझावों से, खामियां बताकर, बहस छेड़ कर, अभिव्यक्ति की आज़ादी से देश की सरकार तक अपनी आवाज़ पहुँचाना चाहता है।
अफ़सोस की बात बस इतनी है की सड़क पर या 24 घंटे वाले टीवी चैनल पर जितने लोग खुद को सहनशील बताते हुए आमिर-शाहरुख़ जैसे लोगों को पाकिस्तान का टिकट थामने पर आमदा है उन्हें तो शायद सहनशीलता का अर्थ भी नहीं पता है। जो लोग दूसरे की बात सुनने की छमता भी नहीं रखते वो क्या सहनशील होंगे। कितने लोग थे जिन्होंने ये जाना चाहा की आखिर देश के प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने कुछ कहा तो उसके पीछे के उनके तर्क को सुना-समझा जाये ? भई जो खुद सहनशील नहीं पहले तो उन्हें ही पाकिस्तान चले जाना चाहिए। क्योंकि बात साफ़ है की मेरा महान भारत दुनिया को सहनशीलता का पाठ पढ़ाता है, बुद्ध और गांधी की धरती शांति का सन्देश देती है। यहाँ हम अपनी खामियों पर बहस तो कर सकते है पर किसी की कट्टरता बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस देश को ओवैसी-योगी से ज़्यादा 'कर्मयोगियों ' की ज़रूरत है। सच्चाई ये है की सहनशीलता-असहनशीलता सिर्फ चंद कट्टर लोगों की सोच और सिस्टम की कुछ खामियों की वजह से है। बस ऐसे लोगों पर लगाम लग जाये और सरकार थोड़ी और संजीदा हो जाये तो  धार्मिक और सामाजिक सद्भाव की पहचान रखने वाले देश से असहनशीलता में से "अ" कब हॉट जायेगा, किसी को पता भी नहीं चलेगा। ये भारत के समाज का सच है, जिसे बोलने में मुझे कोई गुरेज नहीं और आपने सुना तो होगा ही की 'अगर सच बोलना बगावत है तो समझो मैं बागी हूँ। '


1 comment: