सुना था की आम आदमी सोता हुआ शेर है, जाग गया तो चिर-फाड़ देगा।
67 साल वो सोया रहा तो चुनाव में सिर्फ वोटर
कहलाया, वोट देने की हैसियत भर खुद की झोली में रखा। पर जागने पर वो कैसा शेर है इसके
प्रतीक बने अरविन्द केजरीवाल और चिर-फाड़ की गवाह बनी भारतीय जनता पार्टी। 8 महीने पहले
देश की सत्ता पर जोरदार धमक के साथ आये मोदी एंड टीम पिछले एक साल से देश में मोदी
लहर की बात करती रही थी, लेकिन उन्होंने तो सिर्फ बहुमत लाया था, दरअसल लहर किसे कहते
है, आज की पीढ़ी को तो ये आम आदमी पार्टी ने दिखाया। 70 में से 67 सीटों पर जीत को किस
विशेषण से नवाज़ा जाये, इसे बताने के लिए डिक्शनरी पलटनी होगी। कम शब्दों में बस समझ
लीजिये की ये पार्टी नहीं वाकई आम आदमी की जीत है। वो आम आदमी जो रहता भले दिल्ली में
हो पर झुझता है बिजली-पानी की समस्या से ही। जिसके आस-पास आरकेपुरम या ग्रेटर कैलाश
हो, लेकिन लड़ता है वो एक छत के लिए ही है। जो अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचने का ख्वाब
सुनता है, पर अपनी तंगहाली से हर रोज़ दो-चार होता है, जो अमीर भी हो, तो सियासत के
सामने खुद को फ़क़ीर मानता है। ये देश की तरह दिल्ली का मर्म भी था, जिसे अपना नेता मिला,
इसलिए 67 साल की कसक दिल्ली में 67 सीटों से सामने आ गई। एक उम्मीद के साथ जिसका ट्रेलर
केजरीवाल ने सड़क से सरकार चलाकर 49 दिनों में दिखा दिया था और जो 8 महीनों में भी सत्ता
के गलियारें से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नहीं कर सके। झाड़ू मोदी भी चलाते है, पर
क्लीन-स्वीप कैसे होता है ये देश को केजरीवाल बताया। इसीलिए मैं मानता हूँ की 'आप'
की जीत में मोदी की हार है। उस सोच की हार है जो सिर्फ परम्परांगत सियासत की समझ रखती
है, उस सियासत की हार है जहाँ पैराशूट वाले कैंडिडेट्स अब भी चलते है, उस चलन की हार
है जहाँ अपने काजल की कोठरी में बैठकर सियासतदां दूसरों को काला देखते हैं। उन सियासतदानों
की हार है जो अनाप-सनाप बयानबाज़ी को चुनाव जितने का मंत्र मानते है। पर ये जीत सिर्फ
आम आदमी की है। हार मोदी-शाह की पूरी टीम की
है। जिसने एक केजरीवाल से लड़ने के लिए प्रधानमंत्री को मैदान उतार दिया, 170 सांसद
प्रचार में उतर गए, पूरी केंद्र सरकार के साथ १३ राज्यों की बीजेपी सरकार मोदी नाम
का डंका पीटने लगी, आरएसएस स्वयंसेवक जीत का
मैनेज़मेंट करने में जुट गए और मोदी नाम केवलम के साथ बेदी भी उम्मीद की किरण बन गई।
पर समझ नहीं आ रहा की इतने बड़े प्रचार का परिणाम बीजेपी का 31 से 3 पर सिमटना समझे
या साफ होने से बचना माना जाए। पर ये तये है की 8 महीनों में मोदी सरकार का काम हार
गया। मोदी की प्लानिंग पस्त हो गई। तभी तो 'अराजक' केजरीवाल जनता को पसंद आ गए, 'भगोड़े'
केजरीवाल भाग्य बदल गए, एके-49 की नयी पहचान एके-67 हो गई और कांग्रेस के साथ बीजेपी
भी तक़रीबन साफ़ हो गई। चुनाव में विकाश की जगह मोदी एंड टीम ने केजरीवाल पर अपशब्दों
के जितने बाण चलाये वो सब लौटकर उन्हें ही घायल कर गए, आज देश के सामने बीजेपी ही कार्टून
बन गयी। मेरी पत्नी आत्रेयी मुझसे हमेशा कहती है की हमें दूसरों के बारे में हमेशा
अच्छा सोचना चाहिए, और अच्छा ना भी हो तो कम से कम बुरा नहीं सोचे, वरना वो उल्टा हमपे
ही पड़ता है… ये बात मैं समझता हूँ, पर काश ऐसी
बात बीजेपी समझी होती तो आज उसकी हालत ऐसी न होती। खैर अब यहाँ से सियासत के एक नए
युग का आगाज़ होगा। जहाँ कांग्रेस मुक्त होते भारत की सियासत में क्षत्रपों की धमक और
जोरदार रहेगी, और इस चुनाव परिणाम की गूंज दूर तलक सुनाई देगी क्योंकि मोदी जी कहते
है की जो दिल्ली का मूड है वही देश का मूड है। जय हिन्द। आम आदमी की जय।

शाबास सर।
ReplyDelete