Sunday, November 15, 2015

हुटूप से मलूटी तक… संभावनाएं असीम



झारखण्ड 15 साल का हो गया। वो उम्र में किशोर हो गया, जिसके सीने में जोश लहू से भी तेज़ बहता है, और दिल में उमंग की बहार छाती है। ये वो राज्य है जिसकी चर्चा खनिजों के साथ शुरू तो होती रही है, लेकिन बात राजनीतिक अस्थिरता, घोटाले, भ्रष्टाचार, नक्सलवाद और लूट-खसोट से कभी आगे नहीं जा पाती। 15 साल में 10 सरकारें, तीन बार राष्ट्रपति शाषन, सभी 24 जिलों में नक्सली खौफ, अशिक्षा के डरावने आंकड़े, कुपोषण का कड़वा घूँट, और संत्री से मुख्यमंत्री तक की कलंक कथा। अब तक झारखण्ड की यही पहचान रही थी। किसी से भी पूछ लीजियेगा बात शायद ही इससे आगे बढ़े। पर 15 साल का झारखण्ड किताब के इन पन्नों को पलट कर आगे बढ़ रहा है।  बदलते वक़्त के साथ झारखण्ड भी बदल रहा है। पहचान बदल रही है, उमंगें परवान चढ़ रही है और हुटूप से मलूटी तक बदलाव और विकास की असीम संभावनाएं दिख रही है।
झारखण्ड का ये दुर्भाग्य रहा है की अब तक यहाँ सरकार ही सबसे बड़ी समस्या रही है, लेकिन ये भी सच है की विकास या बदलाव के लिए हम सिर्फ सरकार के भरोसे नहीं रह सकते। अक्सर बड़े बदलावों का रास्ता आम आदमी के छोटे प्रयासों से निकलता है। बिहार में दशरथ मांझी इसकी मिसाल हैं, पर अब ऐसे प्रयासों से ही झारखण्ड रोशन हो रहा है। किसने सोचा था कि जिस राज्य की राजधानी को हाईटेक बनाने का सपना दशकों तक सपना रहेगा, वहीँ का एक छोटा क़स्बा गूगल और विकिपीडिया पर आ जायेगा। साल 2013 में स्पेन में क्लब स्तर की अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में लाल पाढ पहने लड़कियां जब ब्रोंज मेडल चूम रही थी, तो दुनिया झारखण्ड की राजधानी रांची से 20 किलोमीटर दूर छोटे से गांव हुटूप को ढूंढ रही थी। जिस आँगन में विकास किसी मजाक से कम नहीं था, वहीँ की लड़कियों ने ऐसा गोल मारा की सब बदल गया। विदेशी कोच की मदद से हुटूप की लड़कियां अब विकिपीडिया पर भी पेज बनाकर दुनियाभर को अपने गांव के बारे में बता रही है। उनकी कामयाबी बता रही है की डायन प्रथा से झूझते राज्य में लाडलियां वाकई में लक्ष्मी है। ये एक उदाहरन झारखण्ड की बदलती पहचान का डंका पीटने को काफी है।
हालाँकि ये भी नए झारखण्ड का एक किस्सा मात्र है। उस राज्य में जहाँ की माटी गवाह है की जब भी ज़रूरत पड़ी है, एक योद्धा अपनी संस्कृति की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने को आगे आता रहा है। पहले लड़ाई अपना राज्य पाने की होती थी, अब उसे सहेजने की है। और ऐसी ही लड़ाई का एक योद्धा हैं गोपालदास मुखर्जी। यकीन मानिये पिछले 26 जनवरी को राजपथ पर जब आपने मलूटी मंदिर समूह के रूप में झारखण्ड की झांकी देखी होगी तो इस विरासत ने आपको भी चकित कर दिया होगा। पर जिस तस्वीर ने बरबस आपका ध्यान खींच लिया उस मलूटी में सदियों से टेराकोटा शैली की ये मन्दिरेँ समृद्ध विरासत की बूत बनकर खड़ी रही है। 108 से मंदिरों की संख्या 72 हो गयी, और विरासत के दफ़न होने के कयास लगने लगे, तब से आज तक गोपालदास न सिर्फ मलूटी की रक्षा कर रहे हैं, बल्कि साथ-साथ उस बदलाव का अकेले ख़्वाब देख रहे थे, जिसमें मलूटी राज्य को नयी पहचान दे सकता है। इसी का नतीजा है कि अब केंद्र से लेकर राज्य तक की सरकार मंदिर के संरक्षण के साथ वहां पर्यटन की नयी इबारत लिखने की दिशा में बढ़ चली है।
जरा सोचिये हुटूप में 13-14 साल की लड़कियां और मलूटी में 82 साल के बटु दादा अगर बदलाव के ध्वजवाहक बन सकते हैं तो वहां के युवाओं के जोश-जज्बें की कल्पना कीजियेगा। उन हुनरबाज़ों के बारे में सोचियेगा जो कौशल विकास के अभियान से पहले से राज्य के विकास की किरण बन कर चमक रहे है।
धौनी और दीपिका ने जिस राज्य की नयी पटकथा लिखी थी अब हर रोज वहां एक नयी शानदार कहानी गढ़ी जाती है। हुटूप और मलूटी से आगे -पतरातू तक झारखण्ड लाजवाब लगता है। कल तक खूंखार के नाम से चिर=परिचित खूंटी में अन्धकार में भी सोलर लाइट चमचमाता है, वहां की कचहरी सोलर सेल से जगमगाने वाली देश की पहली कोर्ट है। तो पतरातू के पहाड़ और सुन्दर नज़रें राज्य की ख़ूबसूरती बताने के साथ बाहें फैलाकर पर्यटकों का स्वागत करती है।  फिल्म नीति कैमरों की नज़रों से बदलाव का माहौल दिखाने को तैयार हो रही है तो खेल विश्वविद्यालय नए रणबांकुरों को तराशने की कोशिश में लग रही है, व्यापर करना सुगम हो रहा है तो आसमान में रेल की पटरी बिछाने की बातें हो रही रही है।
इसमें कोई शक नहीं की 15 साल में राज्य को जिस मुकाम पर होना चाहिए था, उससे वो बहुत पीछे छूट गया। पर अब जो परिवर्तन की पटकथा सामने लिखी जाती दिख रही है, उससे बदलाव के सूरज की तपिश महसूस होने लगी है। और यकीं है की इस पटकथा पर बढ़ता राज्य 18-20 साल का होगा तो उसकी तस्वीर विकसित वाली होगी। ये अभिमान नहीं विस्वास है। असीम संभावनाएं वाले झारखण्ड की ताकत है।



2 comments: