नीतीश कुमार की तस्वीरों से सजे पटना के चौक-चौराहे पर नारा चस्पा
दिया गया है- 'बिहार में बहार हो, नीतीशे कुमार हो'. और जहाँ-जहाँ नीतीश इन नारों के
साथ मुस्कुराते दिख रहे हैं, वहीँ नीचे बीजेपी काले अक्षरों से लिख रही है- 'कल तक
के जानी दुश्मन अब सत्ता के यार हैं, हाँ भैया बिहार में बहार है। बिहार में बहार हो
या न हो, पर सिर्फ एक तस्वीर बता दे रही है की बिहार के सियासी गलियारों में सचमुच
बहार है, क्योंकि ये चुनाव बिहार के इतिहास का सबसे दिलचस्प चुनाव है।
देश के प्रधानमंत्री खुले मंच से नीतीश कुमार के डीएनए पर सवाल उठाते
हैं, तो अगले दिन नीतीश हज़ारों बिहारियों के ब्लड सैंपल दिल्ली भिजवा देते हैं। मोदी
स्पेशल पैकेज का ऐलान ऐसे करने लगते हैं, जैसे बिहार के करोड़ों जनता के वोट की बोली
लग रही हो। '50 हज़ार की ज़्यादा, 60 हज़ार की
ज़्यादा, 70 हज़ार की ज़्यादा, 90 हज़ार की ज़्यादा, मैं देता हूँ सवा लाख करोड़ '। और लालू
कह देते हैं की मोदी जी कम चिल्लाइए वर्ना दिमाग फट जाएगा। चुनाव की घोषणा से पहले
जहाँ ऐसा नज़ारा हो, वहां चुनावी दिनों में कैसी बहार होगी, आप खुद अंदाज़ा लगाइये।
अविभाजित बिहार में जन्मा, और जब से होश संभाला तो बिहार की सियासत
का मतलब लालू यादव समझता रहा। राजनीति के उन गलियारों के किस्से सुनता रहा, जहाँ लालू
यादव का कोई विकल्प नहीं था। और जब जरुरत पड़ी तो भी उत्तराधिकारी के तौर पर रातों-रात
उनकी पत्नी राबड़ी देवी को देखा। तस्वीरों में उस बिहार को देखता रहा, जब सडकों पर भैंस,
व्यवस्था में अराजकता और सियासत की गलियों में गुंडाराज ही इस समृद्ध राज्य की पहचान
था। पर उसी बिहार को बदलते भी देखा जब लालू के15 साल पुराने जंगलराज को खत्म करने सामने
आये नीतीश कुमार। इसीलिए समझ नहीं आता वो चुनाव ज्यादा रोमांचक था जब नीतीश लालू को
पटखनी दे रहे थे, या ये चुनाव जहाँ लालू-नीतीश याराना निभा रहे है, और सामने कोई और
नहीं खुद मोदी हैं, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।
लोग कहते थे की दिन में रात हो सकता है, लेकिन बिहार बदल नहीं सकता।
नीतीश कहते थे की मैं ऐसा माहौल बना दूंगा की बिहारी कहलाना अपमान नहीं सम्मान की बात
होगी। और नीतीश के 8-9 साल के सुशासन की सबसे बड़ी उपलब्धि मैं यही मानता हूँ। लालू
कहते रहे की वो बिहार की सडकों को हेमा मालिनी के गाल की तरह बना देंगे, और बिना केंद्र
की मदद के नीतीश ने ऐसा भी कर दिखाया। पर बिहार को बदलते-बदलते नीतीश खुद भी बदल गए,
बीजेपी उन्हें कमल नहीं कीचड़ की तरह लगने लगी और लालटेन की रौशनी सुकून देने लगी। शायद
सुशासन के लिए ये आत्मघाती फैसले जैसा था। और इसी कारन मोदी नीतीश के डीएनए पर भी सवाल
उठाने लगे, ये जानने को की ये धोखेबाज़ी कहाँ की पैदाइश है।
मोदी से नीतीश और लालू अलग-अलग दो-दो हाथ लोकसभा चुनाव के वक़्त कर
चुके है, और उसका हश्र बिहार के साथ पूरा देश देख चूका है। इसीलिए इस बारी जेपी आंदोलन
से उपजे बिहार की सियासत के दोनों महारथी मौसेरे भाई जैसे साथ हैं। वो नीतीश लालू के
साथ हैं, जिनकी सियासत का आधार ही लालू के जंगलराज की खिलाफत रहा है। पर आज जब मोदी
सरकार गुजरात में आरक्षण आंदोलन का सामना कर रही है, उस वक़्त बिहार से लालू-नीतीश मण्डलराज
पार्ट-2 की घोषणा कर रहे हैं। विकास नहीं जाति आधारित राजनीति को फिर चुनावी पैमाना
बना रहे हैं।
ये भी बड़ी वजह है की बिहार का चुनाव सबसे दिलचस्प बनता जा रहा है।
पहली बार सियासत के दो दुश्मन साथ हैं, पहली बार मुख्यमंत्री पद के लिए मुकाबला प्रधानमंत्री
से है, पहली बार जंगलराज और सुशासन साथ है, पहली बार चुनाव से पहले पैकेज के पेड़ से
पैसों की ऐसी बरसात हो रही है। बहुमत के रथ पर सवार होकर वादाखिलाफी झेल रही मोदी सरकार
पहली बार इतना बड़ा इम्तिहान दे रही है, और पहली बार देश दो दुश्मनों की दोस्ती और दो
दोस्तों की दुश्मनी का अंजाम देखेगी। इसीलिए सियासत में दिलचस्पी है तो बिहार में नज़र
बनाये रखिये। क्योंकि सचमुच बिहार में बहार है।

सही लिखे हो दोस्त।।। क्योंकि बिहार में बहार है ।। हेहेहे।।।
ReplyDeleteसही लिखे हो दोस्त।।। क्योंकि बिहार में बहार है ।। हेहेहे।।।
ReplyDelete